ePaper

एशिया कप SL vs BAN : बांग्‍लादेश की श्रीलंका पर धमाकेदार जीत, 23 रन से हराया

Updated at : 28 Feb 2016 6:58 PM (IST)
विज्ञापन
एशिया कप SL vs BAN : बांग्‍लादेश की श्रीलंका पर धमाकेदार जीत, 23 रन से हराया

मीरपुर : शब्बीर रहमान की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से बांग्लादेश ने एशिया कप ट्वेंटी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में आज यहां श्रीलंका को 23 रन से हराकर अपनी उम्मीदें जीवंत रखी. शब्बीर ने 54 गेंदों पर दस चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन बनाये. उन्होंने शाकिब अल हसन […]

विज्ञापन

मीरपुर : शब्बीर रहमान की करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन से बांग्लादेश ने एशिया कप ट्वेंटी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में आज यहां श्रीलंका को 23 रन से हराकर अपनी उम्मीदें जीवंत रखी. शब्बीर ने 54 गेंदों पर दस चौकों और तीन छक्कों की मदद से 80 रन बनाये. उन्होंने शाकिब अल हसन (34 गेंदों पर 32 रन) के साथ चौथे विकेट के लिये 82 रन जोड़कर बांग्लादेश को शुरुआती झटकों से उबारा.

बाद में महमुदुल्लाह ने 12 गेंदों पर नाबाद 23 रन की तेजतर्रार पारी खेली जिससे बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 147 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में श्रीलंका के बल्लेबाज शुरु से ही रन बनाने के लिये जूझते रहे. बांग्लादेश के गेंदबाजों ने सटीक लाइन वे लेंथ से गेंदबाजी की और बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. इससे श्रीलंका की टीम आखिर में आठ विकेट पर 124 रन ही बना पायी और उसे टूर्नामेंट में पहली हार का सामना करना पड़ा.

बांग्लादेश की यह तीन मैचों में दूसरी जीत है. श्रीलंका की तरफ से विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश चांदीमल ने सर्वाधिक 37 रन बनाये. बांग्लादेश के लिये अल अमीन हुसैन ने 34 रन देकर तीन और शाकिब ने 21 रन देकर दो विकेट लिये. मुस्तफिजुर रहमान ने डेथ ओवरों में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने चार ओवर में 19 रन देकर एक विकेट हासिल किया.

श्रीलंका ने अनुभवी तिलकरत्ने दिलशान (12) का विकेट जल्दी गंवा दिया लेकिन इसके बाद चांदीमल और शेहान जयसूर्या (26) ने सहजता से पारी आगे बढायी और दूसरे विकेट के लिये 47 गेंदों पर 56 रन की साझेदारी की. लेकिन इसके बाद श्रीलंका ने 16 रन के अंदर इन दोनों बल्लेबाजों सहित चार विकेट गंवा दिये.

चांदीमल ने महमुदुल्लाह पर रिवर्स स्वीप से लंबा शाट खेलने के प्रयास में डीप प्वाइंट पर कैच दिया जबकि शाकिब ने जयसूर्या को स्टंप आउट कराया. तिसारा परेरा (चार) और मिलिंदा श्रीवर्धने (तीन) भी आते ही पवेलियन लौट गये.

रन और गेंदों के बीच अंतर काफी बढ़ गया था और ऐसे में लेसिथ मालिंगा के चोटिल होने के कारण कप्तानी कर रहे एंजेलो मैथ्यूज (20 गेंद पर 12 रन) के आउट होने से श्रीलंका की रही सही उम्मीद भी समाप्त हो गयी. इससे पहले बांग्लादेश के दोनों सलामी बल्लेबाज मोहम्मद मिथुन और सौम्या सरकार पहले दो ओवरों में पवेलियन लौट गये. ये दोनों खाता खोलने में भी नाकाम रहे.

मुशफिकर रहीम भी चार रन बनाकर रन आउट हो गये जिससे स्कोर तीन विकेट पर 26 रन हो गया. शब्बीर हालांकि दूसरे छोर से रन बनाते रहे. बांग्लादेश की पारी के पहले 16 ओवरों में शब्बीर के रुप में ‘वन मैन शो’ ही देखने को मिला. पहले तीन ओवरों में केवल छह रन बने थे लेकिन पारी के चौथे ओवर में शब्बीर ने नुवान कुलशेखरा की पहली चार गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का जड़कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया.

उन्होंने पहले बदलाव के रुप में आये तिसारा परेरा का स्वागत लगातार तीन चौकों से किया. शाकिब को रन बनाने के लिये संघर्ष करना पड़ा लेकिन शब्बीर ने शेहान जयसूर्या पर छक्का जड़कर टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपना तीसरा अर्धशतक पूरा किया. उन्होंने इस गेंदबाज की अगली दो गेंदों पर भी चौके लगाये. दुशमंता चमीरा (30 रन देकर तीन विकेट) की गेंद पर छक्का लगाने के बाद उन्होंने डीप मिडविकेट कैच थमाया. चमीरा ने अपने अगले ओवर में शाकिब को विकेट के पीछे कैच कराया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola