टी-20 मुकाबला : कल अंतिम मैच में प्रतिष्ठा बचाने उतरेगी टीम इंडिया

-मैच का समय : शाम सात बजे से- कोलकाता : भारतीय टीम सही संयोजन तलाशकर कल तीसरे और आखिरी टी20 क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को परास्त करने के इरादे से उतरेगी, ताकि वनडे श्रृंखला से पहले खोया मनोबल हासिल करके प्रतिष्ठा बचा सके.कटक में दूसरे मैच में छह विकेट से जीत दर्ज करके दक्षिण […]
-मैच का समय : शाम सात बजे से-
कोलकाता : भारतीय टीम सही संयोजन तलाशकर कल तीसरे और आखिरी टी20 क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को परास्त करने के इरादे से उतरेगी, ताकि वनडे श्रृंखला से पहले खोया मनोबल हासिल करके प्रतिष्ठा बचा सके.कटक में दूसरे मैच में छह विकेट से जीत दर्ज करके दक्षिण अफ्रीका ने श्रृंखला में 2 – 0 की विजयी बढ़त बना ली. उस मैच में मेजबान टीम 92 रन पर आउट हो गयी जो उसका दूसरा न्यूनतम स्कोर है. यही नहीं दर्शकों की बदसलूकी के कारण मैच दो बार बाधित भी हुआ.
भारत का सूपड़ा साफ करने के इरादे से उतरेंगे : डेविड मिलर
कोलकाता : लगातार दो मैचों में मिली जीत से उत्साहित दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर ने कहा कि उनकी टीम कल तीसरा और आखिरी टी20 क्रिकेट मैच जीतकर भारत का सूपड़ा साफ करने के इरादे से ही उतरेगी.मिलर ने तीसरे और आखिरी टी20 मैच से एक दिन पहले कहा ,‘‘ हम 2 – 0 से आगे हैं और इसे 3 – 0 करके ही दम लेंगे. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लय और आत्मविश्वास की भूमिका अहम होती है. हमारी तैयारी अच्छी है और उम्मीद है कि हम कल भी इस लय को कायम रखेंगे.’
उन्होंने कहा ,‘‘ श्रृंखला में 2 – 0 से आगे रहकर यहां आना बहुत अच्छा लग रहा है. यह श्रृंखला काफी बड़ी है और जीत भी बड़ी होगी. हम यहां काफी अपेक्षाओं के साथ आये थे और खुद पर अच्छे प्रदर्शन का दबाव डाला था. भारतीय टी20 टीम बहुत अच्छी है जिसमें कई बड़े खिलाड़ी है. उसे हराकर टी20 विश्व कप से पहले मनोबल काफी बढ़ा है.’ मिलर ने कहा ,‘‘ हम इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगे और साल के आखिर में आस्ट्रेलिया से खेलना है. हमें अधिक से अधिक आत्मविश्वास लेने की जरूरत है और इस श्रृंखला से वह मिला है.’
दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स आज अभ्यास के लिए नहीं आये लेकिन मिलर ने कहा कि यह कोई मसला नहीं है. उन्होंने कहा ,‘‘ आज वैकल्पिक अभ्यास था जिसमें कुछ खिलाड़ियों ने अवकाश ले लिया था. यह लंबा सप्ताह रहा जिसमें हमने कई मैच खेले और यात्राएं की. उम्मीद है कि एबी कल खेलेगा. हो सकता है कि कुछ खिलाड़ियों को आराम दिया जाये.
उन्होंने कहा कि आईपीएल के अनुभव से दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटरों को काफी मदद मिली. उन्होंने कहा ,‘‘ यह अविश्वसनीय टूर्नामेंट है. इससे कई खिलाड़ियों को मौका मिला और दक्षिण अफ्रीका के क्रिकेटरों को भारतीय हालात में खुद को ढालने का मौका मिला. हमें घर जैसा लगता है.’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




