ePaper

#NZvsIND : न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में बल्लेबाजों ने डुबोई भारत की नैया

Updated at : 06 Feb 2019 5:47 PM (IST)
विज्ञापन
#NZvsIND : न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 में बल्लेबाजों ने डुबोई भारत की नैया

वेलिंगटन : बेहतरीन स्विंग गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी एक बार फिर उजागर हो गई और पहले टी20 मैच में बुधवार को न्यूजीलैंड ने उसे 80 रन से हरा दिया जो रनों के अंतर से इस प्रारूप में टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार है. ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक दौरे के बाद न्यूजीलैंड को […]

विज्ञापन

वेलिंगटन : बेहतरीन स्विंग गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाजों की कमजोरी एक बार फिर उजागर हो गई और पहले टी20 मैच में बुधवार को न्यूजीलैंड ने उसे 80 रन से हरा दिया जो रनों के अंतर से इस प्रारूप में टीम इंडिया की सबसे बड़ी हार है.

ऑस्ट्रेलिया के ऐतिहासिक दौरे के बाद न्यूजीलैंड को वनडे शृंखला में 4-1 से हराने वाली भारतीय टीम गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों में उन्नीस साबित हुई. न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर युवा टिम सीफर्ट के 43 गेंद में आक्रामक 84 रन की मदद से चार विकेट खोकर 219 रन बनाये.

जवाब में नियमित कप्तान विराट कोहली के बगैर उतरी पूरी भारतीय टीम 19.2 ओवर में 139 रन पर आउट हो गई. इससे पहले रनों के अंतर से भारत की सबसे बड़ी हार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मई 2010 में ब्रिजटाउन में थी जब उसे 49 रन से पराजय झेलनी पड़ी थी.

इसे भी पढ़ें…

इन वजहों से हारी भारतीय टीम, धौनी भी नहीं कर पाये चमत्‍कार

भारत की शुरुआत ही बेहद खराब रही और विकेट नियमित अंतराल पर गिरते रहे. टिम साउदी ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट लिये. कार्यवाहक कप्तान रोहित शर्मा(एक) तीसरे ही ओवर में साउदी की गेंद पर लोकी फर्ग्युसन को कैच देकर लौटे.

शिखर धवन और विजय शंकर ने दूसरे विकेट के लिये 46 रन जोड़े जो भारत के लिये सबसे बड़ी साझेदारी थी. धवन 18 गेंद में दो चौकों और तीन छक्कों के साथ 29 रन बनाकर फर्ग्युसन का शिकार हुए. भविष्य के महेंद्र सिंह धौनी कहे जा रहे ऋषभ पंत के लिये यह सुनहरा मौका था लेकिन चार रन बनाकर वह मिशेल सेंटनर का शिकार हुए.

सेंटनर ने शंकर (18 गेंद में 27 रन) को भी कोलिन डि ग्रांडहोमे के हाथों लपकवाया. निचले क्रम में कृणाल पांड्या (20) को छोड़कर कोई दोहरे अंक तक नहीं पहुंच सका. जुलाई के बाद भारतीय टी20 टीम में वापसी करने वाले धौनी 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर आउट हुए.

उन्होंने 31 गेंद में 39 रन बनाये जिसमें पांच चौके और एक छक्का शामिल था. इससे पहले युवा विकेटकीपर बल्लेबाज टिम सीफर्ट ने भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 43 गेंद में 84 रन बनाये जिसकी मदद से न्यूजीलैंड ने छह विकेट पर 219 रन का स्कोर बनाया.

टी20 क्रिकेट में सीफर्ट का पिछला सर्वोच्च स्कोर 14 रन था. उसे आज कोलिन मुनरो के साथ पारी का आगाज करने भेजा गया. दोनों ने सिर्फ 8.2 ओवर में 86 रन जोड़कर टीम को आक्रामक शुरुआत दी. सीफर्ट ने अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाये. सीफर्ट ने भुवनेश्वर कुमार को मिडविकेट पर छक्का और अगली गेंद पर चौका लगाकर अपने तेवर जाहिर किये.

दूसरी ओर मुनरो ने खलील अहमद को लगातार दो छक्के लगाये. न्यूजीलैंड ने पहले चार ओवर में 44 रन जोड़े. सीफर्ट को कृणाल पांड्या के ओवर में जीवनदान मिला जब विकेट के पीछे महेंद्र सिंह धौनी ने उनका कैच छोड़ा. उसने हार्दिक पांड्या के ओवर में भी एक छक्का और चौका जड़ा.

आखिर में इस खतरनाक साझेदारी को कृणाल ने तोड़ा जब मुनरो ने डीप में विजय शंकर को कैच थमाया. इसके बाद भी सीफर्ट ने रनगति कम नहीं होने दी और कृणाल को दो छक्के लगाये. आम तौर पर किफायती गेंदबाजी करने वाले स्पिनर युजवेंद्र चहल भी महंगे साबित हुए और चार ओवर में 35 रन दे डाले. खलील ने हालांकि सीफर्ट को शतक नहीं जमाने दिया और क्लीन बोल्ड करके पवेलियन भेजा. कप्तान केन विलियमसन ने बाद में 22 गेंद में 34 और स्काट कुगेलिन ने सात गेंद में नाबाद 20 रन बनाये.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola