ePaper

दिवाली से पहले नवाबों के शहर लखनऊ में 24 साल बाद फूटेंगे चौके-छक्कों के पटाखे

Updated at : 04 Nov 2018 1:45 PM (IST)
विज्ञापन
दिवाली से पहले नवाबों के शहर लखनऊ में 24 साल बाद फूटेंगे चौके-छक्कों के पटाखे

लखनऊ : करीब 24 साल बाद शाम-ए-अवध दीपावली की पूर्व संध्या पर चौकों-छक्कों की गूंज से गूंजेगा. मौका होगा राजधानी के नये नवेले इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच छह नवंबर को होने वाले दूसरे टी-20 क्रिकेट मुकाबले का, जिसके गवाह होंगे नवाबों के शहर के करीब 50 हजार क्रिकेट प्रेमी. इसके […]

विज्ञापन

लखनऊ : करीब 24 साल बाद शाम-ए-अवध दीपावली की पूर्व संध्या पर चौकों-छक्कों की गूंज से गूंजेगा. मौका होगा राजधानी के नये नवेले इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच छह नवंबर को होने वाले दूसरे टी-20 क्रिकेट मुकाबले का, जिसके गवाह होंगे नवाबों के शहर के करीब 50 हजार क्रिकेट प्रेमी.

इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की राजधानी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी का पिछले लगभग ढाई दशक से चला आ रहा सूखा भी खत्म हो जायेगा. लखनऊ में आखिरी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच जनवरी, 1994 में भारत और श्रीलंका के बीच केडी सिंह बाबू स्टेडियम में टेस्ट मैच के रूप में खेला गया था. इसके बाद सारे अंतरराष्ट्रीय और आइपीएल मैच कानपुर में आयोजित किये गये.

अत्याधुनिक इकाना स्टेडियम में मैच देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह है. स्टेडियम की क्षमता 50 हजार दर्शकों की है और यहां मैदान के हर कोने से दर्शक मैच का भरपूर लुत्फ उठा सकते हैं. इस स्टेडियम में नौ पिच हैं. शानदार ड्रेसिंग रूम है और दूधिया रोशनी का शानदार इंतजाम है. इकाना स्पोर्ट्स सिटी के प्रबंध निदेशक उदय सिन्हा ने रविवार को बताया कि इस मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमी बेहद रोमांचित हैं.

उन्होंने कहा, ‘क्रिकेट प्रेमियों में मैच को लेकर इतनी अधिक दीवानगी है कि आॅनलाइन टिकट कुछ घंटों में ही खत्म हो गये, जबकि आॅफलाइन टिकटों के लिए दो दिन तक लंबी कतारें लगी रहीं. मैच शुरू से होने से तीन दिन पहले एक भी टिकट नही बचा है. ऐसी स्थिति तब है, जबकि मैच का सबसे कम टिकट 1000 रुपये का था. बाॅक्स का टिकट करीब 23 हजार रुपये का था.’

उत्तर प्रदेश क्रिकेट संघ के निदेशक एसके अग्रवाल ने बताया कि लखनऊ में करीब 24 साल बाद कोई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होगा. इसलिए यूपीसीए इसे सफल बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहा है.

अग्रवाल ने कहा, ‘मैच को देखने के लिए लखनऊ के अलावा पास के जिलों उन्नाव, कानपुर, बाराबंकी और रायबरेली के दर्शक आ रहे हैं. इसलिए क्रिकेट प्रेमियों की सुरक्षा और उनके आराम से मैच देखने के सभी इंतजाम कर लिये गये हैं.’

उन्होंने बताया कि मैच की सभी तैयारियों का जायजा स्वयं आइपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला ले रहे हैं. इसके अलावा, यूपीसीए के सभी पदाधिकारी पिछले 15 दिनों से लखनऊ में डेरा डाले हुए हैं. उन्हें कानपुर के ग्रीन पार्क में कई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन का अच्छा अनुभव है.

मैच देखने आयेंगे राज्यपाल नाइक और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

इकाना स्टेडियम में होने वाले इस टी-20 मैच को देखने के लिए प्रदेश के राज्यपाल राम नाइक, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई कैबिनेट मंत्रियों के मौजूद रहने का कार्यक्रम है. राज्यपाल व मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के कारण जिला प्रशासन स्टेडियम परिसर के अंदर व बाहर चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम की तैयारियों में जुट गया है.

24 घंटे काम करेगा कंट्रोल रूम, लगेंगे हाई-पावर सीसीटीवी कैमरे

जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने बताया कि मैच में 50 हजार से अधिक दर्शक जुटने की संभावना को देखते हुए तैयारियां पूरी कर लीगयीहै. इस दौरान स्टेडियम में खाने का सामान व पानी लेकर जाने पर प्रतिबंध रहेगा. स्टेडियम की सुरक्षा का जिम्मा क्षेत्र और सेक्टर के अनुसार पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों पर होगा. मैच वाले दिन एक कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा. स्टेडियम के बाहर व अंदर की निगरानी हाई-पावर सीसीटीवी कैमरे करेंगे.

दर्शकों को स्टेडियम तक पहुंचाने के लिए चलेगी शटल बसें

जिलाधिकारी ने बताया कि अलग-अलग प्रवेश द्वार पर 65 ट्रांस स्टाइल मशीनें (बार कोड स्कैन करने वाली मशीन) लगायी गयी हैं. दर्शक को इन्हीं प्वाइंट पर टिकट व पास दिखाना होगा. प्रशासन ने शहर के हर प्रमुख इलाके से स्टेडियम तक के लिए विशेष शटल बस सेवा का संचालन करने का इंतजाम भी किया है. जिलाधिकारी शर्मा ने बताया कि दर्शकों को शहर के हर इलाके से स्टेडियम तक पहुंचाने के लिए सिटी बस सेवा व रोडवेज की 50 शटल बसों को लगाया जायेगा.

किसी भी अनहोनी से निबटने के रहेंगे तमाम इंतजाम

मैच के दौरान किसी भी तरह की अनहोनी से निबटने के लिए स्टेडियम के बाहर व अंदर चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस हर वक्त तैयार रखने के निर्देश दिये गये हैं. साथ ही लोहिया अस्पताल व लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान को अलर्ट पर रखा गया है. शर्मा ने कहा कि परिसर में पानी के पर्याप्त इंतजाम किये जायेंगे. इसके अलावा एफएसडीए की जिला इकाई को भी स्टेडियम के किचन व कैंटीन की खानपान सुरक्षा की निगरानी करने को कहा गया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola