ePaper

चैंपियंस ट्रॉफी 2017 : तमीम के अर्धशतक के बावजूद बांग्लादेश 182 रन पर सिमटा AUS 83/1 (16.0 Ovs)

Updated at : 05 Jun 2017 6:28 PM (IST)
विज्ञापन
चैंपियंस ट्रॉफी 2017 : तमीम के अर्धशतक के बावजूद बांग्लादेश 182 रन पर सिमटा AUS 83/1 (16.0 Ovs)

लंदन : अच्छी फार्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल की 95 रन की पारी के बावजूद बांग्लादेश आईसीसी चैम्पियंस ट्राफी के ग्रुप ए मैच में आज यहां आस्ट्रेलिया के खिलाफ 182 रन पर ढेर हो गया. तमीम ने 114 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के मारे. उन्होंने शाकिब अल […]

विज्ञापन

लंदन : अच्छी फार्म में चल रहे सलामी बल्लेबाज तमीम इकबाल की 95 रन की पारी के बावजूद बांग्लादेश आईसीसी चैम्पियंस ट्राफी के ग्रुप ए मैच में आज यहां आस्ट्रेलिया के खिलाफ 182 रन पर ढेर हो गया. तमीम ने 114 गेंद की अपनी पारी में छह चौके और तीन छक्के मारे. उन्होंने शाकिब अल हसन (29) के साथ चौथे विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी भी की. इन दोनों के अलावा सिर्फ मेहदी हसन मिराज (14) ही दोहरे अंक में पहुंच गये.

ये भी पढ़ें… पाकिस्तान चारो खाने चित, जानें जीत की पांच बड़ी वजह

आस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क ने 29 रन देकर चार जबकि एडम जंपा ने 13 रन देकर दो विकेट चटकाए जिससे बांग्लादेश की टीम 44.3 ओवर में सिमट गयी. बांग्लादेश के कप्तान मशरेफ मुर्तजा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया लेकिन आस्ट्रेलिया की धारदार गेंदबाजी के सामने उनके बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई.

बांग्लादेश की शुरुआत काफी धीमी रही. सौम्य सरकार 11 गेंद में सिर्फ तीन रन बनाने के बाद जोश हेजलवुड (40 रन पर एक विकेट) की गेंद पर विकेटकीपर मैथ्यू वेड को कैच दे बैठे. इमरुल कायेस ने भी 16 गेंद में छह रन बनाने के बाद पैट कमिंस (22 रन पर एक विकेट) की गेंद पर कवर प्वाइंट पर आरोन फिंच को कैच थमाया.

ये भी पढ़ें… नहीं सुधरे तो हम भारत से यूं ही हारते रहेंगे : इमरान खान

मोइजेस हेनरिक्स (30 रन पर एक विकेट) ने इसके बाद मुशफिकुर रहीम (09) को पगबाधा करके बांग्लादेश का स्कोर 17वें ओवर में तीन विकेट पर 53 रन किया. तमीम और शाकिब ने कुछ देर के लिए विकेट के पतन पर विराम लगाया. शाकिब ने हेनरिक्स पर चौके के साथ खाता खोला लेकिन 11 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब मिशेल स्टार्क की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर ग्लेन मैक्सवेल ने उनका कैच टपका दिया.

तमीम ने हेनरिक्स के ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़ने के बाद ट्रेविस हेड (33 रन पर एक विकेट) की गेंद पर एक रन के साथ 69 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. तमीम ने हेड की लगातार गेंदों पर छक्के भी जड़े लेकिन इस स्पिनर ने इसी ओवर में शाकिब को पगबाधा कर दिया. शाकिब ने डीआरएस का सहारा लिया लेकिन उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा.

तमीम ने एक छोर संभाले रखा लेकिन लेग स्पिनर जंपा ने शब्बीर रहमान (08) को कप्तान स्मिथ के हाथों कैच कराके बांग्लादेश को पांचवां झटका दिया. महमूदुल्लाह (08) ने मैक्सवेल पर छक्का जड़ा लेकिन जंपा ने उन्हें भी बोल्ड कर दिया. तमीम भी इसके बाद रन गति बढाने की कोशिश में 43वें ओवर में स्टार्क की गेंद को हवा में लहरा गये और लांग लेंग पर हेजलवुड ने उनका आसान कैच लपका.

स्टार्क ने एक गेंद बाद लगातार गेंदों पर मुर्तजा (00) और रुबेल हुसैन (00) को बोल्ड किया. हैट्रिक गेंद पर मुस्तफिजुर रहमान (नाबाद 01) भी बोल्ड होने से बचे. स्टार्क ने अगले ओवर में मेहदी हसन को बोल्ड करके बांग्लादेश की पारी का अंत किया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola