ePaper

क्या टीम इंडिया, टीम हिंदुत्व है? सोशल मीडिया पर भिड़े आकाश चोपड़ा और बिहार के सीनियर पत्रकार रिफत जावेद

Updated at : 26 Feb 2026 1:21 PM (IST)
विज्ञापन
Aakash Chopra and Rifat Jawaid

आकाश चोपड़ा और रिफत जावेद

Aakash Chopra vs Rifat Jawaid : सैयद मुश्ताक अली, मंसूर अली खान पटौदी, मोहम्मद अजहरुद्दीन, जहीर खान, इरफान पठान ये कुछ ऐसे नाम हैं, जिनपर भारतीय क्रिकेट टीम को गर्व रहा है. अब उसी टीम पर सीनियर पत्रकार रहे रिफत जावेद यह आरोप लगा रहे हैं कि यह टीम इंडिया नहीं टीम हिंदुत्व है. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि कि आखिर उनके मन में या किसी के भी मन में यह सवाल आया, तो क्यों आया या यह महज प्रोपेगेंडा है.

विज्ञापन

Aakash Chopra vs Rifat Jawaid : जनता का रिपोर्टर वेबसाइट चलाने वाले सीनियर पत्रकार रिफत जावेद और पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा के बीच सोशल मीडिया एक्स (ट्विटर) पर तीखी बहस चल रही है. आरोप प्रत्यारोप का दौर इस कदर जारी है कि आकाश चोपड़ा के क्रिकेटर करियर और रिफत जावेद की पत्रकारिता की जिम्मेदारियों पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. आइए समझते हैं कि आखिर अपने–अपने क्षेत्र के इन दो दिग्गजों में किस बात को लेकर शब्दों के बाण चल रहे हैं.

आकाश चोपड़ा और रिफत जावेद के बीच बहसबाजी क्यों शुरू हुई?

आकाश चोपड़ा और रिफत जावेद के बीच बहस की शुरुआत टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच के बाद शुरू हुई. दरअसल 22 फरवरी को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सुपर 8 का मुकाबला हुआ, जिसमें भारत की टीम दक्षिण अफ्रीका के सामने पस्त हो गई. इस मैच के बाद रिफत जावेद ने एक सोशल मीडिया पोस्ट एक्स पर लिखा, जिसमें उन्होंने टीम इंडिया को टीम हिंदुत्व बताते हुए लिखा –साउथ अफ्रीका ने टीम हिंदुत्व को बेइज्जत किया. कट्टर @GautamGambhir और @imAagarkar को लगता है कि कम्युनल एजेंडा उन्हें वर्ल्ड कप जिता सकता है. सपने देखते रहो!!


रिफत जावेद के इस पोस्ट के बाद आकाश चोपड़ा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और लिखा कि क्या एक सीनियर पत्रकार जो टीवी टुडे का पूर्व मैनेजिंग एडिटर रहा हो, जो 12 साल तक बीबीसी का एडिटर रहा हो उस इंसान की सोच इतनी बुरी हो सकती है. आकाश चोपड़ा ने लिखा कि इंडियन क्रिकेट इस बात का एक शानदार उदाहरण है कि मेरिटोक्रेसी (क्षमता और योग्यता के अनुसार पद दिया जाना) को कैसे सेलिब्रेट किया जाता है. आकाश चोपड़ा ने रिफत जावेद से यह सवाल पूछा कि 15 तारीख को टीम इस्लाम इंडिया से हार गई थी? आकाश चोपड़ा ने अपने पोस्ट में पाकिस्तान का जिक्र करते हुए यह भी लिखा कि दानिश कनेरिया ने अपने अनुभव से बताया था कि वहां क्या होता है. हमारे पड़ोसियों के बारे में आपकी क्या राय है? आकाश ने यह भी पूछा है कि क्या यह रिफत जावेद का फेक एकाउंट है?

सिराज और शमी को टीम में शामिल ना करने से नाराज हैं रिफत जावेद

आकाश चोपड़ा ने जब भारतीय टीम को हिंदुत्व टीम बताए जाने का विरोध किया और पाकिस्तान की उस पोस्ट में चर्चा की तो रिफत जावेद भड़क गए और उन्होंने आकाश को टैग करके लिखा कि आपने पाकिस्तान को इसमें घसीटकर अपनी संघी सोच दिखाई. आपने मेरी बात को साबित कर दिया कि यह टीम हिंदुत्व है. सिराज ने पहले मैच में 3 विकेट लिया, लेकिन उसे अगले 4 मैचों के लिए बाहर कर दिया जाता है. इंडिया सरफराज और शमी को भी दरकिनार कर रही है, जबकि उनका प्रदर्शन हमेशा अच्छा रहा है. शमी को बाहर करने के बारे में पूछे जाने पर अगरकर मुस्कुरा रहे हैं. क्या यह टीम हिंदुत्व नहीं है?

रिफत के इस जवाब के बाद आकाश नहीं रूके और उन्होंने लिखा कि साॅरी मेरा पाकिस्तान का नाम लेना आपको अच्छा नहीं लगा. माफ कीजिएगा मैंने आपकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई. साउथ अफ्रीका से हारने के बाद जिस टीम को आपने टीम हिंदुत्व का तमगा दिया उस टीम ने 2024 के टी20 वर्ल्ड कप के पहले गेम के बाद से ICC व्हाइट-बॉल टूर्नामेंट में हर एक मैच जीता था. एक हार से आपने टीम पर धर्म के आधार पर भेदभाव का आरोप लगाकर अपनी सोच को दिखाया है.

आकाश और रिफत जावेद के बहस पर भिड़े समर्थक

आकाश चोपड़ा और रिफत जावेद के बीच जो बहस हुई उसके बाद पोस्ट पर कई तरह के कमेंट आने लगे, जिनमें से कई बहुत ही विवादित हैं. धार्मिक कमेंट भी आने लगे और आकाश चोपड़ा पर धर्म के आधार पर भेदभाव करने का आरोप लगा, तो कइयों ने यह भी कहा कि भारतीय टीम में हमेशा ही मुसलमान रहे हैं, यह रिफत जावेद की कट्टर सोच है.

भारतीय क्रिकेट टीम के मुसलमान खिलाड़ी जिन्होंने अहम योगदान दिया

भारतीय क्रिकेट टीम में चयनकर्ताओं ने कभी धर्म के आधार पर भेदभाव किया हो, इसके प्रमाण कभी मिले नहीं. स्वतंत्रता से पहले से ही टीम क्रिकेट खेलती रही है और उस वक्त भी टीम में मुस्लिम खिलाड़ी थे. मोहम्मद निसार टीम इंडिया के पहले फास्ट बाॅलर में गिने जाते हैं. सैयद मुश्ताक अली भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर बैट्‌समैन थे, जिन्होंने विदेश में पहला शतक जड़ा था. मोहम्मद निसार और सैयद मुश्ताक अली के नाम पर देश में क्रिकेट टूर्नामेंट भी खेला जाता है. मंसूर अली खान पटौदी, भारतीय टेस्ट टीम के सबसे युवा कप्तान थे. इनके अलावा भी कई नाम है जिनमें मोहम्मद अजहरुद्दीन, ये भी टीम के कप्तान रहे. जहीर खान, इरफान पठान, युनूस पठान, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी जैसे नाम से तो सभी वाकिफ हैं.

विभिन्न विषयों पर एक्सप्लेनर और विशेष आलेख पढ़ने के लिए क्लिक करें

कौन है रिफत जावेद?

रिफत जावेद सीनियर पत्रकार हैं और उन्होंने बीबीसी और टीवी टुडे के लिए भी काम किया है. रिफत जावेद बिहार के मुजफ्फरपुर के रहने वाले हैं और उन्होंने 12 सालों तक बीबीसी के लिए संपादक के तौर पर काम किया है. वे टीवी टुडे में मैनेजिंग एडिटर भी रहे हैं और जनता का रिपोर्टर नाम का वेबसाइट चलाते हैं. रिफत जावेद के बारे में यह कहा जाता है कि वे इस्लामिक मामलों को लेकर काफी मुखर रहते हैं और इस वजह से वे कई बार विवादों में भी रहे हैं.

ये भी पढ़ें : केरलम को हां, बांग्ला को ना क्यों? राज्यों और शहरों का नाम बदलने की प्रक्रिया और राजनीति

लिव इन पार्टनर के प्राइवेट पार्ट को सेनेटाइजर से जलाना, मानसिक विकृति का उदाहरण; बच्चों को संभालिए वरना…

क्या आप जानते हैं कोर्ट मैरिज करने के लिए माता–पिता की सहमति जरूरी है या नहीं?

विज्ञापन
Rajneesh Anand

लेखक के बारे में

By Rajneesh Anand

राजनीति,सामाजिक, इतिहास, खेल और महिला संबंधी विषयों पर गहन लेखन किया है. तथ्यपरक रिपोर्टिंग और विश्लेषणात्मक लेखन में रुचि. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक. IM4Change, झारखंड सरकार तथा सेव द चिल्ड्रन के फेलो के रूप में कार्य किया है. पत्रकारिता के प्रति जुनून है. प्रिंट एवं डिजिटल मीडिया में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola