राजनीति माने यू-टर्न और भगदड़

Published at :25 Mar 2014 6:01 AM (IST)
विज्ञापन
राजनीति माने यू-टर्न और भगदड़

।। प्रमोद जोशी ।। वरिष्ठ पत्रकार आज की राजनीति का कड़वा सच यही है कि कोई भी पार्टी केवल लोकतांत्रिक मूल्यों व मर्यादाओं के आधार पर फैसले नहीं करती. फिलहाल राजनीति एक गणित है, नंबर का गेम है. चुनाव परिणाम आने दीजिए. इस भगदड़ का फाइनल राउंड तभी शुरू होगा. प्रमोद मुतालिक भाजपा में शामिल […]

विज्ञापन

।। प्रमोद जोशी ।।

वरिष्ठ पत्रकार

आज की राजनीति का कड़वा सच यही है कि कोई भी पार्टी केवल लोकतांत्रिक मूल्यों व मर्यादाओं के आधार पर फैसले नहीं करती. फिलहाल राजनीति एक गणित है, नंबर का गेम है. चुनाव परिणाम आने दीजिए. इस भगदड़ का फाइनल राउंड तभी शुरू होगा.

प्रमोद मुतालिक भाजपा में शामिल क्यों हुए और महज पांच घंटे के भीतर पार्टी से बाहर क्यों कर दिये गये? क्या वजह है कि पार्टी को जसवंत सिंह, लाल कृष्ण आडवाणी और हरिन पाठक जैसे वरिष्ठ नेताओं की उपेक्षा करनी पड़ती है? यह कहानी सिर्फ भाजपा की नहीं है. बूटा सिंह, सतपाल महाराज, सीके जाफर शरीफ, डी पुरंदेश्वरी और जगदंबिका पाल जैसे नेताओं ने कांग्रेस क्यों छोड़ी? राम कृपाल यादव और राम विलास पासवान ने अपना भाजपा-विरोध क्यों त्यागा? बंगाल में माकपा विधायक पार्टी छोड़ कर तृणमूल कांग्रेस में शामिल क्यों हो रहे हैं? ये कुछ सवाल हमारे मन में तो आते हैं, पर हम उन्हें पूछते नहीं. हमने मान लिया है कि राजनीति में यह सब जायज है.

क्षेत्रीय और नितांत स्थानीय स्तर पर जायेंगे, तो इन राजनेताओं की सूची खूब लंबी है. चुनाव के ठीक पहले लगभग सभी पार्टियों में भगदड़ मचती है. यह चलन नया नहीं है. इसके विपरीत हेमा मालिनी, नगमा, गुल पनाग, किरण खेर, मिथुन चक्रवर्ती, मुनमुन सेन, परेश रावल, जादूगर पीसी सरकार जूनियर से लेकर बाइचुंग भूटिया और मोहम्मद कैफ जैसे लोग टिकट पा रहे हैं. ये लोग राजनीति में सक्रिय नहीं रहे. मान लिया कि हेमा मालिनी और मिथुन चक्रवर्ती का राजनीति से रिश्ता अपेक्षाकृत पुराना है. लेकिन बहुत से प्रत्याशी नये क्षेत्रों से आ रहे हैं.

आम आदमी पार्टी (आप) ने ऐसे लोगों को टिकट दिये हैं, जो राजनीति के बजाय किसी अन्य क्षेत्र में नाम कमा रहे थे. यह उसकी ‘नयी राजनीति’ है. उसे खास आदमी की दरकार है.

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में एक नयी पार्टी बनी है ‘खास आदमी पार्टी’ (खाप). इसने भ्रष्टाचारियों और जालसाजों को अपने दल में शामिल होने का न्योता दिया है. इसने ‘आम आदमी पार्टी’ को अपना सबसे बड़ा प्रतिद्वंद्वी बताया है. खाप ने घोषित किया है कि उसकी सदस्यता केवल भ्रष्टाचारियों और जालसाजों को ही दी जायेगी और आम आदमी पार्टी को छोड़ कर सभी राजनीतिक दलों से गठबंधन करने को वह तैयार है, क्योंकि वह सब उसके जैसे ही हैं. यह बात राजनीतिक विद्रूप की ओर इशारा करती है. शायद ‘आप’ की राह में अड़ंगा लगाने की कोशिश भी.

राजद के गुलाम गौस ने लालटेन छोड़ कर जदयू का तीर थाम लिया. पप्पू यादव फिर राजद में आ गये. नरेंद्र मोदी के लिए वाराणसी और राजनाथ सिंह के लिए लखनऊ की सीट खाली कराने में पसीने आ गये. इस भगदड़ को एक साथ रखें, तो राजनीति का खोखलापन नजर आता है. इसमें व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाएं, राग-द्वेष और मौका-परस्ती का समावेश है.

भाजपा का जसवंत सिंह और हरिन पाठक प्रकरण नरेंद्र मोदी और लालकृष्ण आडवाणी के बीच के व्यक्तिगत टकराव की देन है. इन टकरावों की अनुगूंज ट्विटर और फेसबुक पर सुनाई भी पड़ी. पर इतना साफ है कि एक साल पहले तक असहाय नरेंद्र मोदी और उनके समर्थकों का आज पार्टी पर पूर्ण नियंत्रण है. सवाल है कि वरिष्ठ नेताओं ने टकराव को इस हद तक क्यों बढ़ने दिया? क्या उन्हें लोकसभा चुनाव के बाद मोदी के कद में कमी आने की आशा है? क्या ये नेता भाजपा के गणित को बिगाड़ देंगे? पार्टी के भीतर कई प्रकार की ताकतें हैं. क्या वे आपस में टकरायेंगी? जसवंत सिंह ने कहा है कि असली पर नकली भाजपा हावी है. आडवाणी जी ने तीसरी या चौथी बार अपनी नाराजगी व्यक्त करने के बाद कदम खींचे हैं. इस उम्र में उन्हें क्या खोने का डर है?

टिकट वितरण की नयी व्यवस्था के कारण कांग्रेस में भी टकराव बढ़ा है. राहुल गांधी प्रत्याशियों को थोपने के खिलाफ थे, पर उन्होंने यू-टर्न ले लिया. फूलपुर में मोहम्मद कैफ का नाम पैनल के बजाय ऊपर से आया. रवि किशन पैराशूट की मदद से जौनपुर में उतरे. मुजफ्फरनगर सीट से टिकट पानेवाले सूरज सिंह वर्मा बसपा छोड़ कर कांग्रेस में आये हैं. सुल्तानपुर से संजय सिंह की पत्नी अमिता सिंह को टिकट देकर पार्टी ने परिवारवाद की पुष्टि कर दी. इस सीट से संजय सिंह सांसद थे.

उनके पार्टी छोड़ कर बीजेपी में जाने की बात चली, तो उन्हें असम से राज्यसभा में भेजा गया. उनकी सीट पर पत्नी को टिकट दे दिया गया. राहुल की प्राइमरीज का पाइलट प्रोजेक्ट फेल हो गया. वे पार्टी में विकेंद्रित लोकतांत्रिक व्यवस्था की कल्पना कर रहे हैं, पर उसके शिखर पर उनका बैठना इस व्यवस्था का उपहास है. कांग्रेस और भाजपा के मुकाबले वामदलों की आंतरिक संरचना ज्यादा लोकतांत्रिक है, लेकिन बंगाल में उनके नेता और कार्यकर्ता भी भाग कर तृणमूल में जा रहे हैं. यानी राजनीति की सिद्धांत-प्रियता उसे लोकप्रिय नहीं बनाती.

पुराने नेताओं का पराभव पीढ़ी के बदलाव का सूचक भी है. अनेक राजनेताओं ने चुनाव से हाथ खींच लिये हैं. पी चिदंबरम, एके एंटनी और शरद पवार ने धनुष रख दिये है. मनमोहन सिंह विदा ले ही रहे हैं. पिछले साल राहुल गांधी ने घोषणा की थी कि 2014 में युवा सरकार बनेगी. यह कितनी युवा होगी, यह कहना मुश्किल है, पर पार्टियों की सूची देखें, तो सत्तर से ज्यादा उम्र के नेताओं की भरमार है. पर विकल्प क्या है? नयी पीढ़ी माने क्या गुल पनाग, प्रीति जिंटा, नगमा और बाइचुंग भूटिया है? संभव है ये लोग बेहतरीन राजनेता साबित हों, पर उन तमाम जमीनी युवा नेताओं का क्या होगा, जो पिछले कुछ वर्षो से राजनीति की बंजर जमीन को उपजाऊ बनाने की कोशिश कर रहे थे?

हमारे लोकतंत्र में राजनीतिक दर्शन, विचारधारा और कार्यक्रमों का कितना महत्व है, यह नेताओं के भाषणों और पार्टियों के घोषणापत्रों में देखिये. गरीबों को सस्ता अनाज, रोजगार और बेहतर इलाज देने का वादा अपेक्षाकृत लोकतांत्रिक है, पर साइकिल, मंगलसूत्र, लैपटॉप, बकरी से लेकर मुर्गी तक चुनावी वादों में शामिल हो चुके हैं. राजनेताओं का उस पार्टी से जुड़ना, जिसकी विचारधारा को वे अछूत बताते रहे हैं, कत्तई विस्मयकारी नहीं है. विचारधारा की यह अनदेखी पूरी राजनीति पर हावी है. दूसरी ओर जातीय पंचायतों, खापों, डेरों, मठों, गुरुओं और संप्रदायों का महत्व देखिए. प्रमोद मुतालिक को भाजपा ने नामंजूर कर दिया, पर उन्हें लिया ही क्यों था? निश्चित रूप से उनका कोई राजनीतिक आधार है. सामाजिक सत्य राजनीति में बोलते हैं. राजनीति उन्हें सुंदर सैद्धांतिक नाम देती है. वस्तुत: उसे अपने विचारों पर भरोसा नहीं है. कोई भी पार्टी केवल लोकतांत्रिक मूल्यों व मर्यादाओं के आधार पर फैसले नहीं करती. फिलहाल राजनीति एक गणित है, नंबर का गेम है. चुनाव परिणाम आने दीजिए. इस भगदड़ का फाइनल राउंड तभी शुरू होगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola