Weather Forecast: झारखंड में 11 सितंबर से भारी बारिश का अनुमान, जानें अपने राज्य का मौसम
Kolkata: A man rides a bicycle on a road during monsoon rain in Kolkata, Saturday, Aug. 27, 2022. (PTI Photo)(PTI08_27_2022_000139A)
Weather Forecast LIVE Update Today: बंगाल की खाड़ी पर बना चक्रवाती परिसंचरण जल्द ही निम्न दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होकर जोर पकड़ने की संभावना है. दिल्ली में अगले पांच दिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं नजर आ रही है. झारखंड के साथ-साथ बिहार के भी कुछ हिस्सों में मंगलवार को बारिश होने के आसार हैं. बिहार के कुछ इलाकों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित हुआ है. उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना है. जानें अन्य राज्यों के मौसम का हाल
झारखंड में 11 सितंबर से भारी बारिश का अनुमान
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने कम दबाव क्षेत्र के कारण झारखंड में 11 सितंबर से एक बार फिर भारी बारिश हो सकती है. मौसम विभाग की ओर से यह जानकारी दी गयी है. एक जून से शुरू होने वाले पूरे मॉनसून मौसम के दौरान बंगाल की खाड़ी के ऊपर बनने वाला यह छठा ऐसा दबाव का क्षेत्र होगा. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया कि पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक क्षेत्र बना है. अगले 48 घंटों के दौरान इसके और अधिक प्रबल होने का अनुमान है.
मुंबई में भारी बारिश के बाद जलभराव
मुंबई में भारी बारिश के बाद कई इलाकों में जलभराव हो गया है. आईएमडी ने राज्य के कुछ हिस्सों में अगले चार से पांच दिन बारिश होने का अनुमान लगाया है. मौसम विभाग की चेतावनी के बाद महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने कई जिलों के अधिकारियों को बचाव दल और राहत तंत्र के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया है.
झारखंड में झमाझम बारिश
झारखंड के कई जिलों में जोरदार बारिश हो रही है. राजधानी रांजी में भी गुरुवार देर शाम जोरदार बारिश हुई.
महाराष्ट्र में हो सकती है बारिश
आईएमडी ने महाराष्ट में बारिश का अनुमान जताया है. मौसम विभाग के इस अनुमान के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कई जिलों के अधिकारियों को बचाव दल और राहत तंत्र के साथ तैयार रहने का निर्देश दिया है. बता दें, आईएमडी ने राज्य के कुछ हिस्सों में अगले चार से पांच दिन बारिश होने का अनुमान लगाया है. (भाषा)
बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे बेंगलुरु में और बारिश का पूर्वानुमान
बाढ़ जैसे हालात से जूझ रहे बेंगलुरु में और बारिश का पूर्वानुमान है तथा सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. हल्की बूंदाबांदी ने लोगों को चिंता में डाल दिया है जो दिनचर्या में लौटने की तैयारी कर रहे है क्योंकि एक दिन पहले बारिश से थोड़ी राहत मिली और जलमग्न इलाकों में पानी का स्तर धीरे-धीरे कम होना शुरू हुआ है.
यूपी के अलग-अलग इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए
आज यूपी के अलग-अलग इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग ने इस दौरान हल्की बारिश का पूर्वानुमान जताया है. इसके अलावा 9 सितंबर से 11 सितंबर तक हल्की ये मध्यम बारिश की आशंका है. हालांकि, 12 सितंबर से राज्य में अच्छी बारिश की उम्मीद है.
अगले पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना नहीं
दिल्ली में अगले पांच दिनों तक बारिश होने की संभावना भी नहीं है. मौसम ब्यूरो ने सितंबर में उत्तरपश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जताया है.
आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.
दिल्ली में सुबह की शुरुआत गर्मी, उमस के साथ
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में गुरुकी शुरुआत गर्मी और उमस के साथ हुई तथा न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से एक डिग्री अधिक 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
3.5 तीव्रता का भूकंप
जम्मू-कश्मीर के कटरा से 62 किमी दूर आज सुबह करीब 7:52 बजे 3.5 तीव्रता के भूकंप के झटके महसूस किये गये. नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि भूकंप की गहराई जमीन से 10 किमी नीचे थी.
हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर
हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में गुरुवार और शुक्रवार को मौसम साफ रहने की संभावना है. 10 और 11 सितंबर प्रदेश के कई भागों में बारिश के आसार हैं. प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ चुका है.
झारखंड में बारिश को लेकर अलर्ट
मौसम केंद्र की वैज्ञानिक डॉ प्रीति गुणवानी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन सरकुलेशन बन रहा है. इससे निम्न दबाव का क्षेत्र बनेगा. इसका असर झारखंड के कुछ इलाकों में भी रहेगा. नौ सितंबर से इसका असर दिख सकता है. 11 सितंबर को संताल, पलामू, कोल्हान प्रमंडल और रांची में भारी बारिश हो सकती है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है.
मध्य प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश
मध्य प्रदेश में एक बार फिर तेज बारिश की संभावना नजर आ रही है. बंगाल की खाड़ी में चक्रवात बनने से बारिश होने के आसार हैं.
ओडिशा में भारी बारिश का एक और दौर शुरू
बंगाल की खाड़ी पर बना चक्रवाती परिसंचरण जल्द ही निम्न दबाव के क्षेत्र में परिवर्तित होकर जोर पकड़ सकता है, जिसके मद्देनजर ओडिशा में मूसलाधार बारिश का एक और दौर शुरू होने की संभावना है. ऐसी ही तीन मौसम प्रणालियों के कारण हुई भारी बारिश के चलते हाल ही में राज्य में विनाशकारी बाढ़ आयी थी. मौसम कार्यालय ने कहा है कि पूर्व-मध्य और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी पर चक्रवाती वायु क्षेत्र बना हुआ है. इसके प्रभाव के कारण अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र बनने का अनुमान है.
दिल्ली में अगले पांच दिन बारिश होने की कोई संभावना नहीं
दिल्ली तथा उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में अगले पांच दिन तक अच्छी बारिश होने की कोई संभावना नहीं है. दिल्ली तथा उसके निकटवर्ती क्षेत्रों में अगस्त में भी कोई खास बारिश नहीं हुई थी और सितंबर में भी अभी तक बारिश कम ही हुई है. मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान लगाया है.
झारखंड में बारिश
झारखंड की राजधानी रांची सहित कई जिलों में गुरुवार सुबह से बारिश हो रही है. आज दिनभर ऐसा ही मौसम रहने की संभावना है.
बिहार का मौसम
बिहार में आज से अगले कुछ दिन तक अच्छी बारिश होने के आसार हैं. उत्तरी बिहार के अधिकतर इलाकों में भारी और दक्षिणी बिहार में सामान्य से मध्यम बारिश की संभावना है. हालांकि आइएमडी विज्ञानियों का कहना है कि समान रूप से पूरे प्रदेश में जबर्दस्त ठनका गिरने की आशंका है.
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए