Weather Forecast: कई राज्यों में बदल रहा मौसम, तेज हवा के साथ बारिश, जानें अपने शहर का हाल
Weather Forecast
Weather Forecast: देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है. उत्तर भारत में दिल्ली, राजस्थान और यूपी के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना है तो कई राज्यों में अभी भी गर्मी का प्रकोप है. आईएमडी ने दिल्ली, यूपी, राजस्थान समेत देश के कई हिस्सों में तेज हवा के साथ बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है.
Weather Forecast: देश में मानसून की दस्तक हो चुकी है. मौसम विभाग ने कहा है कि महाराष्ट्र तक मानसून आ गया है. जल्द ही मुंबई में भी मानसून की बारिश शुरू हो जाएगी. आईएमडी के मुताबिक अगले 5 दिनों के दौरान महाराष्ट्र और तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है. वहीं दिल्ली, यूपी, राजस्थान में तेज हवा के साथ छिटपुट बारिश से कुछ राहत मिली है. बिहार और झारखंड समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण गर्मी से लोगों का हाल बेहाल है.
दिल्ली में आंधी के साथ होगी छिटपुट बारिश
दिल्ली में मौसम में बदलाव दिख रहा है. बादलों की आवाजाही और तेज हवा से आम लोगों को कड़ी धूप से थोड़ी छांव जरूर मिली है. लेकिन भीषण गर्मी से वहां के लोगों को अभी राहत मिलती नहीं दिख रही है. आईएमडी ने कहा कि एक नये पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण शहर के मौसम में बदलाव आया है. आईएमडी ने हल्की बारिश तेज हवा को लेकर दिल्ली में शुक्रवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया. मौसम विभाग ने आज यानी शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने और धूल भरी आंधी चलने या गरज के साथ छींटे पड़ने और हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है.
यूपी में बारिश के साथ चल सकती है आंधी
यूपी के कई इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदल गया है. मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पश्चिम भारत में कुछ स्थानों पर बारिश और आंधी तूफान का दौर शुक्रवार तक जारी रह सकता है. मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी भारत, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू चलने की संभावना है.
राजस्थान में तेज आंधी
नयी पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान में भी नजर आ रहा है. कई इलाकों में बीते 48 घंटों के दौरान तेज आंधी नजर आया. तेज आंधी के कारण पेड़ गिरने के कारण चार लोगों की मौत हो गई है. पुलिस ने बताया कि राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर बाद तेज आंधी के कारण नगर निगम हेरिटेज में लगा 30 फुट ऊंचा पुराना मोबाइल टावर गिर गया. हालांकि इस बीच प्रदेश में गर्मी भी पड़ती रही. मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को धौलपुर 44.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म स्थान रहा. जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार नए पश्चिमी मौसमी तंत्र का प्रभाव 8 से 9 जून को बीकानेर, जोधपुर, जयपुर, अजमेर भरतपुर, कोटा संभाग के कुछ भागों में रहेगा. इस दौरा बादल गरजने, आंधी व हल्की बारिश होगी. वहीं 10 जून से कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है.
झारखंड में सताएगी गर्मी
झारखंड के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है. हालांकि कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हुई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के कुछ इलाकों में आज यानी शनिवार को बारिश हो सकती है. दरअसल बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है. जिसके कारण झारखंड के मौसम में बदलाव हो सकता है. इसके प्रभाव से कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. हालांकि इससे गर्मी में कुछ खास फर्क नहीं पड़ेगा.
बिहार में शुरू होगी बारिश
झारखंड के साथ-साथ बिहार के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है. हालांकि मौसम विभाग ने कहा है कि जल्द ही बिहार में प्री-मानसून की बारिश शुरू हो सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार से बिहार के कई जिलों में प्री-मानसून बारिश हो सकती है. इस दौरान कई हिस्सों में तेज हवा भी चल सकती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










