महाराष्ट्र में 'ऑपरेशन टाइगर' सफल! शिवसेना (UBT) के 6 सांसद शिंदे गुट में शामिल
महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे समेत अन्य नेता, इनसेट में उद्धव ठाकरे, फोटो- पीटीआई
Shiv Sena UBT: महाराष्ट्र में शिवसेना (UBT) को तगड़ा झटका लगा है. पार्टी के छह सांसद शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं. इससे एनडीए का कुनबा और मजबूत हो गया है. वहीं विधान परिषद चुनावों में भी महायुति की बड़ी जीत से एनडीए कुनबे में उत्साह है. अब शिवसेना (UBT) के सामने संगठन को एकजुट रखने की चुनौती और कठिन होती दिखाई दे रही है.
Shiv Sena UBT: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के छह सांसदों के एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने से राज्य की राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. इसे शिंदे गुट ने ऑपरेशन टाइगर की बड़ी सफलता बताया है, जबकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (UBT) के सामने संगठनात्मक और राजनीतिक चुनौतियां और बढ़ गई हैं. साल 2022 में एकनाथ शिंदे ने बड़ी संख्या में विधायकों के साथ उद्धव ठाकरे से बगावत कर शिवसेना को दो हिस्सों में बांट दिया था. अब लोकसभा सांसदों के दलबदल ने उद्धव ठाकरे की शिवसेना को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि शिवसेना (UBT) के सभी छह बागी लोकसभा सांसदों के आधिकारिक तौर पर सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल होने के साथ ही ऑपरेशन टाइगर सफलतापूर्वक पूरा हो गया है. शिवसेना (UBT) की संसदीय दल की बैठक में अनुपस्थित रहने के पांच दिन बाद ये सांसद शिंदे और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में आयोजित एक कार्यक्रम में शिवसेना में शामिल हुए. शिवसेना (UBT) छोड़कर शिंदे गुट में शामिल होने वाले सांसदों में संजय देशमुख (यवतमाल), संजय जाधव (परभणी), संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व), नागेश पाटिल-आष्टीकर (हिंगोली), ओमप्रकाश राजे निंबालकर (धाराशिव) और भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी) शामिल हैं.
दीपक केसरकर ने कहा- NDA और मजबूत होगा
शिवसेना नेता दीपक केसरकर ने शिवसेना (UBT) सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने का स्वागत करते हुए कहा कि इससे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और मजबूत होगा. उन्होंने कहा- यह कदम NDA की ताकत बढ़ाएगा और महाराष्ट्र में गठबंधन की स्थिति को और मजबूत करेगा. शिवसेना (UBT) के सांसदों के शिंदे गुट में शामिल होने से पहले उद्धव ठाकरे ने सोमवार को मुंबई में पार्टी नेताओं के साथ अहम बैठक की. बैठक में संगठनात्मक स्थिति, विधानसभा चुनावों की रणनीति और पार्टी के भविष्य को लेकर चर्चा की गई.
विधान परिषद चुनाव में महायुति की बड़ी जीत
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनावों में महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17 में से 16 सीटों पर जीत दर्ज की. 18 जून को हुए मतदान के बाद घोषित परिणामों में भाजपा को सबसे अधिक 11 सीटें मिलीं, जबकि शिवसेना (शिंदे) को तीन और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार) को दो सीटों पर सफलता मिली. चुनाव से पहले ही छह उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे, जिससे महायुति को शुरुआती बढ़त मिल गई थी. हालांकि एकमात्र सीट नासिक रही जहां महायुति का आधिकारिक उम्मीदवार जीत हासिल नहीं कर सका. यहां बीजेपी के बागी निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने शिवसेना उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को हराया. इस परिणाम को क्षेत्र में शिवसेना के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.
किन नेताओं ने दर्ज की जीत?
निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों में शिवसेना के रविंद्र फाटक और दुष्यंत चतुर्वेदी, एनसीपी के अनिकेत तटकरे और विक्रम काकड़े और बीजेपी के अरुण लखानी और प्रजक्त तनपुरे शामिल रहे. वहीं बीजेपी के अन्य विजयी उम्मीदवारों में सुहास शीर्षत, अविनाश ब्राह्मणकर, धैर्यशील कदम, राजेंद्र राउत, बसवराज पाटिल, राजीव पोतदार, नंदकिशोर महाजन, प्रवीण पोटे और अमर राजुरकर शामिल हैं. परभणी-हिंगोली सीट से शिवसेना के सैयद खान विजयी रहे.
Also Read: 150 पुलिसकर्मी तैनात, फिर भी सुरक्षा छीनने का नाटक, लालू परिवार पर भड़के CM सम्राट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










