अब GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार ने दिया इस्तीफा, CM योगी पर अविमुक्तेश्वरानंद की टिप्पणी से थे आहत

Updated:
विज्ञापन
अब GST डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार ने दिया इस्तीफा, CM योगी पर अविमुक्तेश्वरानंद की टिप्पणी से थे आहत

Shankaracharya Controversy: उत्तर प्रदेश में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद और यूजीसी मुद्दे पर इस्तीफा का दौर जारी है. बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के अपने पद से इस्तीफा देने के अगले ही दिन मंगलवार को अयोध्या में जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने भी अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. हालांकि प्रशांत कुमार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में अपना इस्तीफा दिया है.

विज्ञापन

Shankaracharya Controversy: अपने इस्तीफे पर अयोध्या के GST कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने कहा, सरकार के समर्थन में और शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का विरोध करने के लिए मैंने इस्तीफा दिया है. पिछले 2 दिनों से मैं हमारे CM और PM पर उनके बेबुनियाद आरोपों से बहुत दुखी था. जिस सरकार से मुझे सैलरी मिलती है, उसके प्रति मेरी कुछ नैतिक जिम्मेदारियां हैं. जब मैंने देखा कि मेरे CM और PM का अपमान किया जा रहा है, तो मैंने अपना इस्तीफा गवर्नर को भेज दिया.

आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी से आहत हूं : प्रशांत कुमार सिंह

अयोध्या में GST के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपने इस्तीफा पत्र में लिखा- सीएम योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध अविमुक्तेश्वरानंद शंकराचार्य द्वारा किए गए अभद्र टिप्पणी से मैं आहत हूं. उन्होंने कहा- राज्य का साधारण कर्मचारी हूं और सरकार से हमें आजीविका प्राप्त है, जिससे मेरा घर-परिवार चलता है. इसलिए राज्य के मुखिया के खिलाफ जो अनर्गल प्रलाप होता है तो यूपी के कर्मचारी नियमावली का पालन करते हुए उसका विरोध किया जाए. उन्होंने राज्यपाल को संबोधित करते हुए लिखा- मैं सीएम योगी के खिलाफ अविमुक्तेश्वरानंद की अभद्र टिप्पणी को राज्य, संविधान और लोकतंत्र के विरुद्ध मानता हूं. ऐसी स्थिति में योगी सरकार के समर्थन और अविमुक्तेश्वरानंद के विरोध में अपना इस्तीफा दे रहा हूं.

अविमुक्तेश्वरानंद पर लगाया गंभीर आरोप

GST के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने इस्तीफा देते हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद पर गंभीर आरोप लगाया. उन्होंने कहा- अविमुक्तेश्वरानंद द्वारा समाज में जातिवाद का जहर घोला जा रहा है. देश-विदेश को अस्थिर करने का प्रयास किया जा रहा है.

पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के समर्थन में इस्तीफा

GST के डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने अपने पत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा- लोकतांत्रिक पद्धति से चुने गए प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विरुद्ध कोई अपमानजनक टिप्पणी होगी तो मन आहत होगा.

रोते हुए पत्नी को बताया- अपने पद से दे रहा हूं इस्तीफा

अयोध्या में जीएसटी डिप्टी कमिश्नर प्रशांत कुमार सिंह ने इस्तीफा देने से पहले अपनी पत्नी को फोन किया. फोन पर रोते हुए प्रशांत कुमार ने अपनी पत्नी को बताया- सीएम योगी के समर्थन में मैंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. रोते हुए उन्होंने कहा- मैं पिछले दो दिनों से रात में नहीं सोया. मैं सीएम के खिलाफ की गई टिप्पणी से आहत था.

अविमुक्तेश्वरानंद ने सीएम योगी पर क्या टिप्पणी की थी

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कालनेमि बताया था. दरअसल योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था- एक योगी के लिए धर्म और राष्ट्र के बढ़कर कुछ नहीं है. उसकी व्यक्तिगत संपत्ति कुछ नहीं होता, धर्म ही उसकी संपत्ति है. उन्होंने आगे कहा- ऐसे तमाम कालनेमि होंगे, जो धर्म की आड़ में सनातन धर्म को कमजोर करने की साजिश रच रहे होंगे, हमें उनसे सावधान रहना होगा.

क्या है अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का मामला?

प्रयागराज में मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके अनुयायियों को स्नान करने से पुलिस ने रोक दिया था. जिसके बाद उनके और मेला प्रशासन के बीच ठन गई है. मेलाधिकारी का कहना है कि बैरिकेडिंग तोड़कर वे लोग संगम नोज पर आ गये, ऐसे में भगदड़ की स्थिति से बचने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया. दूसरी ओर अविमुक्तेश्वरानंद ने उनके और उनके अनुयायियों के साथ मारपीट का आरोप लगाया है. अब यह मामला उनके शंकराचार्य पद की मान्यता तक पहुंच चुकी है. मेला प्रशासन की ओर से उन्हें नोटिस भी जारी की गई है. मेला प्रशासन ने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को नोटिस जारी कहा था कि दिवानी अपील पर उच्चतम न्यायालय ने आदेश दिया था कि जब तक अपील निस्तारित नहीं हो जाती, तब तक कोई भी धर्माचार्य ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य के रूप में पट्टाभिषेकित नहीं हो सकता.

विज्ञापन
अरबिंद कुमार मिश्रा

लेखक के बारे में

By अरबिंद कुमार मिश्रा

मुख्यधारा की पत्रकारिता में 14 वर्षों से ज्यादा का अनुभव. खेल जगत में मेरी रुचि है. वैसे, मैं राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर काम करता हूं. झारखंड की संस्कृति में भी मेरी गहरी रुचि है. मैं पिछले 14 वर्षों से प्रभातखबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इस दौरान मुझे डिजिटल मीडिया में काम करने का काफी अनुभव प्राप्त हुआ है. फिलहाल मैं बतौर शिफ्ट इंचार्ज कार्यरत हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola