S-400 : एस-400 को लेकर पाकिस्तान फैला रहा है झूठ, सेना ने कहा– पाक सेना को पहुंचा है बहुत नुकसान

Published by : Amitabh Kumar Updated At : 10 May 2025 11:08 AM

विज्ञापन

Col Sofiya Qureshi

S-400 : भारत की एस-400 मिसाइल सिस्टम नष्ट करने का पाकिस्तान का दावा झूठा साबित हुआ है. भारतीय सेना की ओर से इसकी जानकारी दी गई. प्रेस कॉन्फ्रेंस करके सेना ने कहा कि पाकिस्तान झूठ फैला रहा है.

विज्ञापन

S-400 : भारत-पाक सैन्य संघर्ष पर विदेश मंत्रालय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस किया. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा, “मैंने पहले भी कई मौकों पर कहा है कि पाकिस्तान की कार्रवाई से उकसावे और तनाव बढ़ा है. जवाब में भारत ने जिम्मेदारी और संयम से बचाव किया है और प्रतिक्रिया दी है.” कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान की हर हरकत का करारा जवाब दिया जा रहा है. पाक सेना का बड़ा नुकसान हुआ है. पश्चिमी मोर्चे पर पाकिस्तान लगातार गोलीबारी कर रहा है. पाकिस्तान ने नागरिक विमानों को ढाल बनाया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान झूठ फैला रहा है. उसकी ओर से दावा किया जा रहा था कि भारत की एस-400 मिसाइल सिस्टम नष्ट किया गया है. ऐसा नहीं है.

कर्नल सोफिया क़ुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने श्रीनगर, अवंतीपुरा और उधमपुर में चिकित्सा सुविधाओं पर हमला किया. कुरैशी ने कहा, “पाकिस्तानी सेना ने पूरे पश्चिमी मोर्चे पर आक्रामक गतिविधियां जारी रखी हैं, यूसीएपी ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, गोला-बारूद और लड़ाकू विमानों का इस्तेमाल किया गया है. उन्होंने सेना के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया. एलओसी पर भारी गोलीबारी देखी गई. एलओसी और आईबी पर उनके लड़ाकू विमानों ने 26 से अधिक स्थानों पर घुसपैठ करने की कोशिश की. भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश प्रयासों को बेअसर कर दिया, लेकिन उन्होंने उधमपुर, पठानकोट, भुज, बठिडा स्टेशनों में वायु सेना स्टेशनों को नुकसान पहुंचाया. उन्होंने 1.40 बजे पंजाब के एयर बेस पर हमला करने के लिए हाई-स्पीड मिसाइल का इस्तेमाल किया.”

भारत की ओर से कहा गया है कि महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचाने का पाकिस्तान का दावा पूरी तरह झूठा है. भारतीय सेना ने भारत में वायुसेना स्टेशन और अड्डों को नष्ट करने के पाकिस्तानी दावों को नकारने के लिए तस्वीरें दिखाईं जिनमें समय भी लिखा था. विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान की कार्रवाई के जवाब में केवल चिह्नित सैन्य लक्ष्यों पर सटीक हमले किए. कर्नल सोफिया क़ुरैशी ने कहा कि हमने पाकिस्तान के चार एयरबेस को नुकसान पहुंचाया है.

पाकिस्तान के साथ चीन फैला रहा है झूठ

पाकिस्तान के सरकारी ‘पीटीवी’ ने पहले खबर दी थी कि पाकिस्तान वायु सेना की हाइपरसोनिक मिसाइलों ने आदमपुर में एस-400 प्रणाली को नष्ट कर दिया. चीनी समाचार पत्र ‘ग्लोबल टाइम्स’ के अनुसार, चीन की शिंहुआ समाचार एजेंसी ने भी दावा किया कि पाकिस्तान के ‘जेएफ-17 थंडर’ जेट ने भारत के पंजाब में भारत की एस-400 वायु रक्षा प्रणाली को नष्ट कर दिया. भारतीय वायु सेना के प्रवक्ता ने कहा कि ये खबरें झूठी हैं.

भारत ने पाकिस्तान के तीन एयरबेस को निशाना बनाया

पाकिस्तान ने शनिवार सुबह दावा किया कि भारत ने मिसाइल और ड्रोन हमलों के जरिए उसके तीन वायुसेना ठिकानों को निशाना बनाया. पाक सेना के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल अहमद शरीफ चौधरी ने तड़के करीब चार बजे इस्लामाबाद में इमरजेंसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत ने नूर खान एयरबेस (रावलपिंडी), मुरीद एयरबेस (चकवाल) और रफीकी एयरबेस (शोरकोट, झंग) पर हमला किया. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान वायुसेना ने हमलों का जवाब दिया और सभी वायुसेना संपत्तियां सुरक्षित हैं. फिलहाल नुकसान की कोई पुष्टि नहीं हुई है, स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है.

जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ड्रोन हमले

पाकिस्तान ने शुक्रवार रात लगातार दूसरी बार जम्मू-कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ड्रोन हमले किए. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इन हमलों में एयरबेस और हवाई अड्डों जैसे अहम ठिकानों को निशाना बनाया गया, लेकिन सभी हमलों को नाकाम कर दिया गया. यह हमला ऐसे समय हुआ जब एक दिन पहले भारत ने पाकिस्तान के ड्रोन और मिसाइल हमलों को भी नाकाम किया था. दोनों देशों के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है.

विज्ञापन
Amitabh Kumar

लेखक के बारे में

By Amitabh Kumar

अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola