AI समिट में विरोध के बाद बड़ी कार्रवाई, यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ता गिरफ्तार, CCTV से पहचान जारी

Published by :Pritish Sahay
Updated at :20 Feb 2026 8:48 PM
विज्ञापन
India AI Impact Summit 2026

CCTV से पहचान जारी

India AI Impact Summit 2026: इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान हुए शर्टलेस विरोध प्रदर्शन मामले में दिल्ली पुलिस ने चारों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. ये सभी इंडियन यूथ कांग्रेस से जुड़े नेता हैं. अब पुलिस उन्हें पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करने की तैयारी में जुटी है. विरोध प्रदर्शन में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. वीडियो क्लिप के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है.

विज्ञापन

India AI Impact Summit 2026: दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को एआई इंपैक्ट समिट स्थल पर हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है और पूरे घटनाक्रम में किसी बड़ी साजिश की संभावना की जांच कर रही है. इससे पहले दिन में पुलिस ने प्रदर्शनी हॉल के अंदर शर्ट उतारकर विरोध करने के आरोप में आईवाईसी के करीब 15 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया था. ये कार्यकर्ता अमेरिका के साथ संभावित ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन करने पहुंचे थे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की थी. युवा कांग्रेस से जुड़े प्रदर्शनकारी प्रदर्शनी हॉल नंबर-5 के अंदर मार्च करते हुए पहुंचे. वे सफेद टी-शर्ट पहने हुए थे या हाथ में लिए हुए थे, जिन पर प्रधानमंत्री मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीरें छपी थीं. इन टी-शर्ट पर इंडिया-यूएस ट्रेड डील, एपस्टीन फाइल्स और पीएम इज़ कम्प्रोमाइज्ड जैसे नारे लिखे थे. कुछ प्रदर्शनकारियों ने विरोध के दौरान अपनी टी-शर्ट भी उतार दी.

किन नेताओं को किया गया गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार से युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, बिहार के राज्य सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव के रूप में हुई है. चारों आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा. इस मामले में एफआईआर दर्ज की जा रही है और कई गंभीर धाराएं लगाने की प्रक्रिया चल रही है. अधिकारियों ने यह भी बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की की. जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि क्या इस विरोध प्रदर्शन के पीछे कोई बड़ी साजिश थी.

वीडियो क्लिप के आधार पर पुलिस कर रही पहचान

भारत मंडपम में युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन में शामिल होकर मौके से फरार हुए कार्यकर्ताओं की तलाश के लिए दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में छापेमारी की जा रही है. सूत्रों ने बताया कि अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. पुलिस 15 से अधिक वीडियो क्लिप के आधार पर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर रही है. पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ अन्य संदिग्धों के नाम भी मिले हैं, जिनकी तलाश की जा रही है. सूत्रों के अनुसार, कई प्रदर्शनकारियों के मोबाइल फोन फिलहाल बंद हैं, जिससे उनकी लोकेशन ट्रेस करने में मुश्किल आ रही है. पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए अभियान जारी है.

ऑनलाइन पंजीकरण कर हासिल किया था क्यूआर कोड

इससे पहले एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया था कि करीब 15 लोगों को हिरासत में लेकर तिलक मार्ग थाने ले जाया गया. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने सम्मेलन स्थल में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर क्यूआर कोड हासिल किया था. इसके बाद वे प्रदर्शनी हॉल नंबर-5 के अंदर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों की वहां मौजूद लोगों से तीखी बहस भी हुई, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें हॉल से बाहर निकाल दिया. (इनपुट भाषा)

विज्ञापन
Pritish Sahay

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola