कांग्रेस के टॉपलेस प्रदर्शन पर भड़की बीजेपी, कहा -'राहुल गांधी ने विदेशी मेहमानों के सामने…'

कांग्रेस के टॉपलेस प्रदर्शन पर भड़की बीजेपी
India AI Impact Summit 2026: भारतीय जनता पार्टी ने एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया है. बीजेपी का दावा है कि भारत मंडपम में किया गया यह हंगामा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के निर्देश पर किया गया है. बीजेपी ने कहा कि इस घटना का मकसद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाना था.
India AI Impact Summit 2026: राजधानी दिल्ली में आयोजित India AI Impact Summit 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से टॉपलेस प्रदर्शन पर सियासत गर्मा गई है. घटना के बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया भारत मंडपम में टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के क्षेत्र में भारत की बढ़ती वैश्विक नेतृत्व क्षमता का साक्षी बन रही थी, तब कांग्रेस ने देश का सम्मान बढ़ाने के बजाय कार्यक्रम में बाधा डालने का रास्ता चुना. उन्होंने आगे कहा कि यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिस “शर्मनाक तरीके” से व्यवहार किया गया और कार्यक्रम में हंगामा किया गया, वह न केवल दुर्भाग्यपूर्ण है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला भी है.
‘यह देशद्रोह जैसा कृत्य है’- शिवराज
इस बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस पर कड़ा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की छवि को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है. शिवराज ने कहा “कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने AI समिट में सिर्फ अपनी शर्ट नहीं उतारी, बल्कि यह भी दिखा दिया कि कांग्रेस किस तरह भारत विरोधी मानसिकता रखती है. यह देशद्रोह जैसा कृत्य है और हमारे देश की छवि के साथ खिलवाड़ करने की कोशिश है.” उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाली है. केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस नेतृत्व पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा “मैं सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे से पूछना चाहता हूं कि क्या उनके लिए राजनीति देश से बड़ी है? क्या उन्होंने देश की इज्जत से समझौता करने के लिए कोई गुप्त समझौता किया है? क्या यही कांग्रेस का असली चेहरा है?” उन्होंने आगे कहा कि देश की जनता इस तरह की घटनाओं को स्वीकार नहीं करेगी और इसका जवाब देगी.
भारत की छवि धूमिल करने की साजिश- संबित पात्रा
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने कहा “आज कांग्रेस पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं ने जो किया है, उससे देश के युवाओं, खासकर जेन-ज़ी में आक्रोश है. यह प्रेस कॉन्फ्रेंस भारत बनाम उन शक्तियों के खिलाफ है, जो भारत की छवि को धूमिल करना चाहती हैं.”
उन्होंने आरोप लगाया कि यह प्रदर्शन राहुल गांधी के कहने पर किया गया. पात्रा ने कहा कि नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में चल रहे AI समिट के दौरान चार लोगों को गिरफ्तार किया गया. ये हैं- कृष्णा हरि जो इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैं, कुंदन यादव बिहार प्रदेश सचिव हैं, अजय कुमार उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं और नरसिम्हा यादव राष्ट्रीय समन्वयक हैं. पात्रा ने कहा “इन कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में पहले अपना रजिस्ट्रेशन कराया, फिर अंदर जाकर टॉपलेस होकर प्रदर्शन किया. यह सहयोग नहीं, बल्कि एक सोचा-समझा प्रयोग और कार्यक्रम में व्यवधान डालने की कोशिश है.”
व्यापार समझौते के खिलाफ था विरोध प्रदर्शन- युवा कांग्रेस अध्यक्ष
भारतीय युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने प्रदर्शन को लेकर शुक्रवार को कहा कि एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन इस आयोजन के खिलाफ नहीं, बल्कि अमेरिका के साथ हुए अंतरिम व्यापार समझौते के खिलाफ था. उन्होंने कहा कि जब देश के किसानों का सौदा किया जा रहा हो, भारत विरोधी व्यापार समझौता हो रहा हो और युवाओं को बेरोज़गार रखकर नफरत की राजनीति में झोंका जा रहा हो, तो फिर खामोश नहीं रहा जा सकता. युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ के एक प्रदर्शनी हॉल में पहुंचकर अमेरिका के साथ व्यापार समझौते को लेकर विरोध प्रदर्शन किया और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारे लगाए. पुलिस ने कुछ देर बाद इन लोगों को वहां से हटाया और हिरासत में ले लिया.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




