सूरत में 21 करोड़ रुपये से बनी टंकी; टेस्टिंग में ही गिरी, कांग्रेस का बीजेपी पर हमला, प्रशासन बोला- जांच होगी तो...

सूरत में 21 करोड़ की लागत से बना टैंक टेस्टिंग के दौरान ही गिरा. फोटो- स्क्रीनशॉट.
गुजरात के सूरत में एक 21 करोड़ की लागत से बनी टंकी पहली ही टेस्टिंग में भरभराकर ढह गई. ग्रामीणों ने इसके मैटेरियल में बेहद घटिया क्वालिटी के सामान का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. इस टंकी से 14 गांवों में पानी सप्लाई किया जाना था.
गुजरात के सूरत से एक मामला सामने आया है, जिसमें भ्रष्टाचार साफ दिख रहा है. यहां पानी के लिए जनता की मेहनत की कमाई के 21 करोड़ रुपये की रकम मिट्टी में मिल गई. प्रशासन ने 14 गांव की प्यास बुझाने के लिए एक बड़ी पानी की टंकी बनाई थी. सोचा गया था कि इससे हजारों लोगों को साफ पानी मिलेगा, लेकिन नतीजा कुछ और ही निकला. जैसे ही इस नई-नवेली टंकी की मजबूती चेक करने के लिए, इसमें पानी भरा गया, ये टंकी अपने ही बोझ से भरभरा कर गिर गई. जिस टंकी को सालों तक गांव वालों को पानी पिलाना था, वो पहली बार पानी भरने का बोझ भी नहीं झेल पाई. गांव वालों की उम्मीदों पर भी पानी तो फिरा ही, विकास के नाम पर होने वाले कामों में लापरवाही और भ्रष्टाचार भी खुलकर सामने आया है.
टेस्टिंग के दौरान हुआ ये बड़ा हादसा
यह घटना 19 जनवरी को सूरत के कामरेज तालुका के ताड़केश्वर गांव में हुई. यहां 15 मीटर टंकी का निर्माण पिछले तीन साल से चल रहा था. गयापगला समूह जल आपूर्ति योजना के तहत तापी नदी से पानी लाकर इस टंकी में जमा किया जाना था, फिर उसे आस-पास के 14 गांव में सप्लाई करना था. इसकी क्षमता 11 लाख लीटर पानी की थी. टंकी बनकर तैयार हुई, तो विभाग ने टेस्टिंग शुरू की. पिछले दो दिनों में उसमें 9 लाख लीटर पानी भरा गया था. लेकिन जैसे ही टंकी में और पानी छोड़ा गया, वो प्रेशर नहीं झेल पाई और टूट कर गिर गई. इस हादसे में वहां काम कर रहे 3 मजदूर घायल हो गए, जिनमें एक महिला भी शामिल है. गनीमत रही कि कोई बड़ा जान माल का नुकसान नहीं हुआ.
सरकार सख्त, दो इंजीनियर सस्पेंड
इस पूरे मामले की जांच की जा रही है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गांव वालों ने कहा कि ऐसा लगता है कि टंकी बनाने में इस्तेमाल हुआ सामान बेहद घटिया क्वालिटी का था. लोहे और सीमेंट के इस्तेमाल में बड़ी गड़बड़ी हो सकती है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना के बाद सरकार ने तुरंत एक्शन लिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी एग्जीक्यूटिव इंजीनियर जय चौधरी और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर रजनीकांत चौधरी को सस्पेंड कर दिया गया है. इसके अलावा, जिस एजेंसी ( मेहसाणा की जयंती सुपर कंस्ट्रक्शन) ने ये टंकी बनाई थी, उसका सारा पेमेंट रोक दिया गया है. सरकार ने साफ कर दिया है कि अब इस मामले की विभागीय जांच होगी. जो रिपोर्ट आएगी, उसके आधार पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि आगे कोई जनता के पैसों और जान से खिलवाड़ न कर सके.
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
दक्षिण गुजरात में पानी की टंकी गिरने की एक घटना सामने आई है, जो केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल के संसदीय क्षेत्र से जुड़ी बताई जा रही है. जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल नवसारी से सांसद हैं और यह इलाका सूरत से सटा हुआ है. इस पर कांग्रेस ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उसने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक ओर टंकी दिख रही है, जिसे तोड़ना पड़ा था. इसी वीडियो में, सूरत वाली टंकी भी गिरी दिख रही है. कांग्रेस ने जिस टंकी की बात की है, वह अहमदाबाद की सालंगपुर की टंकी थी, जिसे बुलडोजर से तोड़ना पड़ा था.
खैर, सरकार ने इस मामले पर सख्त एक्शन करने का वादा किया है. इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार मामले के बाद दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. ग्रामीणों ने भी सरकार से मांग की है, अब केवल हाई क्वालिटी मैटेरियल का ही इस्तेमाल होना चाहिए, ताकि उन्हें समय पर और स्वच्छ-सुरक्षित पेयजल मिल सके.
ये भी पढ़ें:- ताज होटल पर 26/11 हमले में भारत और इंडिया का अंतर भी साफ हुआ था; एक्टर प्रकाश बेलावाडी
ये भी पढ़ें:- Heavy Rain Alert: अगले 48 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं, फिर करवट लेगा मौसम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Anant Narayan Shukla
इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएट. करियर की शुरुआत प्रभात खबर के लिए खेल पत्रकारिता से की और एक साल तक कवर किया. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में गहरी रुचि ने इंटरनेशनल घटनाक्रम में दिलचस्पी जगाई. अब हर पल बदलते ग्लोबल जियोपोलिटिक्स की खबरों के लिए प्रभात खबर के लिए अपनी सेवाएं दे रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




