ePaper

AAP: आप कार्यकर्ताओं से अरविंद केजरीवाल बोले- कांग्रेस को गुजरात में एक भी मत नहीं मिलना चाहिए

Updated at : 03 Jul 2022 8:34 PM (IST)
विज्ञापन
AAP: आप कार्यकर्ताओं से अरविंद केजरीवाल बोले- कांग्रेस को गुजरात में एक भी मत नहीं मिलना चाहिए

केजरीवाल ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं को उन लोगों का समर्थन पार्टी के पक्ष में हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए जो भाजपा शासन से नाराज हैं, लेकिन कांग्रेस को मत नहीं देना चाहते हैं.

विज्ञापन

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे गुजरात के आगामी विधानसभा चुनाव में अपना मत कांग्रेस को देकर बेकार नहीं करें और सुनिश्चित करें कि देश की सबसे पुरानी पार्टी को एक भी मत नहीं मिले. उन्होंने कहा कि अगर भाजपा से नाराज उन सभी लोगों के मत उसे मिल जाए जो कांग्रेस को अपना मत नहीं देना चाहते हैं तो ‘आप’ गुजरात में अगली सरकार बना सकती है. अहमदाबाद में पार्टी द्वारा नवनियुक्त करीब सात हजार पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए केजरीवाल ने कहा कि कांग्रेस गुजरात में केवल कागजों पर ही अस्तित्व में है जबकि ‘आप’ का संगठन मुख्य विपक्षी पार्टी से कई गुना बड़ा हो चुका है और बहुत कम समय में लाखों लोग आप से जुड़े हैं.


केजरीवाल ने भाजपा पर साधा निशाना

केजरीवाल ने दावा किया कि हाल में दिल्ली के दौरे पर गुजरात से गया भाजपा का प्रतिनिधिमंडल वहां के स्कूलों और अस्पतालों में एक भी कमी निकालने में असफल रहा. उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि वे गुजरात के मतदाताओं से उनका मत मांगने के दौरान दिल्ली और पंजाब की ‘आप’ सरकारों द्वारा किए गए कार्यों की जानकारी दें. केजरीवाल ने कहा, मैं भरोसे से कह सकता हूं कि आज ‘आप’ का गुजरात में कई वर्षो तक शासन करने वाली कांग्रेस की तुलना में कहीं बड़ा संगठन है. कांग्रेस केवल कागजों पर सीमित है. यह ऐसी पार्टी है जिसके पदाधिकारी और कार्यकर्ता नहीं हैं व लाखों की संख्या में लोग ‘आप’ में शामिल हो रहे हैं.

गुजरात में भाजपा से बड़ा होगा आप पार्टी का संगठन

उन्होंने आगे कहा कि एक महीने में बूथ स्तर का संगठन बनाने के बाद ‘आप’ का गुजरात में भाजपा से भी बड़ा संगठन होगा. केजरीवाल ने दावा किया कि भाजपा लोगों को काम के लिए भुगतान करती है जबकि ‘आप’ कार्यकर्ता रुपयों के लिए नहीं आए हैं और वे निष्ठावान हैं. दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, मतदाताओें को बताएं कि कांग्रेस को वोट देने का कोई तुक नहीं है. पिछली बार लोगों ने बड़ी उम्मीद के साथ कांग्रेस को मत दिया था, लेकिन अबतक 57 विधायक पार्टी छोड़ चुके हैं. लोगों से कहें कि वे कांग्रेस का समर्थन कर अपना मत बेकार नहीं करें.

Also Read: Gujarat Election 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव में किसका खेल बिगाड़ेगी ‘आप’? राजनीतिक विशेषज्ञ की राय पढ़ें
विकल्प ना होने के कारण लोग भाजपा को देते है वोट

केजरीवाल ने कहा कि आप कार्यकर्ताओं को उन लोगों का समर्थन पार्टी के पक्ष में हासिल करने की कोशिश करनी चाहिए जो भाजपा शासन से नाराज हैं, लेकिन कांग्रेस को मत नहीं देना चाहते हैं. उन्होंने कहा, वे विकल्प नहीं होने की वजह से भाजपा को मत देते हैं. अगर आप उन्हें ‘आप’ के पक्ष में मतदान करने के लिए राजी कर लेते हैं तो कोई ताकत गुजरात में हमें अगली सरकार बनाने से नहीं रोक सकती. कांग्रेस पर तंज कसते हुए केजरीवाल ने कहा कि विपक्षी पार्टी गुजरात में कोई चुनाव प्रचार नहीं कर रही है जबकि भाजपा आप का उत्पीड़न करने के एकमात्र एजेंडे पर चल रही है.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola