Air India Plane Crash : मां बना रही थी चाय, बेटा सोया था पेड़ के नीचे, आकाश की मौत की कहानी रुला देगी
Published by : Amitabh Kumar Updated At : 14 Jun 2025 8:55 AM
Relatives of a victim of the Air India plane crash mourn at a hospital, in Ahmedabad (PTI)
Air India Plane Crash : विमान दुर्घटना में मारे गए लोगों में एक 14 साल का किशोर भी शामिल है. वह परिवार की चाय की दुकान के पास सो रहा था. आकाश पाटनी नाम का किशोर गहरी नींद में था जब हादसा हआ.
Air India Plane Crash : 14 साल के आकाश पाटनी अहमदाबाद के मेघाणी नगर क्षेत्र में बी जे मेडिकल कॉलेज छात्रावास भवन के पास गुरुवार को सो रहा था. अपने परिवार की चाय की दुकान के पास जब एक पेड़ के नीचे वह सो रहा था तभी अचानक विमान हादसे ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. लंदन जा रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) 230 यात्रियों और चालक दल के 12 सदस्यों को लेकर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे में विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई और जमीन पर जान गंवाने लोगों में आकाश भी शामिल है.
आकाश की रिश्तेदार चंदाबेन ने कहा, ‘‘आकाश चाय की दुकान के पास एक पेड़ के नीचे सो रहा था, जो उस छात्रावास की इमारत से सटा हुआ है जिसमें विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ. उस समय उसकी मां सीताबेन चाय बना रही थी. पहले मेटल का एक बड़ा टुकड़ा आकाश के सिर पर गिरा और फिर वह आग की लपटों की चपेट में आ गया.’’ चंदाबेन अन्य रिश्तेदारों के साथ सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष के बाहर खड़ी थीं.
आकाश के पिता ने डीएनए टेस्ट के लिए नमूने दिए
चंदाबेन ने कहा, ‘‘आकाश को बचाने के प्रयास के दौरान सीताबेन गंभीर रूप से झुलस गईं. वह अब अस्पताल में भर्ती हैं. आकाश का शव इतनी बुरी तरह झुलस गया कि उसे पहचानना भी मुश्किल है और उसके पिता ने डीएनए टेस्ट के लिए नमूने दिए हैं.’’
कृना मिस्त्री के शव की पहचान नहीं हो पा रही
आणंद शहर के सुरेश मिस्त्री ने भी अपनी 21 वर्षीय बेटी कृना मिस्त्री के शव की पहचान की प्रक्रिया के तहत सिविल अस्पताल के शवगृह में अपना डीएनए नमूना दिया है. सुरेश ने कहा, ‘‘कृना को लंदन के लिए वर्क परमिट वीजा एक साल पहले मिला था. वह हाल में आणंद वापस आई थी और दुर्घटना का शिकार हो गई. अपने दांतों की सर्जरी के बाद वह लंदन वापस जा रही थी.’’ उन्होंने कहा, ‘‘उसने हमें विमान से फोन करके बताया था कि सब कुछ ठीक है और हम आणंद वापस जा सकते हैं. जब हम घर पहुंचे, तो हमें विमान दुर्घटना के बारे में पता चला. मुझे अब भी विश्वास नहीं हो रहा है कि मेरी प्यारी कृना अब नहीं रही.’’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Amitabh Kumar
अमिताभ कुमार झारखंड की राजधानी रांची के रहने वाले हैं और पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. डिजिटल न्यूज में अच्छी पकड़ है और तेजी के साथ सटीक व भरोसेमंद खबरें लिखने के लिए जाने जाते हैं. वर्तमान में अमिताभ प्रभात खबर डिजिटल में नेशनल और वर्ल्ड न्यूज पर फोकस करते हैं और तथ्यों पर आधारित खबरों को प्राथमिकता देते हैं. हरे-भरे झारखंड की मिट्टी से जुड़े अमिताभ ने अपनी शुरुआती पढ़ाई जिला स्कूल रांची से पूरी की और फिर Ranchi University से ग्रेजुएशन के साथ पत्रकारिता की पढ़ाई की. पढ़ाई के दौरान ही साल 2011 में रांची में आयोजित नेशनल गेम को कवर करने का मौका मिला, जिसने पत्रकारिता के प्रति जुनून को और मजबूत किया.1 अप्रैल 2011 से प्रभात खबर से जुड़े और शुरुआत से ही डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय रहे. खबरों को आसान, रोचक और आम लोगों की भाषा में पेश करना इनकी खासियत है. डिजिटल के साथ-साथ प्रिंट के लिए भी कई अहम रिपोर्ट कीं. खासकर ‘पंचायतनामा’ के लिए गांवों में जाकर की गई ग्रामीण रिपोर्टिंग करियर का यादगार अनुभव है. प्रभात खबर से जुड़ने के बाद कई बड़े चुनाव कवर करने का अनुभव मिला. 2014, 2019 और 2024 के लोकसभा चुनाव के साथ-साथ झारखंड विधानसभा चुनावों (2014, 2019 और 2024) की भी ग्राउंड रिपोर्टिंग की है. चुनावी माहौल, जनता के मुद्दे और राजनीतिक हलचल को करीब से समझना रिपोर्टिंग की खास पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










