#HappyBdayPMModi : नेताओं ने दी शुभकामनाएं, सोनिया-ममता-केजरीवाल ने इस अंदाज में कहा हैपी बर्थडे मोदी

Updated at : 17 Sep 2019 9:23 AM (IST)
विज्ञापन
#HappyBdayPMModi : नेताओं ने दी शुभकामनाएं, सोनिया-ममता-केजरीवाल ने इस अंदाज में कहा हैपी बर्थडे मोदी

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 69 वर्ष के हो गये और इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. नायडू ने अपने संदेश में कहा कि मोदी के सक्षम नेतृत्व में देश […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को 69 वर्ष के हो गये और इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और भाजपा अध्यक्ष एवं गृह मंत्री अमित शाह समेत कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. नायडू ने अपने संदेश में कहा कि मोदी के सक्षम नेतृत्व में देश लगातार प्रगति कर रहा है.

अमित शाह ने मोदी को बधाई देते हुए ट्वीट किया,‘‘ आपके नेतृत्व में उभरते नये भारत ने विश्व में एक मजबूत, सुरक्षित और विश्वसनीय राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बनाई है.’ उन्होंने कहा, ‘‘हर भारतीय के जीवन को सुगम बनाने के लिए आपका परिश्रम एवं संकल्प भाव हमारे लिए एक प्रेरणास्त्रोत है. एक जनप्रतिनिधि, एक कार्यकर्ता और एक देशवासी के रूप में आपके साथ राष्ट्रीय पुनर्निर्माण में भागीदार बनना सौभाग्य की बात है. ईश्वर से आपके स्वस्थ जीवन एवं दीर्घायु की कामना करता हूं.’

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘विकास के साथ-साथ भारतीय संस्कृति को और अधिक समृद्ध करने में मोदी जी का अभूतपूर्ण योगदान है. मोदी ने एक सुधारक के रूप में न सिर्फ राजनीति को नई दिशा प्रदान की बल्कि आर्थिक सुधारों के साथ-साथ दशकों से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान निकालकर सभी को गौरवान्वित किया.’ उन्होंने कहा,‘‘दृढ़ इच्छाशक्ति, निर्णायक नेतृत्व और अथक परिश्रम के प्रतीक एवं देश के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता प्रधानमंत्री मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं.’

रक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा, ‘‘उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को प्रतिष्ठा की नई ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद की. मैं उनके अच्छे स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना करता हूं.’ मोदी का दिन आज बहुत व्यस्त है और वह अधिकतर समय गुजरात में रहेंगे.

वह नर्मदा नदी पर सरदार सरोवर बांध जाएंगे और ‘‘नमामि नर्मदे’ उत्सव की शुरुआत करेंगे. नर्मदा का जल पहली बार अपने उच्चतम स्तर पर पहुंचा है. वह केवडिया में बांध स्थल पर जाने के बाद एक सभा को संबोधित करेंगे. इसके बाद वह ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ और बांध के निकट जारी विकास परियोजनाओं का जायजा लेंगे. वह केवडिया के निकट गरुड़ेश्वर गांव में भगवान दत्तात्रेय मंदिर जा सकते हैं.

मोदी ने पिछले साल अपने 68वें जन्मदिन पर अपने लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में स्कूली बच्चों के साथ समय बिताया था और इसके बाद उन्होंने वहां काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रार्थना की थी.

सोनिया ने प्रधानमंत्री को दी जन्मदिन की बधाई

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को जन्मदिन की बधाई दी और उनके स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु होने की कामना की. सोनिया ने अपने बधाई संदेश में कहा कि वह प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देती हैं और उनके स्वस्थ, खुशहाल और दीर्घायु होने की कामना करती हैं.

नीतीश ने प्रधानमंत्री मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके जन्म दिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं. नीतीश ने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु होने तथा सुदीर्घ राजनीतिक जीवन की भी कामना की है.

धनखड़, ममता ने मोदी को दी जन्मदिन की बधाई

पश्चिम बंगाल के राज्यपाल जगदीप धनखड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 69 वें जन्मदिन पर मंगलवार को बधाई दी और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश नयी ऊंचाइयों को छू रहा है. राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण, विचार,अथक प्रयास और कुशल नेतृत्व ने देश को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने में मदद की है और देश अपने पुराने वैभव को पा लेने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्हें उनके जन्मदिन के मौके पर मैं लाखों लोगों समेत बधाई देता हूं और उनकी लंबी आयु तथा अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं. राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी प्रधानमंत्री को जन्मदिन को बधाई दी. बनर्जी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा,‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की बधाई.’ आपको बता दें कि ममता प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा के लिए मोदी से नयी दिल्ली में बुधवार को मुलाकात करने वाली हैं.

केजरीवाल ने प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की बधाई दी

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 69 वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दी और उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की कामना की. केजरीवाल ने ट्विटर पर उन्हें बधाई दी, जिसमें उन्होंने लिखा- माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं. हम उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा ने जन्मदिन की बधाई दी

जनता दल एस प्रमुख एचडी देवेगौड़ा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके 69वें जन्मदिन की बधाई दी. पूर्व प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मैं जन्मदिन की शुभकामनाएं देता हूं. ईश्वर आपको अच्छी सेहत और समृद्धि दे.’

मायावती ने दीं प्रधानमंत्री मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं

बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मंगलवार को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनकी दीर्घायु की कामना की. बसपा नेता ने ट्वीट किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को उनके 69वें जन्मदिन के शुभ अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं तथा उनके दीर्घायु होने की कुदरत से प्रार्थना.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola