ePaper

संकट में कांग्रेसः राहुल गांधी के बाद अब ज्योतिरादित्य सिंधिया और मिलिंद देवड़ा ने दिया इस्‍तीफा

Updated at : 07 Jul 2019 6:19 PM (IST)
विज्ञापन
संकट में कांग्रेसः राहुल गांधी के बाद अब ज्योतिरादित्य सिंधिया और मिलिंद देवड़ा ने दिया इस्‍तीफा

नयी दिल्ली : कांग्रेस में इस्‍तीफे का दौर अब भी जारी है. राहुल गांधी के अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देने के बाद अब महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया. सिंधिया ने ट्वीट किया, जनादेश और जवाबदेही को […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : कांग्रेस में इस्‍तीफे का दौर अब भी जारी है. राहुल गांधी के अध्‍यक्ष पद से इस्‍तीफा देने के बाद अब महासचिव ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी लोकसभा चुनाव में पार्टी के खराब प्रदर्शन की जिम्मेदारी लेते हुए रविवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया.

सिंधिया ने ट्वीट किया, जनादेश और जवाबदेही को स्वीकारते हुए मैंने अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव पद से अपना इस्तीफा श्री राहुल गांधी को सौंप दिया है.

उन्होंने लिखा, इस जिम्मेदारी के लिये मुझपर भरोसा जताने और पार्टी की सेवा का मौका देने के लिये मैं उनका आभारी रहूंगा. सिंधिया से कुछ ही घंटे पहले मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं.

इधर मिलिंद देवड़ा ने भी मुंबई कांग्रेस प्रमुख पद से अपना इस्तीफा दे दिया है. अपने इस्‍तीफे की घोषणा के साथ ही उन्‍होंने कहा, वह पार्टी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने की आशा करते हैं.

देवड़ा ने इस साल के आखिर में होने वाले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव तक नगर पार्टी इकाई के कामकाज की देखरेख के लिए कांग्रेस के तीन वरिष्ठ नेताओं की सदस्यता वाला एक अस्थायी सामूहिक नेतृत्व (समिति) गठित करने की सिफारिश की है. संपर्क किए जाने पर देवड़ा ने कहा कि लोकसभा चुनाव नतीजों के बाद राजनीतिक हकीकत बदल चुकी है.

उन्होंने कहा, हम सभी को इस वक्त की जरूरत के मुताबिक भूमिकाएं निभाने के लिए तैयार होना होगा. देवड़ा ने कहा, मैंने तीन सदस्यीय एक समिति (नगर पार्टी इकाई के कामकाज की देखरेख के लिए) का सुझाव दिया है और इस सिलसिले में उपयुक्त नामों के लिए नेता मुझसे संपर्क कर रहे हैं. मैं पार्टी को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर भूमिका निभाने की आशा करता हूं.

मैं मुंबई कांग्रेस को दिशानिर्देश देना और एकजुट करना जारी रखूंगा. देवड़ा के कार्यालय द्वारा रविवार को एक बयान में कहा गया है कि भाजपा-शिवसेना का मुकाबला करना और ‘वंचित बहुजन आघाडी’ (प्रकाश आंबेडकर के नेतृत्व वाले मोर्चा) के प्रभाव को अस्वीकार करना महाराष्ट्र में कांग्रेस के लिए एक चुनौती है.

देवड़ा ने 26 जून को नयी दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात के बाद यह पद फौरन छोड़ने की इच्छा जताई थी. बयान में कहा गया है, इस बात से अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के महासचिव मल्लिकार्जुन खड़गे और के सी वेणुगोपाल को अवगत करा दिया गया.

हाल ही में हुए लोकसभा चुनाव से ठीक पहले देवड़ा को मुंबई कांग्रेस प्रमुख नियुक्त किया गया था। उन्होंने कहा, मैंने पार्टी को एकजुट करने के लिए मुंबई क्षेत्र कांग्रेस समिति(एमआरसीसी) की अध्यक्षता स्वीकार की थी, लेकिन मैंने राहुल गांधी से मिलने के बाद महसूस किया कि मुझे इस्तीफा दे देना चाहिए.

गौरतलब है कि हाल ही में राहुल ने कांग्रेस अध्यक्ष पद और कांग्रेस कार्यकारिणी समिति से इस्तीफा दे दिया था. उनका उत्तराधिकारी तय किया जाना अभी बाकी है. देवड़ा ने लोकसभा चुनाव मुंबई-दक्षिण सीट से लड़ा था लेकिन शिवसेना के अरविंद सावंत से वह हार गए थे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola