ePaper

जम्मू-कश्मीर में दो मुठभेड़ों में छह आतंकवादी ढेर, एक सैनिक और नागरिक की भी मौत

Updated at : 16 May 2019 10:57 PM (IST)
विज्ञापन
जम्मू-कश्मीर में दो मुठभेड़ों में छह आतंकवादी ढेर, एक सैनिक और नागरिक की भी मौत

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा और शोपियां जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में छह आतंकवादी मारे गये. वहीं, एक जवान शहीद हो गया और एक आम नागरिक की भी जान चली गयी. पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पुलवामा जिले में हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गये […]

विज्ञापन

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर के पुलवामा और शोपियां जिले में गुरुवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ों में छह आतंकवादी मारे गये. वहीं, एक जवान शहीद हो गया और एक आम नागरिक की भी जान चली गयी.

पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि पुलवामा जिले में हुई मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकवादी मारे गये और एक सैनिक तथा एक नागरिक की भी मौत हो गयी. वहीं, शोपियां मुठभेड़ में भी तीन आतंकवादी मारे गये. प्रवक्ता ने कहा, पुलिस और सुरक्षा बलों ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर सुबह पुलवामा जिले में डेलीपुरा इलाके की घेराबंदी करके तलाशी अभियान शुरू किया था. प्रवक्ता ने बताया कि जब सुरक्षा बल एक मकान और उसके आसपास से आम नागरिकों को बाहर निकाल रहे थे तभी वहां छिपे आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी आरंभ कर दी. उन्होंने कहा, इस दौरान सेना के एक जवान संदीप शहीद हो गये और एक आम नागरिक रईस डार की भी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि इसके बाद सुरक्षा बलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गयी. मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गये. मारे गये आतंकवादियों के शव बरामद कर लिये गये हैं. उन्होंने कहा, आतंकवादियों की पहचान करीमाबाद, पुलवामा निवासी नसीर पंडित, शोपियां निवासी उमर मीर और पाकिस्तान के खालिद के रूप में की गयी है.

प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मारे गये आतंकवादी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंधित थे. वे सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमला एवं आम नागरिकों पर ज्यादतियां करने समेत कई आतंकवादी अपराधों में संलिप्तता को लेकर वांछित थे. उन्होंने कहा, नसीर पंडित का आतंकवादी संगठन में शामिल होने से पहले आतंकवादी गतिविधियों का पुराना रिकॉर्ड था और जैश में शामिल होने के बाद इलाके में आतंकवादी हमले करने और उनका षड्यंत्र रचने के संबंध में उसके खिलाफ कई आतंकवादी आपराधिक मामले दर्ज हैं. प्रवक्ता ने बताया कि नसीर 2018 में ईद की पूर्व संध्या पर पुलवामा के पुलिसकर्मी मोहम्मद याकूब शाह की हत्या में भी शामिल था. वह आतंकवादी इलाके में दर्ज की गयी हथियार छीनने की कई घटनाओं में भी शामिल था. उन्होंने बताया कि जैशे मोहम्मद के कमांडर के रूप में काम कर रहा खालिद इलाके में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हमले करने एवं आम नागरिकों पर ज्यादतियां करने में शामिल था. उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार गोला-बारूद और अभियोजन योग्य सामग्री बरामद की गयी है.

प्रवक्ता ने बताया कि दूसरी ओर आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने शोपियां जिले के हंदेव इलाके में भी घेराबंदी कर तलाश अभियान शुरू किया. प्रवक्ता ने कहा, तलाश अभियान के दौरान, छुपे हुए आतंकवादियों ने तलाश दल पर गोलीबारी करना शुरू कर दिया. शुरुआती गोलीबारी में सेना का एक जवान सिपाही रोहित घायल हो गया. उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज जारी है. उन्होंने बताया कि उनकी गोलीबारी को सुरक्षा बलों ने भी मुंह तोड़ जवाब दिया, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गयी. उन्होंने कहा, मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गये और उनके शव भी मौके से बरामद कर लिये गये हैं. प्रवक्ता ने बताया कि आतंकवादियों की पहचान और वे किस समूह के थे इसका पता लगाया जा रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola