ePaper

CRPF की चेतावनी : पुलवामा की शहादत को भूलेंगे नहीं, बदला लेंगे

Updated at : 15 Feb 2019 6:11 PM (IST)
विज्ञापन
CRPF की चेतावनी : पुलवामा की शहादत को भूलेंगे नहीं, बदला लेंगे

नयी दिल्ली : सीआरपीएफ ने शुक्रवार को कहा कि वह जम्मू कश्मीर में भयावह आतंकी हमले में शहीद हुए अपने 40 जवानों की शहादत को न तो भूलेगा और न ही माफ करेगा, बल्कि इसका बदला लेगा. देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा, ‘हम भूलेंगे नहीं, […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : सीआरपीएफ ने शुक्रवार को कहा कि वह जम्मू कश्मीर में भयावह आतंकी हमले में शहीद हुए अपने 40 जवानों की शहादत को न तो भूलेगा और न ही माफ करेगा, बल्कि इसका बदला लेगा.

देश के सबसे बड़े अर्द्धसैनिक बल ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा, ‘हम भूलेंगे नहीं, हम माफ नहीं करेंगे.’ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, हम पुलवामा हमले में शहीद हुए अपने जवानों को सलाम करते हैं और शहीद भाइयों के परिवारों के साथ खड़े हैं. इस क्रूर हमले का बदला लिया जायेगा. बल ने कहा कि आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों की याद में सीआरपीएफ की सभी इकाइयों ने दो मिनट का मौन रखा और शुक्रवार को बल का झंडा आधा झुका रहेगा. हमले में मृतकों की संख्या 40 पहुंच गयी है. दिल्ली स्थित सीआरपीएफ मुख्यालय ने पूर्ण कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी (सीओआई) का आदेश जारी किया है.

दिल्ली में सुरक्षाबल के मुख्यालय ने 36 शहीद जवानों की सूची जारी की है जिनकी अब तक पहचान हुई है. केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक आरआर भटनागर और बल के वरिष्ठ अधिकारी गृह मंत्री राजनाथ सिंह के नेतृत्व में स्थिति का आकलन करने के लिए कश्मीर पहुंच गये हैं. उनके घायलों से भी मुलाकात करने की संभावना है जो श्रीनगर में सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती हैं. गौरतलब है कि सीआरपीएफ के 2,500 से अधिक जवान 78 वाहनों के काफिले में यात्रा कर रहे थे जब आतंकवादियों ने बृहस्पतिवार को दोपहर करीब तीन बजकर 15 मिनट पर श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग पर दक्षिण कश्मीर के अवंतिपुरा के लातूमोड़ में घात लगाकर हमला किया. ज्यादातर जवान छुट्टी बिताने के बाद ड्यूटी पर लौट रहे थे. अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद आतंकवादी समूह ने हमले की जिम्मेदारी ली है. यह हमला श्रीनगर से करीब 20 किलोमीटर दूर हुआ. पुलिस ने फिदायीन हमलावर की पहचान आदिल अहमद के रूप में की है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola