CBSE पेपर लीक : छात्रों ने की सभी विषयों की दोबारा परीक्षा कराने की मांग, कांग्रेस ने जावड़ेकर का मांगा इस्तीफा

नयी दिल्ली : 10वीं के गणित और12वीं के अर्थशास्त्र विषयों की दोबारा परीक्षा कराने के सीबीएसई के फैसले के विरोध में छात्रों ने गुरुवार को यहां सड़कों पर प्रदर्शन किये, जबकि कांग्रेस ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और सीबीएसई की प्रमुख को हटाने की मांग की. पर्चों के लीक के मुद्दे पर […]
नयी दिल्ली : 10वीं के गणित और12वीं के अर्थशास्त्र विषयों की दोबारा परीक्षा कराने के सीबीएसई के फैसले के विरोध में छात्रों ने गुरुवार को यहां सड़कों पर प्रदर्शन किये, जबकि कांग्रेस ने केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और सीबीएसई की प्रमुख को हटाने की मांग की.
पर्चों के लीक के मुद्दे पर व्यापक विरोध प्रदर्शन के बीच कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तुकबंदी के जरिये निशाना बनाते हुए कहा, ‘हर चीज में लीक है, चौकीदार वीक है.’ जावड़ेकर ने हालांकि मजबूती के साथ कहा कि दोषियों को छोड़ा नहीं जायेगा. उन्होंने मुद्दे को ‘दुर्भाग्यपूर्ण’ बताया. भाजपा ने राहुल के आरोप को खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष संप्रग सरकार की ओर इशारा कर रहे थे. केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कहा, ‘राहुल गांधी अपने दिनों को याद कर रहे हैं.’ कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सूरजलेवाला ने कहा कि पार्टी जावड़ेकर एवं सीबीएसई की प्रमुख अनीता कारवाल के इस्तीफे की मांग करती है तथा इस मामले की उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश से जांच करायी जानी चाहिए.
पर्चा लीक होने के सिलसिले में दो मामले दर्ज करनेवाली दिल्ली ने मामले में राजेंद्र नगर में एक कोचिंग सेंटर के मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है जिसका नाम सीबीएसई ने अपनी शिकायत में दिया था. व्यक्ति पर कथित लीक में शामिल होने का संदेह है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने दिल्ली पुलिस को दी गयी अपनी शिकायत में कहा है कि 26 मार्च को उसे एक लिफाफा मिला जिसमें चार पन्नों में 12वीं कक्षा के अर्थशास्त्र के पर्चे का उत्तर हाथ से लिखा हुआ था. लिफाफे पर भेजनेवाले का नाम-पता नहीं है. पुलिस को दी गयी शिकायत में बोर्ड ने कहा है कि उन्हें 23 मार्च को किसी अज्ञात स्रोत से फैक्स के जरिये एक शिकायत मिली कि राजेंद्र नगर में कोचिंग कक्षा चलानेवाला एक व्यक्ति इस पर्चा लीक में शामिल है. शिकायत में वहां के दो स्कूलों का नाम भी लिया गया है.
इसी बीच सीबीएसई के 10वीं कक्षा के गणित और 12वीं कक्षा के अर्थशास्त्र विषय की पुन: परीक्षा की घोषणा के खिलाफ सैकड़ों छात्र यहां जंतर मंतर पर जमा हुए और उन्होंने ‘हमें न्याय चाहिए’ जैसे नारे लगाये. हाथों में तख्तियां थामे इन छात्रों ने बताया कि पुन: परीक्षा की खबर के बाद उन्हें बहुत तनाव का सामना करना पड़ा. कई छात्रों ने दावा किया कि परीक्षाओं से एक दिन पहले ही लगभग सभी प्रश्नपत्र लीक हो गये थे और उन्होंने मांग की कि अगर पुन: परीक्षा होती है तो यह सभी विषयों की होनी चाहिए. सेंट थामस स्कूल की 10वीं कक्षा की छात्रा भाविका यादव ने कहा, ‘हम पुन: परीक्षा की खबर सुनकर हैरान थे. अगर कुछ छात्रों को परीक्षा से पहले लीक प्रश्नपत्र मिल गया तो इसके लिए हम परेशान क्यों हों?’
राहुल ने ट्विटर पर सरकार पर हमला बोलते हुए मोदी सरकार के कार्यकाल के बस एक साल बचे होने की तरह संकेत करते हुए ‘बस एक और साल’ हैशटैग का भी इस्तेमाल किया. जावड़ेकर ने कहा कि सीबीएसई पुनर्परीक्षा की तारीख की घोषणा संभवत: सोमवार या मंगलवार को कर देगी. जावड़ेकर ने कहा कि जिन लोगों ने यह अपराध किया है, उन्हें बख्शा नहीं जायेगा. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘मुझे पूरा विश्वास है कि पुलिस जल्द ही दोषियों को पकड़ेगी जैसे उन्होंने एसएससी मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है.’ जावड़ेकर ने कहा, ‘यह काफी दुर्भाग्यपूर्ण है. मैं अभिभावकों और विद्यार्थियों के दर्द को समझ सकता हूं. बुधवार की रात मैं भी नहीं सो सका, मैं भी एक अभिभावक हूं. इस पेपर लीक मामले में जो भी दोषी होंगे, उन्हें बख्शा नहीं जायेगा.’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




