ePaper

आईसीजे सीट चुनाव : भारत के भंडारी आैर ब्रिटेन ग्रीनवुड का मुकाबला फिर रहा बेनतीजा, थरूर ने ब्रिटेन को लताड़ा

Updated at : 14 Nov 2017 12:43 PM (IST)
विज्ञापन
आईसीजे सीट चुनाव : भारत के भंडारी आैर ब्रिटेन ग्रीनवुड का मुकाबला फिर रहा बेनतीजा, थरूर ने ब्रिटेन को लताड़ा

वाशिंगटन : अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) की एक सीट पर चुनाव के लिए भारत के दलवीर भंडारी और ब्रिटेन के क्रिस्टोफर ग्रीनवुड के बीच मुकाबला फिर से बेनतीजा रहा. इस चुनाव के लिए हुए ताजा मुकाबले में किसी भी उम्मीदवार को आवश्यक संख्या में मत नहीं मिल पाये. इस ताजा मतदान से पहले कांग्रेस के नेता […]

विज्ञापन

वाशिंगटन : अंतरराष्ट्रीय अदालत (आईसीजे) की एक सीट पर चुनाव के लिए भारत के दलवीर भंडारी और ब्रिटेन के क्रिस्टोफर ग्रीनवुड के बीच मुकाबला फिर से बेनतीजा रहा. इस चुनाव के लिए हुए ताजा मुकाबले में किसी भी उम्मीदवार को आवश्यक संख्या में मत नहीं मिल पाये. इस ताजा मतदान से पहले कांग्रेस के नेता शशि थरुर ने आरोप लगाया कि ब्रिटेन संयुक्त राष्ट्र महासभा के बहुमत की इच्छा को बाधित करने की कोशिश कर रहा है . 70 वर्षीय भंडारी और ग्रीनवुड हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय अदालत में फिर से चुने जाने के लिए एक दूसरे से मुकाबला कर रहे हैं. उधर, इस मामले को लेकर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ब्रिटेन पर महासभा की इच्छा को बाधित करने का आरोप लगाया है.

इसे भी पढ़ेंः कुलभूषण जाधव की फांसी पर ICJ ने लगायी रोक, PM मोदी ने संतोष जताया, मुंबई में छूटे पटाखे

आईसीजे की 15 सदस्यीय पीठ के एक तिहाई सदस्य हर तीन साल में नौ वर्ष के लिए चुने जाते हैं. इसके लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद में अलग अलग लेकिन एक ही समय चुनाव कराये जाते हैं. आईसीजे में चुनाव के लिए मैदान में उतरे कुल छह में से चार उम्मीदवारों को संयुक्त राष्ट्र कानूनों के अनुसार पिछले गुरुवार को संयुक्त राष्ट्र कानूनों के अनुसार चुना गया और उन्हें महासभा एवं सुरक्षा परिषद दोनों में पूर्ण बहुमत मिला.

चार दौर के चुनाव में इनका हुआ चुनाव

फ्रांस के रोनी अब्राहम, सोमालिया के अब्दुलकावी अहमद यूसुफ, ब्राजील के एंतोनियो अगस्ते कानकाडो त्रिनदादे और लेबनान के नवाफ सलाम को बृहस्पतिवार को चार दौर के चुनाव के बाद चुना गया. आईसीजे के शेष एक उम्मीदवार के चयन के लिए संयुक्त राष्ट्र महासभा और सुरक्षा परिषद ने सोमवार को अलग-अलग बैठकें कीं.

पांच दौर में भंडारी को मिले पांच मत

सुरक्षा परिषद में चुनाव के पांचों दौर में ग्रीनवुड को नौ मत मिले, जबकि भारत के भंडारी को पांच मत मिले. सुरक्षा परिषद में बहुमत के लिए आठ मतों की आवश्यकता होती है. ब्रिटेन सुरक्षा परिषद का स्थायी सदस्य है. इसके मद्देनजर ग्रीनवुड भंडारी की तुलना में लाभ की स्थिति में हैं. भंडारी को महासभा के सभी पांचों दौर के चुनाव में पूर्ण बहुमत मिला. उन्हें गुरुवार को चुनाव में 115 मत मिले थे और यह संख्या सोमवार को बढ़कर 121 हो गयी. महासभा में पूर्ण बहुमत के लिए 97 मत मिलने आवश्यक हैं. ग्रीनवुड के मतों की संख्या 76 से कम होकर 68 रह गयी.

महासभा की आवाज को किया जा रहा नजरअंदाजः थरूर

आईसीजे की इस सीट के चुनाव के बेनतीजा रहने के बाद महासभा और सुरक्षा परिषद ने बैठक को बाद की किसी और तारीख के लिए स्थगित कर दिया. आईसीजे के लिए सोमवार को हुए मतदान से पहले कांग्रेस नेता और संयुक्त राष्ट्र के पूर्व शीर्ष अधिकारी थरुर ने कहा कि महासभा की आवाज को लंबे समय से नजरअंदाज किया जा रहा है.

उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और महासभा ने भारतीय एवं ब्रिटेन के उम्मीदवारों के बीच अंतरराष्ट्रीय अदालत के न्यायाधीश के चयन के लिए मतदान किया, जिसमें संयुक्त राष्ट्र की वैधता और प्रभावशीलता दांव पर है. महासभा की आवाज को लंबे समय से नजरअंदाज किया जाता रहा है.

थरूर ने भारत के पक्ष में दिया बयान

थरुर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र महासभा की एक बड़ी इकाई के सीधे मुकाबले में पहली बार सुरक्षा परिषद के एक स्थायी सदस्य का उम्मीदवार महासभा में पूर्ण बहुमत हासिल नहीं कर पाया. महासभा का चुनाव 70 से अधिक वर्षों के विशेषाधिकार के अवांछित विस्तार के खिलाफ विरोध में बदल गया है. पी5, 40 मतों से हार गया. उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी न्यायाधीश या जिस देश से वह संबंध रखता है, उसके बारे में नहीं है, बल्कि यह चुनाव महासभा के विशेषाधिकार प्राप्त देशों के एक सदस्य के खिलाफ खड़ा होना है, जो महासभा में बड़े स्तर पर हार गया, लेकिन सुरक्षा परिषद में उसे छह के मुकाबले नौ सदस्यों से बढ़त मिल गयी.

थरूर ने ब्रिटेन पर लगाया महासभा की इच्छा को बाधित करने का आरोप

ब्रिटेन महासभा में बहुमत की इच्छा को बाधित करने की कोशिश कर रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि वैश्विक अदालत के न्यायाधीशों को संयुक्त राष्ट्र सदस्यता के बहुमत का प्रतिनिधित्व करना चाहिए. सुरक्षा परिषद में स्थायी सदस्यों का क्लब इस तरह आगे नहीं बढ़ सकता. थरुर ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के निर्णय को अधिकतर सदस्यों की आवाज को प्रतिबिंबित करना चाहिए, न कि लंबे समय से विशेषाधिकार प्राप्त कुछ देशों के निर्णय को. उन्होंने कहा कि केवल इसी प्रकार का बहुपक्षवाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय खासकर युवा पीढ़ी के बीच विश्वास को प्रेरित करेगा. उन्होंने कहा कि यह भारत या किसी एक देश के बारे में नहीं है. यह न्याय, समता और निष्पक्षता के विचार के बारे में है.

सुरक्षा परिषद के सदस्यों से थरूर की अपील

थरुर ने कहा कि यह उस भविष्य के बारे में है, जिसकी कल्पना हम संयुक्त राष्ट्र और बहुपक्षवाद के बारे में करते हैं. अब यह सुधार का समय है. मैं सुरक्षा परिषद के सदस्यों से अपील करता हूं कि वह भारत के उम्मीदवार के लिए मतदान करें. उन्होंने कहा कि सिद्धांत के इन बिंदुओं के अलावा भारत ने अधिक न्यायसंगत वैश्विक व्यवस्था की तलाश में अपने साझीदारों के साथ हमेशा साझा जिम्मेदारी निभायी है. हमारे मूल्य हमें विवादों के शांतिपूर्ण समाधान और नियम आधारित रचनात्मक बहुलवाद की ओर ले जाते हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola