Dhanbad News: मुठभेड़ में प्रिंस खान के गुर्गे को लगी गोली, दो गिरफ्तार

Edited by ASHOK KUMAR
Updated:
विज्ञापन

धनबाद-गोविंदपुर मार्ग पर भूईंफाेड़ स्थित जैप-3 के फायरिंग रेंज के पास शाम चार बजे हुई मुठभेड़, दोनों तरफ से 20 राउंड चलीं गोलियां. अपराधियाें ने फेंके बम.

विज्ञापन

धनबाद-गोविंदपुर मार्ग पर भूईंफाेड़ स्थित जैप-3 के फायरिंग रेंज के पास रविवार शाम करीब चार बजे गैंगस्टर प्रिंस खान के गुर्गाें से पुलिस की मुठभेड़ हो गयी. अपराधियों ने खुद को पुलिस से घिरते देख फायरिंग कर दी. इस दौरान पास रखे झोले से निकालकर दो बम भी फेंके. इनमें एक बम विस्फोट कर गया. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया. घायल अपराधी की पहचान शहर के हीरापुर विनोद नगर निवासी 52 वर्षीय सुदीश ओझा के रूप में हुई. उसके दोनों पैरों में दो गोली लगी है. अपराधियों की फायरिंग में सरायढेला थाने में तैनात एएसआइ बालमुकुंद कुमार घायल हो गये. उनके दाहिने हाथ में गोली लगी. दोनों घायलों को नावाडीह स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मुठभेड़ के दौरान सुदीश का साथी दिलीप गिरफ्तार कर लिया गया.

दोनों तरफ से 20 राउंड चलीं गोलियां

पुलिस के अनुसार, दोनों तरफ से करीब 20 राउंड फायरिंग हुई. अपराधियों ने सुरक्षाबलों पर 12 राउंड फायरिंग की. वहीं जवाब में पुलिस ने आठ चक्र गोलियां चलायीं. दोनों अपराधी एक रेलवे ठेकेदार के पेटी कॉन्ट्रैक्टर से रंगदारी के पैसे लेने सरायढेला क्षेत्र में घूम रहे थे. मुठभेड़ की सूचना पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर नौशाद आलम समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गये. रात करीब 10 बजे रांची से आयी टीम ने एक जिंदा बम को डिफ्यूज किया. एक वरीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार, एएसआइ बालमुकुंद कुमार, एएसआइ धीरज कुमार, बैंकमोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार और जवान शामिल थे. गिरफ्तार दिलीप को अज्ञात स्थान पर रखकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.

गोल बिल्डिंग के पास रोके जाने पर भागे, पुलिस ने किया पीछा

रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के कुछ अपराधी एक रेलवे ठेकेदार के पेटी कॉन्ट्रैक्टर से रंगदारी वसूलने सरायढेला इलाके में घूम रहे हैं. धनबाद पुलिस तुरंत सक्रिय हो गयी. क्षेत्र के मुख्य चौक-चौराहों पर निगरानी शुरू की गयी. चेकपोस्ट पर जांच बढ़ा दी गयी. गोल बिल्डिंग चेकपोस्ट के पास भी वाहनों की जांच शुरू की गयी. इसी दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया. वे रुकने की बजाया तेजी से स्कूटी भगाने लगे. पुलिस का संदेह गहराया. टीम ने उनका पीछा शुरू किया. अपराधी भागते हुए भूईंफोड़ इलाके में धनबाद पब्लिक स्कूल के पास स्थित फायरिंग रेंज की ओर पहुंच गये. जैसे ही पुलिस अपराधियों के करीब पहुंची, खुद को घिरते देख एक अपराधी ने पास रखे झोले से दो बम निकालकर पुलिस पर फेंक दिये. एक बम फट गया. वहीं, पीछे बैठे दूसरे गुर्गे सुदीश ओझा ने पिस्टल निकालकर पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी मच गयी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की. पुलिस की फायरिंग में सुदीश ओझा के दोनों पैरों में दो गोली लगी. इससे वह भागने में असमर्थ हो गया और पुलिस ने मौके पर ही उसे पकड़ लिया. सूत्रों के अनुसार पकड़ा गया दूसरा अपराधी ही स्कूटी चला रहा था.

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस के पास सूचना थी कि गैंगस्टर प्रिंस खान के गिरोह के सदस्य शहर में रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की थी. पुलिस की तत्परता के कारण अपराधियों की योजना विफल हो गयी.

फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की. इस दौरान घटनास्थल से एक जिंदा बम बरामद किया गया. धनबाद पुलिस ने रांची मुख्यालय में बम स्क्वायड टीम को इसकी सूचना दी. रविवार देर रात बम स्क्वायड टीम ने बम को डिफ्यूज कर दिया. इधर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाये हैं. खोखा और अन्य चीजों को जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है. टीम यह पता लगाने में जुटी है कि अपराधियों के पास कौन-कौन से हथियार थे.

जानें कौन है सुदीश ओझा

जानकार बताते हैं कि सुदीश ओझा पहले गैंगस्टर फहीम खान के लिए काम करता था. उसके इशारे पर जमीन कारोबारियों व अन्य को धमकाकर रंगदारी वसूलता था. वह कई बार जेल जा चुका है. फहीम का गैंंग छोड़ने के बाद वह प्रिंस खान के लिए काम करने लगा. सूत्रों के अनुसार, सुदीश ओझा वर्तमान में जमीन के कारोबार से भी जुड़ा था. वह जमीन की खरीद-बिक्री करता था.

विज्ञापन
ASHOK KUMAR

लेखक के बारे में

By ASHOK KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola