झामुमो नेता और पीएलवी की पहल रंग लाई, ब्लड कैंसर पीड़िता को मिलेगा बेहतर इलाज
झामुमो नेता और पीएलवी की पहल रंग लाई, ब्लड कैंसर पीड़िता को मिलेगा बेहतर इलाज
झामुमो नेता और पीएलवी की पहल रंग लाई, ब्लड कैंसर पीड़िता को मिलेगा बेहतर इलाज फोटो कैप्शन (26 आरजेएन 03) प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ श्याम सोरेन से बातें करते राजनगर — राजनगर प्रखंड क्षेत्र के छोटा खिरी गांव की रहने वाली मिथला महतो (58 वर्ष) पिछले कई दिनों से ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही हैं. आर्थिक तंगी के कारण उनका समुचित इलाज नहीं हो पा रहा था, जिससे परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही थी. परिवार की असहाय स्थिति की जानकारी मिलने पर झामुमो बुद्धिजीवी मोर्चा के जिलाध्यक्ष दुर्गा लाल मुर्मू एवं पीएलवी भक्तू मार्डी ने मानवीय पहल करते हुए पीड़िता को बेहतर इलाज दिलाने की दिशा में कदम उठाया. दुर्गा लाल मुर्मू और भक्तू मार्डी ने मामले की जानकारी राजनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम सोरेन को दी. जानकारी मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ और मिथला महतो को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजनगर बुलाया गया. वहां चिकित्सकों द्वारा उनकी प्रारंभिक जांच एवं उपचार किया गया. सीएचसी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्याम सोरेन ने बताया कि ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर संभव नहीं है. उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें मामले की जानकारी मिली, तुरंत मरीज को सीएचसी बुलाकर आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू की गयी. उन्होंने बताया कि सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के तहत मिथला महतो को बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित मेहरबाई अस्पताल भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है, ताकि समय पर उचित उपचार मिल सके. डॉ. सोरेन ने कहा कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ दिलाना प्राथमिकता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि मरीज के इलाज में हर संभव सहयोग किया जाएगा. वहीं, दुर्गा लाल मुर्मू ने कहा कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी व्यक्ति का इलाज रुकना नहीं चाहिए. उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में आज भी कई लोग जागरूकता और आर्थिक कमजोरी के कारण गंभीर बीमारियों का समय पर इलाज नहीं करा पाते हैं. ऐसे जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है. पीएलवी भक्तू मार्डी ने भी कहा कि जरूरतमंद मरीजों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने का प्रयास लगातार जारी रहेगा. इस पहल से पीड़ित परिवार ने राहत महसूस की है और स्वास्थ्य विभाग व समाजसेवियों के प्रति आभार जताया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










