East Singhbhum News : कर्मचारियों के सहयोग से ही धरातल पर विकास : विधायक

Published by : ATUL PATHAK Updated At : 31 Aug 2025 11:50 PM

विज्ञापन

DCIM100MEDIADJI_0190.JPG

62 वर्ष सेवा सीमा, एमएसीपी ओपीएस बहाली और शिशु शिक्षा भत्ता पर मंथन

विज्ञापन

घाटशिला. झारखंड ऑफिसर्स टीचर्स एंड इम्प्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) पूर्वी सिंहभूम के तत्वावधान में रविवार को घाटशिला के जेसी हाई स्कूल स्थित आशा ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कर्मचारी शक्ति समागम का आयोजन हुआ. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बहरागोड़ा के विधायक समीर कुमार मोहंती और विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षाड़ंगी उपस्थित थे. मौके पर विधायक ने कहा कि सरकार तभी धरातल पर विकास कर सकती है जब कर्मचारियों को संतोष और सहयोग मिले. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर हैं. उन्होंने शिक्षकों की अहमियत पर बल देते हुए कहा कि बिना शिक्षक और गुरु के इंसान अधूरा है.

कर्मचारी और शिक्षक समाज व राज्य की आत्मा हैं. कार्यक्रम का आरंभ में दिशोम गुरु शिबू सोरेन और दिवंगत शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया. स्वागत गीत रीता चंद्र की टीम ने प्रस्तुत किया. कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी साजिद अहमद ने किया.

सरकार से कम नहीं है कर्मचारियों की जिम्मेदारी : कुणाल षाड़ंगी

कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि कर्मचारी सरकार की नीतियों को जनता तक पहुंचाने के सबसे बड़े माध्यम हैं. सरकार में बैठे लोग पॉलिसी बनाते हैं, लेकिन उसे जन-जन तक पहुंचाने का दायित्व कर्मचारियों के कंधों पर है. कर्मचारियों की जिम्मेदारी सरकार से कम नहीं है. उन्होंने झारखंड सरकार द्वारा ओल्ड पेंशन स्कीम लागू किये जाने को ऐतिहासिक निर्णय बताया. कर्मचारियों की मांगों एमएसीपी, सेवा सीमा 62 वर्ष, शिशु शिक्षा भत्ता को न्यायसंगत और प्रासंगिक बताया. कहा कि कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों पर भी ध्यान देना चाहिए, तभी राज्य की व्यवस्था सुदृढ़ होगी.

इन मांगों को लेकर हुआ समागम

सेवा अवधि 62 वर्ष तक की जाय, शिक्षक संवर्ग को एमएसीपी का लाभ मिले, केंद्रीय कर्मियों की तरह राज्य कर्मियों को शिशु शिक्षा भत्ता दिया जाय, ओल्ड पेंशन स्कीम को स्थायी रूप से लागू किया जाय.

गुरुजी शिबू सोरन व रामदास सोरन को दी गयी श्रद्धांजलि

समागम में महासंगठन के प्रांतीय कोषाध्यक्ष नितिन कुमार, वरीय उपाध्यक्ष अमित कुमार महतो, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, प्रांतीय मीडिया प्रभारी राकेश कुमार, कोल्हान प्रमंडल संगठन सचिव दीपांकर महतो, दीपांकर महापात्र, जिलाध्यक्ष पंचानन महतो, जिला सचिव उत्पल चक्रवर्ती, जिला कोषाध्यक्ष कार्तिक चंद्र, उपाध्यक्ष गंगाधर महतो, यामिनी महतो, तपन चंद्र, संजय दास, नवीन महतो, प्रदीप महतो समेत जिले और प्रखंड के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे. उपस्थित लोगों ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन और रामदास सोरेन की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
ATUL PATHAK

लेखक के बारे में

By ATUL PATHAK

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola