जिस महिला की हत्या के आरोप में देवर गया जेल, वह 10 महीने बाद मिली जिंदा

Updated at : 07 Apr 2026 6:48 PM (IST)
विज्ञापन
जिस महिला की हत्या के आरोप में देवर गया जेल, वह 10 महीने बाद मिली जिंदा

जिस महिला की हत्या के आरोप में देवर गया जेल, वह 10 महीने बाद जिंदा बरामद

विज्ञापन

प्रेमी के साथ शादी कर रह रही थी लक्खी देवी, देवर के कबूलनामे व पुलिस अनुसंधान की खुली पोल

आजमनगर. थाना क्षेत्र के आलमपुर पंचायत के कुसहा गांव निवासी महिला को 10 महीने पहले आजमनगर पुलिस ने अनुसंधान के दौरान मृत मान लिया था. वह अब जिंदा बरामद हुई है. इस पूरे घटनाक्रम ने डीएसपी व आजमनगर पुलिस द्वारा किये गये जांच व न्यायिक प्रक्रिया पर बड़े सवाल खड़े कर दिये हैं. आजमनगर थाना में सबसे चर्चित लक्खी देवी हत्याकांड में अब एक नया मोड़ आ गया है, जिस महिला की हत्या के आरोप में आजमनगर पुलिस ने लक्खी देवी के चचेरे देवर राजेश यादव को जेल भेज दिया था. वह महिला अब जिन्दा बरामद हुई है.

यह घटना करीब 10 महीने पहले की है. जब लक्खी देवी के लापता होने के बाद उनके चचेरे देवर राजेश यादव पर हत्या का आरोप लगाया गया था. पुलिस अनुसंधान के दौरान राजेश यादव ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया था कि उसने लक्खी देवी की हत्या कर शव को महानंदा नदी में फेंक दिया है. इसके बाद पुलिस गोताखोरों व एसडीआरएफ की टीम द्वारा कई दिनों तक महानंदा नदी में शव की खोजबीन की गयी थी. लेकिन कोई सुराग नहीं मिला पाया था. राजेश यादव ने आजमनगर पुलिस के सामने लख्खी देवी की हत्या को स्वीकार किया था. इसके आधार पर आजमनगर पुलिस ने राजेश यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. जहां वह आज भी जेल में कैद है.

लेकिन अब इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. आजमनगर पुलिस ने सुधानी थाना क्षेत्र के दोगज गांव से लक्खी देवी को जिन्दा बरामद कर लिया है. जानकारी के मुताबिक लख्खी देवी किसी प्रेम कुमार उर्फ घीसटा नामक व्यक्ति के साथ विवाह कर ली थी. जहां एक तरफ चचेरे देवर राजेश यादव जेल में कैद है तो वहीं दूसरी ओर लख्खी देवी अपने प्रेमी के साथ बेखौफ रह रही थी. परिजनों ने जानकारी देते हुए कहा कि लक्खी देवी का प्रेम कुमार के साथ पिछले नौ वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. चार बच्चे को छोड़कर परिजन व ग्रामीणों की आंखों में धूल झोंककर अपने प्रेमी के साथ चली गयी. लक्खी देवी अचानक गायब होते ही राजेश यादव को हत्या के आरोप में जेल भेज दिया गया जो अब पुरी तरह से साजिश बताया जा रहा है.उक्त मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या राजेश यादव को अब जेल से रिहाई मिलेगी. क्या पुलिस जांच में लापरवाही हुई थी. क्या झूठा आरोप लगाने के लिए लक्खी देवी पर कानूनी कार्रवाई होगी. हालांकि इस पूरे मामले में आजमनगर पुलिस की ओर से दुबारा से जांच कि जा रही है. साथ ही कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है. बारसोई डीएसपी अजय कुमार ने दूरभाष पर जानकारी देते हुए कहा है कि उक्त मामले में राजेश यादव द्वारा पुलिस के सामने हत्या कर महानंदा नदी में फेंकने की बात स्वीकार किया है. साथ ही राजेश यादव पर यौन शोषण तथा गर्भपात कराने का भी आरोप है. जिसके आधार पर उन्हें न्यायिक हिरासत में रखा गया है.

विज्ञापन
RAJKISHOR K

लेखक के बारे में

By RAJKISHOR K

RAJKISHOR K is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन