Bokaro News : 10 वर्षों में भी चास जलापूर्ति योजना का लोगों को नहीं मिला लाभ

Published by : ANAND KUMAR UPADHYAY Updated At : 31 Jan 2026 11:24 PM

विज्ञापन

<P>चास, चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या पांच आदिवासी क्षेत्र है, बावजूद लोगों को मूलभूत सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है. पेयजल समस्या, कच्चा मकान व स्ट्रीट लाइट

विज्ञापन

चास, चास नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या पांच आदिवासी क्षेत्र है, बावजूद लोगों को मूलभूत सुविधा का लाभ नहीं मिल रहा है. पेयजल समस्या, कच्चा मकान व स्ट्रीट लाइट की समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं. वार्ड की आबादी लगभग 4500 है, जबकि मतदाताओं की संख्या करीब दो हजार है. मांझीडीह, जमगोरिया, ओझाटोला, नयाटाड़ व तलगाड़िया मोड़ इस वार्ड क्षेत्र में आता है. 2020 में नगर निगम बोर्ड भंग हो गया था. इसके बाद पिछले छह साल से निगम प्रशासक की देखरेख में काम हो रहा है. वर्ष 2015 में चास जलापूर्ति योजना शुरू हुई थी, लेकिन 10 साल के बाद भी वार्ड पांच के लोगों को चास जलापूर्ति योजना से एक बूंद पानी नसीब नहीं हुआ. स्थानीय निवासी उमेश महतो, खुदीराम हेंब्रम, अजय हेंब्रम, रंगलाल, अजीत महतो, विजय हेंब्रम, शिबू महतो, देवेंद्र महतो सहित अन्य ने कहा कि वार्ड पांच एनएच 32 मुख्य पथ से सटा हुआ है. इसी रास्ते जलापूर्ति का मुख्य पाइपलाइन गुजरा है, लेकिन हमलोग के वार्ड क्षेत्र में रहने वाले लोगों को पानी नहीं मिला. एक वर्ष पूर्व सिर्फ पाइप बिछाकर छोड़ दिया गया है. पानी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है, खासकर गर्मी के दिनों में लोगो को बहुत ज्यादा परेशानी होती है. निगम कार्यालय में पेयजल समस्या के समाधान को लेकर कई बार आवेदन दिया गया, लेकिन अभी कोई सकारात्मक करवाई नहीं की गयी.

कच्चे घर में रहने को विवश हैं लोग

चास नगर निगम वार्ड पांच क्षेत्र के मांझीडीह और जमगोड़िया गांव में बहुत परिवार को आवास योजना का लाभ मिला है, लेकिन आज भी दर्जनों परिवार कच्चे, खपरैल और फूस के मकान में रहने को मजबूर हैं. लोगों ने कहा कि कई लाभुकों का आवास योजना का किस्त का भुगतान नहीं हुआ है, जिस कारण लोग आवास का निर्माण कार्य को पूरा नहीं कर पा रहे हैं. मांझीडीह जाने वाला रास्ता कुछ दूरी तक अभी भी कच्चा है. बारिश के दौरान कीचड़ में लोगों को आवागमन करने में बहुत परेशानी होती है. साथ ही पक्की सड़क भी जगह-जगह टूट गयी है. कहा कि निगम प्रशासन द्वारा शहरी गरीब के लिए मांझीडीह में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत, ट्रांजिट ब्लॉक का निर्माण कराया गया था. स्लम पुनर्विकास के तहत लोगों को बसाया भी गया. लेकिन रख-रखाव के अभाव में भवन जर्जर हो गया है. लोगों ने कहा कि मांझीडीह और जमगोड़िया गांव में लगे सोलर पंप मरम्मत के अभाव में वर्षों से खराब है, साथ ही कई चापाकल भी खराब है.

कचरे का नहीं होता उठाव

निगम की सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है. लोगों ने कहा कि चास नगर निगम के सफाई कर्मी वार्ड के अंदर नहीं आते है. कर्मी सर्फ तलगड़िया मोड़ तक आते है और सफाई कर चले जाते है. कचरा उठाव, तो होता ही नहीं है. वार्ड क्षेत्र के सभी जगहों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगायी गयी है. जो भी लगी है, उसमें से आधा से ज्यादा खराब हो गयी है. मेंटेनेंस की कमी के कारण ज्यादातर लाइट खराब हो रहीं है. रात में लोगों को आवागमन करने में बहुत परेशानी होती है.

पूर्व वार्ड पार्षद का दावा

वार्ड पांच के पूर्व पार्षद दुर्गा हेंब्रम ने कहा कि अपने कार्यकाल में वार्ड क्षेत्र में कई विकास कार्य किये है. वार्ड क्षेत्र में लगभग 450 पीएम आवास का निर्माण कराया गया. सैकड़ों जरूरतमंद लोगों का राशन कार्ड बनाया गया. पहले कुछ ही लोगों के पास राशनकार्ड था. निगम में प्रशासक राज के दौरान विकास कार्य धीमा हुआ है. वार्ड क्षेत्र में अभी भी लगभग 150 जरूरतमंद लाभुकों को आवास की जरूरत है. लोगों को जलापूर्ति का पानी नहीं मिल पाया. स्ट्रीट लाइट के मेंटेनेंस भी नियमित नहीं होती है.

विज्ञापन
ANAND KUMAR UPADHYAY

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR UPADHYAY

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola