पार्टनर की हर बात लगती है बुरी? रिश्ते में आ चुका है रिलेशनशिप बर्नआउट
Relationship Burnout
Relationship Burnout: क्या पार्टनर की छोटी-छोटी बातें भी आपको परेशान करने लगी हैं? लगातार थकान, चिड़चिड़ापन और भावनात्मक दूरी रिलेशनशिप बर्नआउट के संकेत हो सकते हैं. जानिए इसके कारण, लक्षण और रिश्ते को दोबारा मजबूत बनाने के आसान उपाय.
Relationship Burnout: किसी भी रिश्ते की शुरुआत में उत्साह, अपनापन और एक-दूसरे के साथ समय बिताने की इच्छा सबसे ज्यादा होती है. लेकिन समय के साथ अगर रिश्ते में लगातार तनाव, अनसुलझे विवाद और भावनात्मक दूरी बढ़ने लगे, तो व्यक्ति खुद को थका हुआ और परेशान महसूस करने लगता है. कई बार यह सामान्य तनाव नहीं बल्कि रिलेशनशिप बर्नआउट का संकेत हो सकता है.
क्या होता है रिलेशनशिप बर्नआउट?
रिलेशनशिप बर्नआउट एक ऐसी स्थिति है, जिसमें व्यक्ति अपने रिश्ते को लेकर मानसिक और भावनात्मक रूप से थक जाता है. उसे रिश्ते को संभालने की कोशिश भी बोझ लगने लगती है. यह स्थिति तब पैदा होती है जब लंबे समय तक समस्याएं बनी रहें और उनका समाधान न निकले. नौकरी, आर्थिक दबाव या पारिवारिक तनाव जैसी बाहरी परिस्थितियां भी इसके लिए जिम्मेदार हो सकती हैं.
किन कारणों से बढ़ता है रिलेशनशिप बर्नआउट?
समस्याओं को टालना
अगर रिश्ते में पैदा हुई परेशानियों पर समय रहते बात नहीं की जाए, तो वे धीरे-धीरे मन में जमा होने लगती हैं. यही बातें आगे चलकर तनाव और नाराजगी का कारण बनती हैं.
लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव
काम का दबाव, पैसों की चिंता या घर के विवाद व्यक्ति के व्यवहार को प्रभावित करते हैं. इसका असर रिश्तों पर भी पड़ता है और पार्टनर के बीच दूरी बढ़ सकती है.
भावनात्मक और शारीरिक नजदीकी में कमी
जब कपल एक-दूसरे से खुलकर बात करना या अपनी भावनाएं साझा करना कम कर देते हैं, तो रिश्ते में जुड़ाव कमजोर होने लगता है. इससे प्यार और भरोसा दोनों प्रभावित हो सकते हैं.
साथ में समय न बिताना
रिश्ते को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है कि दोनों साथी एक-दूसरे के साथ समय बिताएं और छोटी-छोटी गतिविधियों में शामिल हों. ऐसा न होने पर दूरी बढ़ने लगती है.
इन संकेतों से करें पहचान
- पार्टनर के साथ रहते हुए लगातार चिड़चिड़ापन महसूस होना.
- बिना किसी खास वजह के मानसिक थकान महसूस होना.
- बातचीत करने या साथ समय बिताने से बचना.
- छोटी-छोटी बातों पर बहस या झगड़ा होना.
- रिश्ते में भावनात्मक दूरी महसूस होना.
अगर ये संकेत लंबे समय तक बने रहें, तो रिश्ते को नजरअंदाज करने के बजाय खुलकर बातचीत करना और जरूरत पड़ने पर विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर हो सकता है.
यह भी पढ़ें: क्या आपका पार्टनर अब आपको ‘ऑप्शन’ की तरह ट्रीट कर रहा है? ये 9 संकेत बता देंगे सच
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pushpanjali
मेरा नाम पुष्पांजलि है और मैं पिछले दो साल से प्रभात खबर डिजिटल के साथ जुड़ी हुई हूं। मैं लाइफस्टाइल और हेल्थ बीट कवर करती हूं, जहां फिटनेस, डाइट, वेट लॉस, स्किनकेयर, मेंटल वेलनेस और रोजमर्रा की हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखती हूं। मुझे ऐसी स्टोरीज पर काम करना पसंद है जो लोगों की डेली लाइफ से जुड़ी हों और उन्हें कुछ नया सीखने या अपनी लाइफस्टाइल को बेहतर बनाने में मदद करें। नए हेल्थ ट्रेंड्स, फिटनेस टिप्स, ब्यूटी हैक्स और वेलनेस से जुड़ी जरूरी जानकारियों को आसान तरीके से पाठकों तक पहुंचाना मेरी खास रुचि है। मैं हमेशा कोशिश करती हूं कि हेल्थ और लाइफस्टाइल से जुड़ी जानकारी को बिना मुश्किल शब्दों के, आसान और रिलेटेबल अंदाज में पेश करूं। मेरा मकसद सिर्फ खबर बताना नहीं, बल्कि ऐसी जानकारी शेयर करना है जो पाठकों के लिए सच में काम की हो और उनकी रोजमर्रा की जिंदगी को थोड़ा बेहतर बना सके।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










