कोडरमा के डोमचांच में अर्जुन साव मौत मामले में सस्पेंड थानेदार सहित 4 पुलिसकर्मियों पर हत्या का केस दर्ज
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 14 Apr 2022 6:56 PM
jharkhand news: कोडरमा के डोमचांच स्थित सपही निवासी अर्जुन साव मौत मामले में सस्पेंड थानेदार सहित 4 पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज हुआ है. मृतक के पुत्र की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ है.
Jharkhand News: कोडरमा जिला स्थित डोमचांच थाना क्षेत्र के अंबादाहा जंगल के पास सपही निवासी अर्जुन साव का शव बरामद होने के मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. मृतक के पुत्र वीरेंद्र कुमार साव के आवेदन पर डोमचांच के थाना प्रभारी अब निलंबित शशिकांत कुमार, एसआई विकास कुमार पासवान, सतीश पांडेय, नवीन होरो व अन्य को हत्या का आरोपी बनाया गया है.
13 अप्रैल की घटना
आवेदन में वीरेंद्र ने कहा है कि गत 13 अप्रैल की अहले सुबह करीब 3:30 बजे उनके पिता अपने रिश्तेदार के यहां जाने के लिए बाइक से निकले थे. इस दौरान निरू पहाड़ी के पास बिना नंबर के वाहन पर आये थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों ने उनके पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी. वहां खड़े अन्य लोगों ने इसका विरोध जताया, तो उनके साथ भी मारपीट की गई.
पुलिस कर्मियों ने अर्जुन की पिटाई की थी
बाद में एक अन्य वाहन पर चार अन्य पुलिसकर्मी आए और वे भी मारपीट करने लगे. मारपीट के बीच ही चार-पांच ढिबरा वाहन वहां आया, तो थाना प्रभारी शशिकांत एवं सतीश पांडेय ने चार लाख रुपये लेकर सभी वाहनों को छोड़ दिया गया. बाद में एक अन्य ढिबरा लोड वाहन आया जिसे पुलिस पकड़ कर थाना ले गई. मेरे पिता के साथ मारपीट के दौरान इन लोगों ने रड एवं बंदूक के कुंदा से वार किया. इसके बाद ढोढाकोला की ओर दो किलोमीटर अंदर जंगल में ले जाकर मेरे पिता को जान से मारकर फेंक दिया. उनकी आंख को फोड़ दिया.साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जलाने का प्रयास किया. इससे पहले सतीश पांडेय ने मेरे पिता के पॉकेट से 10 हजार रुपये भी छीन लिए. निरू पहाड़ी के पास खड़े लोगों ने इस पूरे वाक्ये को देखा है. पुलिस ने इस आवेदन के आलोक में धारा 302, 201 और 34 आईपीसी के तहत केस दर्ज किया है.
शव बरामद होने पर जमकर हुआ था हंगामा
मालूम हो कि बुधवार दोपहर को अर्जुन साव का शव जंगल में बरामद होने के बाद जमकर बवाल हुआ था. लोगों ने घंटों कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था. परिजनों ने पुलिस पर हिरासत में लेकर मारपीट कर जान लेने का आरोप लगाया था. जाम स्थल पर केंद्रीय शिक्षा राज्यमत्री अन्नपूर्णा देवी, जिप प्रधान शालिनी गुप्ता, एसपी कुमार गौरव आदि पहुंचे थे. काफी समझाने पर लोगों ने जाम हटाया था, जबकि एसपी ने तत्काल प्रभाव से आरोपों में घिरे थाना प्रभारी सहित चार पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया था.
मेडिकल बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम, हुआ अंतिम संस्कार
इससे पहले बुधवार की देर रात सड़क जाम हटने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां मेडिकल बोर्ड गठित कर पोस्टमार्टम किया गया. गुरुवार को मृतक के गांव सपही में उसका अंतिम संस्कार हुआ. इस दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
माले विधायक व पूर्व विधायक पहुंचे सपही, विरोध दिवस मनाएगी माले
पुलिस पिटाई से मौत मामले की जानकारी के बाद गुरुवार को बगोदर से भाकपा माले के विधायक विनोद सिंह, धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव सहित अन्य सपही पहुंचे. दोनों ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना जतायी. विधायक विनोद सिंह ने कहा कि आरोपी पुलिस कर्मियों की तुरंत गिरफ्तारी होनी चाहिए. श्री सिंह ने पीड़ित परिवार को मुआवजा
और सरकारी नौकरी देने की भी मांग की. उन्होंने कहा कि इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए वह कम है. अर्जुन साव हत्याकांड को लेकर माले कोडरमा और गिरिडीह में विरोध दिवस मनाएगी.
SIT गठित करने की मांग
वहीं, धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि अर्जुन साव की हत्या हुई है. इस घटना की भाकपा माले घोर निंदा करती है. हत्या की जांच प्रमंडलीय आइजी के नेतृत्व में एसआइटी का गठन होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि यहां के लोग ढिबरा पर आश्रित है. सरकार ढिबरा चुनने का अधिकार दे, नहीं तो रोजगार मुहैया कराए. मौके पर माले जिला सचिव राजेंद्र मेहता, इब्राहिम अंसारी, विनोद पांडेय, कृष्णकांत मेहता, अशोक यादव, मुन्ना यादव, बबन मेहता, भागीरथ सिंह, समाजसेवी बसंत मेहता, तुलसी राणा, वीरेन्द्र सिंह घटवार, रामचंद्र साव, बहादुर यादव, विजय पासवान आदि मौजूद थे़
Posted By: Samir Ranjan.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










