जावेद जाफरी की पत्नी से 16 करोड़ की ठगी, पुलिस जांच में सामने आए चौंकाने वाले खुलासे

Updated:
विज्ञापन
Javed Jaffrey With Wife Habiba Jaffrey

Javed Jaffrey With Wife Habiba Jaffrey

Javed Jaffrey: जावेद जाफरी की पत्नी हबीबा जाफरी से 16.24 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. बीएमसी अधिकारी समेत कई लोगों पर फर्जी दस्तावेज और निवेश के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है.

विज्ञापन

Javed Jaffrey: बॉलीवुड अभिनेता जावेद जाफरी के परिवार से जुड़ा एक बड़ा धोखाधड़ी मामला सामने आया है. एक्टर की पत्नी हबीबा जाफरी से 16.24 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने कारोबारी निशित पटेल को गिरफ्तार किया है. इस मामले में बीएमसी के एक अधिकारी समेत कुल छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है.

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने खुद को बड़े बिल्डरों और सरकारी अधिकारियों से जुड़ा बताकर हबीबा जाफरी और उनके परिवार को निवेश के नाम पर झांसे में लिया. जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क ने अन्य लोगों और कलाकारों को भी निशाना बनाया हो सकता है.

फर्जी नोटिस के जरिए बढ़ाया संपर्क

बताया जा रहा है कि हबीबा जाफरी को कुछ समय पहले अंधेरी स्थित उनके बंगले से जुड़ा एक कथित प्रॉपर्टी टैक्स नोटिस मिला था. इसी दौरान उनकी मुलाकात एक परिचित के जरिए बीएमसी अधिकारी महेश पाटिल से कराई गई. आरोप है कि महेश पाटिल ने पहले टैक्स मामले को सुलझाने का भरोसा दिया और बाद में एक कमर्शियल प्रोजेक्ट में निवेश की सलाह दी.

निशित पटेल ने खुद को बड़े बिल्डरों से जुड़ा बताते हुए दावा किया कि प्रोजेक्ट में पहले से भारी निवेश हो चुका है और जल्द ही निवेशकों को फायदा मिलेगा. आरोपियों ने नक्शे, दस्तावेज और प्रोजेक्ट से जुड़ी तस्वीरें दिखाकर परिवार का भरोसा जीत लिया.

फर्जी दस्तावेजों से किया गया खेल

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने कथित रजिस्ट्री प्रक्रिया भी पूरी करवाई. इसके लिए कुछ लोग सरकारी प्रक्रिया जैसा माहौल बनाकर जाफरी परिवार के घर पहुंचे और फिंगरप्रिंट, फोटो व हस्ताक्षर लिए. बाद में परिवार को दस्तावेजों की कॉपी दी गई, लेकिन असली कागजात कभी नहीं सौंपे गए.

जांच के दौरान निशित पटेल ने कथित तौर पर फर्जी दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार की है. पुलिस का कहना है कि ठगी की रकम अलग-अलग कंपनियों के खातों में ट्रांसफर की गई थी.

मामले की जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में खार पुलिस स्टेशन में कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इसी तरीके से अन्य लोगों को भी ठगा गया.

फिलहाल गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है. मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है.

यह भी पढ़ें: अर्चना पूरन सिंह के बेटे आयुष्मान को मिला पहला बड़ा ब्रेक, रोहित शेट्टी संग करेंगे काम

विज्ञापन
Pushpanjali

लेखक के बारे में

By Pushpanjali

मेरा नाम पुष्पांजलि है. मैं पिछले 2.5 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में मल्टीमीडिया जर्नलिस्ट के तौर पर काम कर रही हूं. इस दौरान मैंने मुख्य रूप से लाइफस्टाइल, हेल्थ, फैशन, ब्यूटी और होम टिप्स से जुड़े कंटेंट पर काम किया है. मुझे ऐसे आर्टिकल लिखना पसंद है जो आसान भाषा में हों और पाठकों के लिए उपयोगी भी हों. मैं ट्रेंडिंग टॉपिक्स पर रिसर्च करके SEO-फ्रेंडली कंटेंट तैयार करती हूं. इसके साथ ही आकर्षक हेडलाइन लिखना, सही जानकारी जुटाना और डिजिटल ऑडियंस की पसंद के अनुसार कंटेंट तैयार करना मेरी प्रमुख जिम्मेदारियों का हिस्सा रहा है. मैं हमेशा नई चीजें सीखने और अपने लेखन को बेहतर बनाने की कोशिश करती हूं. मेरा उद्देश्य ऐसा कंटेंट तैयार करना है जो लोगों तक सही जानकारी सरल और दिलचस्प तरीके से पहुंचाए.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola