श्रीदेवी की मौत : दुबई सरकार ने मौत का ये कारण बताया

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 27 Feb 2018 9:57 AM

विज्ञापन

दुबई: रूपहले पर्दे की खूबसूरत अभिनेत्री श्रीदेवी की आकस्मिक मौत के मामले को आज एक नाटकीय मोड़ देते हुए दुबई की सरकार ने कहा कि उनकी मौत होटल के बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से हुई. उनका पार्थिव शरीर लाने में और देरी हो सकती है क्योंकि दुबई पुलिस ने भारतीय दूतावास से कहा है कि […]

विज्ञापन

दुबई: रूपहले पर्दे की खूबसूरत अभिनेत्री श्रीदेवी की आकस्मिक मौत के मामले को आज एक नाटकीय मोड़ देते हुए दुबई की सरकार ने कहा कि उनकी मौत होटल के बाथटब में दुर्घटनावश डूबने से हुई. उनका पार्थिव शरीर लाने में और देरी हो सकती है क्योंकि दुबई पुलिस ने भारतीय दूतावास से कहा है कि अभिनेत्री का शव सुपुर्द करने से पहले एक और ‘मंजूरी’ मिलनी बाकी है.

यूएई में भारत के राजदूत नवदीप सूरी ने कहा कि दुबई पुलिस एक और ‘‘मंजूरी’ मिलने के बाद ही शव सुपुर्द कर सकती है. हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि किस तरह की ‘मंजूरी’ की जरूरत है. सूरी ने कहा, ‘यह उनकी आंतरिक प्रक्रिया है. हम नहीं जानते.’

डूबने से हुई मौत

दुबई सरकार ने ट्विटर पर लिखा कि पुलिस ने मामला ‘दुबई लोक अभियोजन’ को सौंप दिया है जो इस तरह के मामलों में अपनायी जाने वाली कानूनी प्रक्रिया का पालन करेगा. दुबई सरकार के मीडिया अधिकारी ने ट्विटर पर कहा, ‘पोस्टमार्टम विश्लेषण होने के बाद दुबई पुलिस मुख्यालय ने बताया कि भारतीय अभिनेत्री श्रीदेवी की मौत उनके होटल के कमरे में बाथटब में बेहोश होने के बाद डूबने से हुई.’

पार्थिव शरीर देश लाने की कवायद तेज

दुबई के अखबार खलीज टाइम्स ने अपनी एक खबर में कहा कि आज दोपहर (स्थानीय समयानुसार) शव पर लेप लगाया जा सकता है. अभिनेत्री का शव लाने की प्रक्रिया तेज करने के लिए भारतीय दूतावास एवं वाणिज्य दूतावास स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर प्रयास कर रहे हैं. यह साफ नहीं हुआ है कि अभिनेत्री किस कारण से बेहोश हुईं और क्या दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत की शुरूआती खबर सच है.

हमें अकेला छोड़ दे

उनकी मौत से पूरे देश में उनके प्रशंसक और फिल्म जगत हैरान है. दुर्घटनावश डूबने की इस ताजा खबर से श्रीदेवी की मौत को लेकर बना रहस्य और गहरा गया है. उनके परिवार ने अभिनेत्री की मौत के बाद दिए गए शुरूआती बयान के बाद से कुछ नहीं कहा है और मीडिया से दुख के इस समय में उन्हें अकेला छोड़ देने का अनुरोध किया है. श्रीदेवी के परिवार में उनके पति फिल्म निर्माता बोनी कपूर और दो बेटियां हैं.

नशे की हालात में

दुबई के अखबार गल्फ न्यूज ने आज एक खबर में कहा कि श्रीदेवी की मौत नशे की हालत में दुर्घटनावश बाथटब में डूबने से हुई. अखबार ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यूएई सरकार की फोरेंसिक रिपोर्ट के हवाले से यह जानकारी दी. रिपोर्ट में मौत की वजह दुर्घटनावश डूबना बताई गई है. पोस्ट के साथ फोरेंसिक रिपोर्ट की एक कॉपी भी लगाई गई है, जिस पर यूएई स्वास्थ्य मंत्रालय और दुबई के निवारक दवा निदेशक की मुहर लगी है.

सिर्फ डूबने की बात

अखबार गल्फ न्यूज ने अपनी खबर में अदाकारा का पूरा नाम ‘श्रीदेवी बोनी कपूर अय्यपन’ उनके पासपोर्ट का नंबर, हादसे की तारीख और मौत की वजह बताई है. गल्फ न्यूज ने एक अधिकारी के हवाले से बताया कि ‘फोरेंसिक रिपोर्ट में केवल डूबने की बात कही गयी है, इसलिए हादसे से जुड़ी परिस्थितियों का पता लगाने की अब भी कोशिश की जा रही है.’

अनिल कपूर के बंगले पर माहौल गमगीन

श्रीदेवी के आकस्मिक मौत से हैरान फिल्म जगत के लोग और प्रशंसक उनके देवर अभिनेता अनिल कपूर के घर पहुंच रहे हैं. अनिल के बंगले पर माहौल गमगीन है, जहां श्रीदेवी और उनके पति बोनी कपूर की बेटियां खुशी और जाह्णवी कल से रह रही हैं. अनिल बोनी के छोटे भाई हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola