Chaibasa: सारंडा में 20 मिनट की ओलावृष्टि से सफेद हुआ शहर, आम-लीची को नुकसान

Updated at : 16 Mar 2026 4:49 PM (IST)
विज्ञापन
Saranda

सारंडा में ओलावृष्टि के बाद घर के बाहर बिखरे बर्फ के टुकड़े.

Chaibasa: पिछले दो दिनों से झारखंड के 15 से अधिक जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है. शनिवार की रात सारंडा में जमकर ओलावृष्टि हुई है. सड़कों पर बर्फ की परत चढ़ गई थी. आम और लीची के फसलों को भारी नुकसान हुआ है.

विज्ञापन

Chaibasa: सारंडा के पहाड़ी क्षेत्र में शनिवार की रात अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया. रात करीब 8 बजे शुरू हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने किरीबुरु और मेघाहातुबुरु शहर में जनजीवन को प्रभावित कर दिया. करीब 20 मिनट तक लगातार हुई ओलावृष्टि के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों, मैदानों और खुले स्थानों पर बर्फ की परत जैसी स्थिति बन गयी. ओले की इतनी अधिक मात्रा थी कि कुछ देर के लिए पूरा इलाका सफेद चादर से ढका हुआ नजर आने लगा. लगातार गिरते ओलों के कारण शहर के चारों ओर सड़कों, मैदानों और घरों के आसपास बर्फ के टुकड़े बिखरे पड़े रहे.

पेड़-पौधों और घरों को नुकसान

ओले की मार से पेड़-पौधों के पत्ते झड़ गए और कई स्थानों पर छोटे पौधों को भी नुकसान पहुंचा है. तेज ओलावृष्टि की वजह से वाहनों, घरों की एस्बेस्ट्स शीट और खुले में बंधे पशुओं को भी क्षति पहुंचने की सूचना है. वहीं तेज बारिश के कारण कई घरों की छतों से पानी रिसकर अंदर घुस गया, जिससे लोगों के बिस्तर, कपड़े और घरेलू सामान भी भीगकर खराब हो गए.

आम-लीची के मंजर और टिकोला गिरे

ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर फलदार पेड़ों पर देखने को मिला. आम और लीची के पेड़ों में इस समय आए टिकोला और मंजर ओले की मार से बड़ी मात्रा में गिर गए. इससे स्थानीय किसानों और घरों में लगे फलों के पेड़ों को काफी नुकसान होने की आशंका जतायी जा रही है. हालांकि, इस तेज बारिश से एक राहत की खबर भी सामने आयी है. पिछले कुछ दिनों से सारंडा के जंगलों में कई जगहों पर आग लगने की घटनाएं सामने आ रही थीं. इस वर्षा ने जंगलों में लगी आग को काफी हद तक शांत कर दिया है, जिससे वन क्षेत्र को राहत मिली है.

सुरक्षा के लिए कुछ देर बंद रही बिजली

ओलावृष्टि और तेज बारिश के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना से बचने के लिए शहर की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गयी थी. बाद में मौसम सामान्य होने के बाद बिजली व्यवस्था को बहाल कर दिया गया.

ये भी पढ़ें…

Deoghar: बदहाल डंपिंग यार्ड देख भड़के मेयर रवि राउत, ठेकेदार पर होगी कार्रवाई

Adityapur Nagar Nigam: एक वोट से जीते अंकुर सिंह, बने डिप्टी मेयर

विज्ञापन
AmleshNandan Sinha

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola