Adityapur Nagar Nigam: एक वोट से जीते अंकुर सिंह, बने डिप्टी मेयर

जीत का प्रमाण पत्र लेते अंकुर सिंह
Adityapur Nagar Nigam: वार्ड नंबर 29 की पार्षद अर्चना सिंह को एक वोट से हराकर वार्ड नंबर 18 के पार्षद अंकुर सिंह आदित्यपुर के डिप्टी मेयर बन गए हैं. उन्होंने आदित्यपुर के विकास की योजना पहले से ही तैयार रखी है.
ब्रजेश सिंह
Adityapur Nagar Nigam: आदित्यपुर नगर निगम में उप महापौर पद (डिप्टी मेयर) के लिए हुए चुनाव में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला. वार्ड संख्या 18 के पार्षद अंकुर सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी वार्ड संख्या 29 के पार्षद अर्चना सिंह को महज एक वोट से हराकर उप महापौर पद पर जीत हासिल की. चुनाव के दौरान दोनों प्रत्याशियों के बीच कड़ी टक्कर रही और परिणाम को लेकर काफी उत्सुकता बनी हुई थी. मतगणना पूरी होने के बाद घोषित नतीजों में अंकुर सिंह को एक वोट की बढ़त मिली, जिसके साथ ही उन्होंने यह चुनाव जीत लिया. परिणाम घोषित होते ही अंकुर सिंह के समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई.
समर्थकों ने फूल-माला पहनाकर अंकुर सिंह का स्वागत किया. नवनिर्वाचित उप महापौर अंकुर सिंह ने अपनी जीत पर सभी पार्षदों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि वे आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर काम करेंगे और जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे.
अंकुर सिंह ने की है मैनेजमेंट की पढ़ाई
आदित्यपुर नगर निगम के डिप्टी मेयर के पद पर जीत दर्ज करने वाले अंकुर सिंह ने मैनेजमेंट तक की पढ़ाई की है. उन्होंने 10 कक्षा तक की पढ़ाई लोयोला स्कूल जमशेदपुर से पूरी की. इसके बाद 12 कक्षा की पढ़ाई गुड सेफर्ड इंटरनेशनल स्कूल ऊटी से करने के बाद एसपी जैन स्कूल ऑफ ग्लोबल मैनेजमेंट से मैनेजमेंट की शिक्षा ली. इसके अलावा पहले मुंबई से फिर कोविड के समय दुबई से ऑन लाइन फाइनांस में स्पेशलाइजेशन का कोर्स किया. वे अपने बिजनेस फर्म में डायरेक्टर हैं और अपनी इंफ्रास्ट्रक्चर का काम करने करने वाली कंपनी में पार्टनर हैं.
आदित्यपुर का देश में रैंक सुधारने का होगा प्रयास
अंकुर सिंह ने आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के लिए भविष्य की योजना की तैयार कर रखी है. उन्होंने बताया कि इसमें वे सबसे पहले आदित्यपुर का देश में रैंक सुधारने का प्रयास करेंगे. जलापूर्ति की समस्या को दूर करते हुए आदित्यपुर को देश के अन्य राज्यों के शहरों की तरह महत्व दिलाने की दिशा में काम करेंगे. ठोस कचरा प्रबंधन प्लांट भी उनकी योजना में शामिल है.
18 साल की उम्र में उठ गया था मां का साया
अंकुर सिंह के सिर से 18 साल की उम्र में मां का साया उठ गया था. वर्ष 2017 में उनकी मां की असामयिक निधन हुआ. इतना ही नहीं, इसके ठीक चार साल बाद वर्ष 2021 में उनके पिता प्रवीण सिंह का भी असामयिक निधन कोरोना से हो गया था. अंकुर को एक छोटी बहन है.
बड़े पापा हैं ईचागढ़ के पूर्व विधायक
अंकुर सिंह के बड़े पापा अरविंद सिंह ईचागढ़ के पूर्व विधायक हैं. वे ओल्ड हाउसिंग कॉलोनी के एम टाइप में दुर्गा पूजा के भव्य आयोजन के लिए भी जाने जाते हैं. उनके घर के पास होने वाली पूजा के लिए जो पंडाल हर साल अलग-अलग थीम लिये हुए बनता है वह पूरे कोल्हान में चर्चित रहता है.
ये भी पढ़ें…
Isl North East united defeated jfc by 2-1: जेएफसी की मिली सीजन की पहली हार, नॉर्थईस्ट की टीम जीती
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By AmleshNandan Sinha
अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




