निखार हत्याकांड : राघव के घर-ऑफिस के बाद अब विक्रम शर्मा के नए कार्यालय में पुलिस का छापा, जानें क्या मिला
विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड में दल बल के साथ पहुंची पुलिस.
निखार सबलोक हत्याकांड: पुलिस ने विक्रम शर्मा के नए सिदगोड़ा कार्यालय में सर्च वारंट के साथ छापा मारा. जानें क्या मिला और आगे क्या कार्रवाई हुई.
जमशेदपुर : चांडिल थानांतर्गत टेंथ माइल स्टोन होटल में जमशेदपुर के होटल कारोबारी कदमा निवासी निखार सबलोक हत्याकांड मामले में पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है. मंगलवार को चांडिल पुलिस की टीम ने मृत विक्रम शर्मा के सिदगोड़ा स्थित नये कार्यालय विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड में सर्च वारंट करने के लिए दल बल के साथ पहुंची. सिदगोड़ा पुलिस की मौजूदगी में चांडिल पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दंडाधिकारी और वीडियोग्राफी के साथ कार्यालय का सर्च करना शुरू किया. पुलिस ने कार्यालय की देख रेख करने वाले कर्मचारी को फोन कर बुलाया. उसके बाद कर्मचारी ने पुलिस के सामने ही कार्यालय का ताला खोला.
चांडिल व सिदगोड़ा पुलिस ने पूरे कार्यालय का किया सर्च
ताला खोलने के बाद चांडिल और सिदगोड़ा पुलिस ने पूरे कार्यालय का सर्च किया. सर्च के दौरान पुलिस को विक्रम शर्मा के कार्यालय में कुछ नहीं मिला. कार्यालय में एक फ्रिज, सोफा और कुछ दराज थे. फ्रिज में कप, चीनी और चायपत्ती रखा था. जबकि कार्यालय के सभी दराज खाली थे. करीब एक घंटे तक सर्च करने के बाद पुलिस विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के कार्यालय से बाहर निकली. इसके बाद वहां मौजूद कर्मचारी को ताला बंद करने को कहा. इसके बाद पुलिस मौके से लौट गई.

कार्यालय खोलने के कुछ ही दिन बाद कर दी गयी थी हत्या
चांडिल पुलिस ने बताया - विक्रम शर्मा ने सिदगोड़ा में विक्रम उद्योग प्राइवेट लिमिटेड के नाम से नया कार्यालय खोला था. कार्यालय खुलने के कुछ दिन के बाद ही विक्रम शर्मा की देहरादून में गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. इस कारण कार्यालय में विक्रम शर्मा के कारोबार से संबंधित काम शुरू नहीं हो पाया था.
तीन थानों की पुलिस ने राघव के घर व कार्यालय पर मारा था छापा
सोमवार को चांडिल ,सोनारी और बिष्टुपुर पुलिस ने निखार हत्याकांड के साजिशकर्ता अशोक सिंह उर्फ राघव के सोनारी स्थित कार्यालय और उसके आवास पर छापामारी की. दोपहर करीब एक बजे चांडिल, सोनारी और बिष्टुपुर थाना प्रभारी क्यूआरटी के साथ अशोक सिंह राघव द्वारा संचालित डिजिटल मीडिया के कार्यालय पहुंचे. इसके बाद पुलिस ने अशोक सिंह राघव की पत्नी को कार्यालय बुलाया. पत्नी के कार्यालय आने के बाद पुलिस पदाधिकारी अंदर गये और छापेमारी शुरू की. इस दौरान पुलिस ने कार्यालय में मौजूद कई दस्तावेज की छानबीन की. कार्यालय में रखे कंप्यूटर समेत कई फाइल की जांच की थी.

क्या है मामला
26 अगस्त को चांडिल के होटल टेंथ माइल स्टोन में कारोबारी निखार सबलोक की गोली मार कर हत्या कर दी गयी थी. हत्याकांड का साजिशकर्ता अशोक सिंह राघव है. पुलिस ने जांच के दौरान अशोक सिंह राघव समेत आठ लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है. इसी मामले में पुलिस ने सोमवार को अशोक सिंह राघव के आवास व कार्यालय पर छापेमारी की.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए