Chaibasa News : कुंदूबेड़ा में नहीं देंगे जमीन, मापी रोकें वरना हम आंदोलन करेंगे

Updated:
विज्ञापन
Chaibasa News : कुंदूबेड़ा में नहीं देंगे जमीन, मापी रोकें वरना हम आंदोलन करेंगे

चाईबासा. कुंदूबेड़ा में कचरा निस्तारण प्लांट का विरोध, बोले ग्रामीण

विज्ञापन

चाईबासा. सदर प्रखंड के कुंदूबेड़ा गांव में प्रस्तावित कचरा निस्तारण प्लांट के खिलाफ बुधवार को सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. पारंपरिक हथियारों से लैस ग्रामीणों ने सदर प्रखंड कार्यालय का चार घंटे तक घेराव किया. इस दौरान प्रशासन होश में आओ और ग्रामसभा का निर्णय मानो जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा. ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शहर का कचरा फेंकने से बीमारियां फैलेंगी और उनकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. उन्होंने चेतावनी दी है कि वे किसी भी कीमत पर अपनी जमीन कचरा प्लांट के लिए नहीं देंगे.

कार्यालय में चार घंटे ठप रहा कामकाज, भोजन-पानी के साथ पहुंचे थे ग्रामीण :

ग्रामीण सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक कार्यालय परिसर में डटे रहे, जिससे प्रखंड और अंचल कार्यालय का कामकाज पूरी तरह ठप हो गया. ग्रामीण ट्रैक्टरों पर सवार होकर न केवल हथियारों के साथ आये थे, बल्कि अपने साथ भोजन और पानी के टैंकर का भी प्रबंध करके आये थे. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर सैट और मुफस्सिल थाना पुलिस के जवानों को तैनात किया गया था.

ग्रामसभा की अनुमति के बिना भूमि हस्तांतरण का आरोप:

शाम को अंचलाधिकारी उपेंद्र कुमार को ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा. ग्रामीणों ने कहा कि टेकराहातु गांव में नगर परिषद कचरा प्लांट लगाने की योजना बना रही है. ग्रामसभा ने दो बार इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था, इसके बावजूद नियमों के विरुद्ध जाकर भूमि का हस्तांतरण कर दिया गया. उन्होंने 14 मार्च को होने वाली प्रस्तावित जमीन मापी को तत्काल रोकने की मांग की है.

पूर्व में भी विफल रही हैं प्लांट लगाने की कोशिशें :

विदित हो कि यह कोई पहला मामला नहीं है. इससे पूर्व डिलियामिर्चा, पुराना चाईबासा और नरसंडा गांव में कचरा प्लांट लगाने का प्रयास किया गया था, लेकिन ग्रामीणों के कड़े विरोध के कारण नगर परिषद को कदम पीछे खींचने पड़े थे. कुंदूबेड़ा के मामले में भी अब तक तीन बार बैठकें हो चुकी हैं, जिनमें ग्रामीणों ने जमीन देने पर असहमति जतायी है.

विज्ञापन
Atul Pathak

लेखक के बारे में

By Atul Pathak

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola