ePaper

IMF-World Bank ने किया आगाह : ट्रेड वार और टेंशन के खतरों को झेलने के लिए तैयार रहें देश

Updated at : 13 Oct 2018 6:52 PM (IST)
विज्ञापन
IMF-World Bank ने किया आगाह : ट्रेड वार और टेंशन के खतरों को झेलने के लिए तैयार रहें देश

नूसा दुआ (इंडोनेशिया) : अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक ने दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं को आगाह किया है कि वे व्यापारिक विवादों (ट्रेड वार) और अन्य तनावों से पैदा होने वाले संभावित संकटों को झेलने के लिए तैयार रहें. इन दोनों वित्तीय संस्थानों ने इस प्रकार की आशंकाओं को बाली में हुई सालाना […]

विज्ञापन

नूसा दुआ (इंडोनेशिया) : अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक ने दुनिया भर की अर्थव्यवस्थाओं को आगाह किया है कि वे व्यापारिक विवादों (ट्रेड वार) और अन्य तनावों से पैदा होने वाले संभावित संकटों को झेलने के लिए तैयार रहें. इन दोनों वित्तीय संस्थानों ने इस प्रकार की आशंकाओं को बाली में हुई सालाना बैठक शनिवार को व्यक्त किया है.

इसे भी पढ़ें : US-China के बीच ट्रेड वार गहराने के आसार, चीन का व्यापार अधिशेष रिकॉर्ड स्तर पर

दुनिया के सबसे बड़े इन दोनों बहुपक्षीय वित्तीय संगठनों की बाली बैठक में विश्व स्तर पर वित्तीय बाजारों में चल रही उठा-पटक और चीन की प्रौद्योगिकी संबंधी नीतियों के कारण उसके और अमेरिका के बीच छिड़े व्यापार युद्ध का मुद्दा छाया रहा. दुनिया की दो प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ ऊंचे शुल्क लगाने की कार्रवाई से वैश्विक आर्थिक वृद्धि संकट में पड़ सकती है.

मुद्राकोष की अंतरराष्ट्रीय मौद्रिक एवं वित्तीय समिति की ओर से बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया है कि इन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में देशों को अपना कर्ज नियंत्रण में रखना चाहिए और मौद्रिक नीति ऐसी बनानी चाहिए, जिससे कीमत स्थिर रहे और आर्थिक वृद्धि भी मजबूत बनी रहे. बयान में कहा गया है कि इसी में सबका भला होगा. यह समिति मुद्राकोष के निदेशक मंडल को सलाह देती है.

इस बैठक में मुद्राकोष के सदस्यों ने वादा किया है कि वे अपने निर्यात को बाजार प्रतिस्पर्धा में मदद देने के लिए मुद्रा अवमूल्यन की नीति अपनाने से बचेंगे. मुद्राकोष की प्रबंध निदेशिका क्रिस्टीन लेगार्दे ने कहा कि वैश्विक आर्थिक वृद्धि दर अब भी मजबूत बनी हुई है, लेकिन यह एक मुकाम पर पहुंच कर वहीं रुकी हुई है. मुद्राकोष ने बाली बैठक के शुरू में वर्ष 2018 में दुनिया की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को घटा कर 3.7 फीसदी कर दिया. इससे पहले के अनुमान में इसे 3.9 फीसदी तक रहने की संभावना जतायी गयी थी.

लेगार्दे ने कहा कि आर्थिक क्षितिज पर संकट के बादलों को देखते हुए वृद्धि दर में इस ठहराव का आना कोई अजूबी बात नहीं है. उन्होंने सभी देशों से अपील की कि सभी को मिल कर नाव को एक ही दिशा खेना चाहिए. हम मिलकर प्रयास करें. उसी से सबकी ताकत बढ़ेगी. उन्होंने कहा कि दुनियाभर में कर्ज की मौजूदा स्थिति को लेकर हमने कुछ मजबूत सिफारिशें की हैं और व्यापार के संबंध में हमारा कहना है कि कृपया तनाव कम कीजिए और परस्पर बातचीत का रास्ता अपनाइये.

उन्होंने कहा कि देशों को यह तय करना चाहिए कि उन पर कर्ज का बोझ नियंत्रण में रहे और वे ऐसी नीतियां अपनायें, जिससे सबकी वृद्धि में मदद मिले. चीन के केंद्रीय बैंक के गवर्नर यी गांग ने कहा कि संरक्षणवाद और व्यापारिक तनाव वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए ‘बड़ा संकट ‘ बन गया है. अमेरिका के वित्त मंत्री स्टीफन न्यूचिन ने चीन के साथ व्यापारिक तनाव के जोखिम को ज्यादा भाव नहीं देने की मुद्रा में कहा कि वह इस बात को लेकर अपनी रात की नींद खराब नहीं करते कि चीन अमेरिकी सरकार के बांड बेचना शुरू कर देगा.

उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस महीने ब्यूनस आयर्स (अर्जेंटिना) में जी20 शिखर सम्मेलन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकता करेंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola