ePaper

शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 222 अंक उछला, निफ्टी दस हजार के करीब

Updated at : 06 Oct 2017 9:11 PM (IST)
विज्ञापन
शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 222 अंक उछला, निफ्टी दस हजार के करीब

मुंबई: माल एवं सेवाकर (जीएसटी) परिषद की बैठक में छोटे उद्योगों के हित में फैसला होने की उम्मीद में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स शुक्रवार को 222.19 अंक की तेजी के साथ दो सप्ताह के उच्च स्तर 31,814.22 अंक पर पहुंच गया. वहीं, एनएसइ निफ्टी भी 91 अंक चढ़ कर 10,000 अंक के करीब पहुंच […]

विज्ञापन

मुंबई: माल एवं सेवाकर (जीएसटी) परिषद की बैठक में छोटे उद्योगों के हित में फैसला होने की उम्मीद में बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स शुक्रवार को 222.19 अंक की तेजी के साथ दो सप्ताह के उच्च स्तर 31,814.22 अंक पर पहुंच गया. वहीं, एनएसइ निफ्टी भी 91 अंक चढ़ कर 10,000 अंक के करीब पहुंच गया. इस वृद्धि के साथ शेयर बाजारों में तीन सप्ताह में पहली बार साप्ताहिक आधार पर वृद्धि दर्ज की गयी. जीएसटी परिषद की बैठक के नतीजे आने से पहले निवेशकों ने बाजार में जमकर लिवाली की जिससे मजबूती का रुख रहा. अमेरिका में मजबूत आर्थिक आंकड़े तथा कर सुधार की उम्मीद से वाल स्ट्रीट में गुरुवार को आयी तेजी से वैश्विक बाजारों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा और इसका असर घरेलू बाजार पर भी पड़ा.

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज लि के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, वैश्विक स्तर पर धातु की कीमतों में तेजी से संबंधित कंपनियों के शेयरों पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा. इससे अलावा लघु एवं मझोली कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन बेहतर रहा. अमेरिका में रोजगार के आंकड़े तथा कर सुधारों की उम्मीद से वैश्विक बाजार में सकारात्मक रुख का भी यहां प्रभाव पड़ा. साप्ताहिक आधार पर बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 530.50 अंक या 1.69 प्रतिशत ऊंचा रहा है. वहीं, एनएसई निफ्टी 191.10 अंक या 1.95 प्रतिशत मजबूत हुआ. तीन सप्ताह में यह पहला मौका है जब बाजार मजबूत हुआ है.

तीस शेयरोंवाला सेंसेक्स 222.19 अंक या 0.70 प्रतिशत की तेजी के साथ 31,814.22 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 31,844.28 से 31,632.81 अंक के दायरे में रहा. यह 22 सितंबर के बाद सेंसेक्स का उच्च स्तर है. उस समय यह 31,922.44 अंक पर बंद हुआ था. पचास कंपनी शेयर मूल्यों पर आधारित एनएसइ का निफ्टी भी 91 अंक यानी 0.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ 9,979.70 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान यह 9,989.35 से 9,906.60 अंक के दायरे में रहा.

शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार घरेलू संस्थागत निवेशकों ने शुद्ध रूप से गुरुवारको 519.03 करोड़ रुपये के शेयरों की लिवाली की, जबकि विदेशी संस्थागत कोषों ने 656.50 करोड़ रुपये की निकासी की. सेंसेक्स के शेयरों में टाटा स्टील 4.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 691.40 रुपये पर पहुंच गया. कंपनी ने कहा है कि उसका बिक्री योग्य इस्पात उत्पादन इस साल अप्रैल-सितंबर में 18 प्रतिशत बढ़ कर 59.8 लाख टन पहुंच गया. इससे कंपनी का शेयर मजबूत हुआ. वहीं, सन फार्मा 3.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 530.40 रुपये पर पहुंच गया. जिन अन्य प्रमुख शेयरों में तेजी आयी उनमें एनटीपीसी, स्टेट बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंफोसिस, ओएनजीसी, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्टरीज, ल्यूपिन, कोल इंडिया और मारति सुजुकी शामिल हैं. वहीं, दूसरी तरफ हीरो मोटो काॅर्प, एचडीएफसी लि, डाॅ रेड्डीज और पावर ग्रिड दबाव में रहे. एशिया के अन्य प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में तेजी रही. चीन में वित्तीय बाजार सार्वजनिक अवकाश के कारण बंद रहा. शुरुआती कारोबार में यूरोप के प्रमुख बाजारों में फ्रैंकफर्ट डीएएक्स मजबूत हुआ, वहीं पेरिस सीएसी में गिरावट दर्ज की गयी. लंदन एफटीएसइ मजबूत हुआ.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola