बिहार में जयमाला के बीच गिरा छज्जा, 2 लोगों की मौत, 40 से अधिक घायल

Updated at : 15 Mar 2026 10:48 AM (IST)
विज्ञापन
Bihar News Balcony collapses during Jaimala ceremony

औरंगाबाद में छज्जा गिरने के बाद की तस्वीर

Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले में जयमाला कार्यक्रम के दौरान अचानक छज्जा गिर गया. समारोह के बीच अफरा-तफरी मच गई. हादसे में दो लोगों की मौत हो गई. जबकि 40 लोग गायल हो गए. घटना जिले के मंझियावा गांव की है.

विज्ञापन

Bihar News: औरंगाबाद जिले के ओबरा थाना इलाके के मंझियावा गांव में शनिवार की रात एक शादी समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जयमाला कार्यक्रम के समय घर का छज्जा अचानक गिर जाने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हो गए. इस घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल पल भर में मातम में बदल गया.

जयमाला समारोह के दौरान क्या-क्या हुआ?

मिली जानकारी के अनुसार, गांव के व्यास जी की बेटी की बारात गोह थाना इलाके के पकड़ी गांव से आई हुई थी. बारात आने के बाद पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल था और बड़ी संख्या में लोग जयमाला कार्यक्रम देखने के लिए जुटे थे. जयमाला अमोद सिंह के मकान के सामने आयोजित किया गया था. कार्यक्रम को देखने के लिए कई महिलाएं अमोद के मकान के छज्जे पर चढ़ गई थीं, जबकि छज्जे के ठीक नीचे कुर्सियां लगाकर काफी संख्या में लोग बैठे हुए थे.

बताया जाता है कि जयमाला की रस्म चल ही रही थी तभी अचानक मकान का छज्जा भरभरा कर गिर पड़ा. छज्जे पर खड़ी महिलाएं और नीचे बैठे लोग उसके मलबे में दब गए. अचानक हुए इस हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया.

हादसे में 2 की मौत और 40 लोग घायल

अस्पताल में डॉक्टरों ने कारू सिंह के 62 साल के बेटे सत्यनारायण सिंह और देवनारायण सिंह के 52 साल के बेटे अखिलेश सिंह को मृत घोषित कर दिया. हादसे में लगभग 40 लोग घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है. कुछ घायलों को आईसीयू में भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है.

हादसे के बावजूद किसी तरह शादी की बाकी की रस्में पूरी कराई गईं. इसके साथ ही सूचना मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है. ग्रामीणों का कहना है कि छज्जे पर अधिक भीड़ चढ़ जाने के कारण यह हादसा हुआ.

Also Read: राज्यसभा चुनाव: संजय झा के आवास पर सुबह-सुबह बैठक, फुल कॉन्फिडेंस में बोले नेता- हमलोग जीतेंगे

विज्ञापन
Preeti Dayal

लेखक के बारे में

By Preeti Dayal

डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन