चक्रधरपुर में तेज रफ्तार गाड़ी की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों ने सड़क किया जाम

Updated at : 15 Mar 2026 11:40 AM (IST)
विज्ञापन
Chakradharpur News

तेज रफ्तार गाड़ी से महिला की मौत के बाद सड़क जाम करते ग्रामीण. फोटो: प्रभात खबर

Chakradharpur News: चक्रधरपुर में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लोहरदा गांव की सुमित्रा जामुदा की मौत हो गई. हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चाईबासा–रांची एनएच-75ई को जाम कर दिया और मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

विज्ञापन

सरायकेला से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट

Chakradharpur News: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ग्रामीण महिला की मौत हो गई. घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने चाईबासा–चक्रधरपुर मुख्य मार्ग पर सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. जानकारी के अनुसार, लोहरदा गांव की रहने वाली सुमित्रा जामुदा रविवार सुबह करीब सात बजे सड़क पार कर रही थीं. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला का पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं.

अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही हुई मौत

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेजा. हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई. महिला की मौत की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया. ग्रामीणों का कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस मार्ग पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है.

आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-75ई किया जाम

महिला की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने चाईबासा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग 75ई को जाम कर दिया. ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग करने लगे. जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. करीब दो घंटे तक यातायात बाधित रहने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग के बड़कागांव में नए थाना प्रभारी को अपराधियों की चुनौती, छर्री लदे हाईवा में लगाई आग

प्रशासन समझाने में जुटा, जाम हटाने की कोशिश

घटना की सूचना मिलते ही खूंटपानी प्रखंड के अंचल अधिकारी फुलेश्वर साव और मुफ्फसिल थाना प्रभारी बिनोद कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया. प्रशासन की ओर से लोगों को भरोसा दिलाया जा रहा है कि मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी और मृतक के परिवार को सरकारी प्रावधान के अनुसार मदद दिलाने की कोशिश की जाएगी. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का आक्रोश शांत नहीं हुआ था और सड़क जाम जारी था. प्रशासन लगातार लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास कर रहा है.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला खरसावां के सिजुलता के पास दो मोटरसाइकिलों की भीषण टक्कर, एक युवक की मौके पर मौत

विज्ञापन
KumarVishwat Sen

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola