चीन की सड़क पर अचानक रोबोट को देख डरी बुजुर्ग महिला, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति

बाईं फोटो में रोबोट पर गुस्सा करती महिला, दाईं फोटो में रोबोट को ले जाती पुलिस (Photo: @CyberRobooo/X)
Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. यह वीडियो चीन के मकाऊ का बताया जा रहा है, जहां एक बुजुर्ग महिला ह्यूमनोइड रोबोट को फटकार लगाती हुई नजर आती है. मामला इतना बढ़ गया कि हालात संभालने के लिए पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा.
Viral Video: चीन के मकाऊ से एक अजीबो-गरीब खबर सामने आई है. हुआ यूं है कि एक ह्यूमनोइड रोबोट को पुलिस ने गिरफ्तार किया है क्योंकि उसने रात के समय 70 साल की महिला को डराकर चौंका दिया. सोशल मीडिया पर इसका वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में 70 साल की महिला और रोबोट के बीच हुई मजेदार और ड्रामेटिक झलक देखने को मिल रही है. आइए आपको पूरा मामला डिटेल में बताते हैं.
महिला ने लगाई रोबोट की क्लास
मकाऊ पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना रात के लगभग 9 बजे हुई. एक महिला अपने फोन में लगी हुई सड़क पर चल रही थी. तभी उसने अचानक महसूस किया कि कोई उसके पीछे खड़ा है. जब उसने पीछे मुड़कर देखा, तो सामने एक ह्यूमनॉइड रोबोट खड़ा था. रोबोट की पहचान यूनिट्री G1 के रूप में हुई, जो लगभग 4 फीट ऊंचा था. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में महिला रोबोट को देखकर चीखती नजर आती है. वीडियो में रोबोट अपने हाथ ऊपर उठाते हुए खड़ा दिखाई दे रहा है, जबकि महिला उसे डांट रही थी.
देखें वीडियो
मौके पर पहुंची पुलिस
सड़क पर मची हलचल के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और रोबोट को वहां से ले गई. नेटिजन्स ने इसे मजाकिया अंदाज में कह दिया कि जैसे रोबोट की ‘गिरफ्तारी’ हो गई हो. पुलिस ने बाद में कहा कि रोबोट और महिला के बीच कोई शारीरिक संपर्क नहीं हुआ. लेकिन महिला ने बताया कि इस घटना के बाद उन्हें अस्वस्थ महसूस हुआ और उन्हें मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल ले जाया गया. अच्छी खबर यह है कि कुछ समय बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
कौन कर रहा था रोबोट को कंट्रोल?
ये रोबोट असल में एक लोकल एजुकेशन सेंटर का था, जिसे इलाके में प्रमोशनल एक्टिविटी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था. पुलिस के अनुसार, इसे 50 साल के एक शख्स रिमोट से चला रहे थे और वो बस बाहर टेस्ट कर रहे थे. मकाऊ के लोकल ब्रॉडकास्टर टेलीडिफुसाओ दे मकाऊ (Teledifusão de Macau) के मुताबिक, ऑपरेटर ने बताया कि जब महिला अपने फोन चेक करने के लिए रुक गई, रोबोट उसके पीछे रुक गया.
चूंकि वो उसके पास से आगे नहीं जा पा रहा था, इसलिए वहीं रुक गया, और तभी महिला ने पीछे मुड़कर इसे देखा. पुलिस ने बाद में उस ऑपरेटर को चेतावनी दी कि पब्लिक जगहों पर रोबोट इस्तेमाल करते समय ज्यादा सावधान रहें, ताकि पैदल चलने वालों को डर न लगे.
यह भी पढ़ें: MWC 2026 में Honor ने पेश किया अपना पहला ह्यूमनॉइड रोबोट, देखें वीडियो
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ankit Anand
अंकित आनंद, प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर के तौर पर काम कर रहे हैं. वह पिछले डेढ़ साल से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में हैं. टेक जर्नलिस्ट के तौर पर अंकित स्मार्टफोन लॉन्च, टेलीकॉम अपडेट्स, टिप्स एंड ट्रिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) न्यूज, गैजेट्स रिव्यू और कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स से जुड़ी खबरें कवर करते हैं. इसके अलावा, वह ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी अहम खबरों पर भी लिखते हैं. अंकित ने GGSIP यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म एंड मास कम्यूनिकेशन में ग्रेजुएशन की है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




