लालू यादव ने गया में 7 कुलों का पिंडदान किया, JDU बोली- राजनीतिक पाप का भी करें विसर्जन
Published by : Abhinandan Pandey Updated At : 09 Sep 2025 8:11 PM
लालू यादव ने परिवार संग गया में किया पिंड दान
Lalu Family In Gayaji: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने मंगलवार को परिवार संग गया के विष्णुपद मंदिर में पितरों का पिंडदान किया. आस्था के इस मौके पर लालू के साथ राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, उनकी पत्नी राजश्री और बेटी कात्यायनी भी मौजूद रहीं.
Lalu Family In Gayaji: गया में मंगलवार का दिन सियासत और आस्था, दोनों रंगों से सराबोर रहा. राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव अपने पूरे परिवार संग विष्णुपद मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने पितरों का पिंडदान किया. पत्नी राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बहू राजश्री और बेटी कात्यायनी के साथ करीब डेढ़ घंटे तक पूजा-पाठ में डूबे लालू यादव ने सात कुलों का पिंडदान किया.
हेलिकॉप्टर से गया पहुंचा लालू परिवार
लालू परिवार सुबह साढ़े सात बजे हेलिकॉप्टर से गया पहुंचा. उनके आने से पहले तीर्थ पुरोहित शंभूनाथ ने सभी धार्मिक अनुष्ठानों की तैयारी पूरी कर ली थी. पुरोहित ने बताया कि इस बार लालू यादव ने विस्तार से तर्पण और पिंडदान कराया, जिसमें पिता-माता के खानदान समेत सात कुलों को शामिल किया गया.
तेजस्वी ने कहा- पहली बार एक साथ आया पूरा परिवार
तेजस्वी यादव ने पिंडदान के बाद कहा, “पिताजी का स्वास्थ्य ठीक नहीं है, फिर भी उन्होंने भगवान विष्णु के दर्शन और पितरों का श्राद्ध करने की इच्छा जताई. गया जी मोक्ष और ज्ञान की धरती है. पहली बार पूरा परिवार यहां एक साथ आया है, इससे बड़ी खुशी की बात और क्या हो सकती है.”
जदयू नेता ने कसा तीखा तंज
हालांकि इस धार्मिक यात्रा पर राजनीति की चिंगारी भी भड़क उठी. जदयू नेता और एमएलसी नीरज कुमार ने लालू यादव पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि गया आस्था का प्रतीक है, लेकिन लालू यादव का नाम खौफ और भ्रष्टाचार का पर्याय रहा है. उन्होंने कटाक्ष किया कि “उम्मीद है लालू जी ने अपने राजनीतिक पापों- वंशवाद, भ्रष्टाचार और भय के शासन का भी पिंडदान कर दिया होगा, ताकि बिहार की जनता चैन से कह सके कि अब उनका बोझ गया जी में विसर्जित हो चुका है.”
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
अभिनंदन पांडेय पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की और दैनिक जागरण, भोपाल में काम किया. वर्तमान में वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के हिस्सा हैं. राजनीति, खेल और किस्से-कहानियों में उनकी खास रुचि है. आसान भाषा में खबरों को लोगों तक पहुंचाना और ट्रेंडिंग मुद्दों को समझना उन्हें पसंद है. अभिनंदन ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से की. पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाने की सोच ने उन्हें इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. दैनिक जागरण में रिपोर्टिंग के दौरान उन्होंने भोपाल में बॉलीवुड के कई बड़े कलाकारों और चर्चित हस्तियों के इंटरव्यू किए. यह अनुभव उनके करियर के लिए काफी अहम रहा. इसके बाद उन्होंने प्रभात खबर डिजिटल में इंटर्नशिप की, जहां उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता की वास्तविक दुनिया को करीब से समझा. बहुत कम समय में उन्होंने रियल टाइम न्यूज लिखना शुरू कर दिया. इस दौरान उन्होंने सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता भी बेहद जरूरी होती है. फिलहाल वह प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ काम कर रहे हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में कवर किया, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और वीडियो कंटेंट भी तैयार किए. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और भरोसेमंद खबर पहुंचे. पत्रकारिता में उनका लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और एक विश्वसनीय पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










