नवगछिया स्टेशन पर बड़ा खुलासा: यात्रियों की नींद उड़ाने वाले चार शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार

Edited by MANISH KUMAR
Updated:
विज्ञापन

पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य के छह स्मार्टफोन बरामद किए हैं.

विज्ञापन

भागलपुर के नवगछिया से रिपोर्ट,

-पूर्व मध्य रेलवे के नवगछिया स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), अपराध शाखा गढ़हरा और जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश किया गया है. पुलिस ने चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब एक लाख रुपये मूल्य के छह स्मार्टफोन बरामद किए हैं. रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, शुक्रवार को ऑपरेशन “यात्री सुरक्षा ” के तहत नवगछिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 और 3 पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान चार युवक संदिग्ध अवस्था में इधर-उधर ताक-झांक करते दिखाई दिए. पुलिस टीम को देखते ही वे तेजी से भागने लगे, जिसके बाद जवानों ने पीछा कर उन्हें प्लेटफॉर्म के पश्चिमी छोर पर दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कटिहार जिले के कुर्सेला निवासी मिट्ठू कुमार झा और अभिषेक कुमार झा उर्फ सागर, तथा बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल निवासी गुड्डू कुमार और राजीव कुमार के रूप में हुई है. पूछताछ और तलाशी के दौरान इनके पास से छह स्मार्टफोन बरामद किए गए, जिनके संबंध में वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.

ट्रेन में सोए यात्रियों को बनाते थे शिकार

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय ट्रेनों में यात्रा कर रहे सोए हुए यात्रियों के मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान चोरी करते थे. चोरी किए गए मोबाइलों को बाद में स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में बेचने की योजना थी. कार्रवाई के दौरान एक महत्वपूर्ण खुलासा तब हुआ जब बरामद मोबाइलों में से एक पर पश्चिम बंगाल की एक महिला का फोन आया. महिला ने बताया कि यह मोबाइल उनके पति का है, जो उसी दिन ट्रेन संख्या 13246 से यात्रा के दौरान चोरी हो गया था. इससे पुलिस को चोरी की वारदात की तत्काल पुष्टि मिल गई.

संयुक्त अभियान से मिली सफलता

इस अभियान का नेतृत्व आरपीएफ नवगछिया के निरीक्षक प्रभारी मुन्ना कुमार पासी एवं अपराध शाखा गढ़हरा की टीम ने किया. संयुक्त टीम में आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी के अधिकारियों एवं जवानों ने सक्रिय भूमिका निभाई. गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ रेल थाना खगड़िया कांड संख्या 23/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. बरामद मोबाइल, जब्ती सूची और अन्य दस्तावेजों के साथ सभी आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी को सौंप दिया गया है.

विज्ञापन
MANISH KUMAR

लेखक के बारे में

By MANISH KUMAR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन