भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन को मिली नयी जीवनरेखा, अब 10 जुलाई तक जारी रहेगा परिचालन

Updated:
विज्ञापन

प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन.

Railway News: भागलपुर और सीमांचल के यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है. रेलवे ने भागलपुर-कटिहार अनारक्षित विशेष ट्रेन के परिचालन को फिर से बढ़ाते हुए 10 जुलाई तक जारी रखने का फैसला किया है.

विज्ञापन

मुंगेर के जमालपुर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Railway News: रेलवे ने ट्रेन संख्या 03407/03408 भागलपुर-कटिहार-भागलपुर अनारक्षित विशेष ट्रेन के परिचालन को 10 जुलाई तक बढ़ाने की घोषणा की है. यह ट्रेन अपने मौजूदा मार्ग, समय-सारिणी और स्टॉपेज के साथ ही संचालित होती रहेगी. इससे दक्षिण और उत्तर-पूर्व बिहार के बीच यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी.

आपके शहर में

विज्ञापन

पहले 22 जून तक था परिचालन

रेलवे ने पहले इस विशेष ट्रेन को 22 जून तक चलाने का निर्णय लिया था. इससे पहले भी ट्रेन के परिचालन को एक बार बढ़ाया जा चुका था. अब यात्रियों की सुविधा और बढ़ती जरूरत को देखते हुए इसे 10 जुलाई तक विस्तारित कर दिया गया है. इस संबंध में रेलवे द्वारा आधिकारिक नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है.

विक्रमशिला सेतु की समस्या के बीच शुरू हुई थी सेवा

रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह विशेष रेल सेवा उस समय शुरू की गई थी, जब भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हो गया था. गंगा नदी के दोनों ओर आवागमन में परेशानी बढ़ने से बड़ी संख्या में यात्रियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था.

कर्मचारियों, व्यापारियों और किसानों को मिला था सहारा

सड़क संपर्क बाधित होने के बाद दैनिक यात्रियों, कार्यालय जाने वाले कर्मचारियों, व्यापारियों और किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने भागलपुर और कटिहार के बीच यह अनारक्षित विशेष ट्रेन शुरू की थी. कम समय में यह सेवा लोगों के लिए महत्वपूर्ण परिवहन विकल्प बन गई.

कई बार बढ़ाई गई परिचालन अवधि

प्रारंभ में इस विशेष ट्रेन का परिचालन 4 जून तक निर्धारित किया गया था. बाद में यात्रियों की मांग और जरूरत को देखते हुए इसे 5 जून से 22 जून तक बढ़ाया गया. अब एक बार फिर रेलवे ने परिचालन अवधि बढ़ाकर 10 जुलाई कर दी है.

सीमांचल और अंग क्षेत्र के यात्रियों को राहत

रेलवे के इस निर्णय से भागलपुर, कटिहार और सीमांचल क्षेत्र के यात्रियों को काफी राहत मिलेगी. विशेष रूप से रोजाना यात्रा करने वाले लोगों को वैकल्पिक परिवहन व्यवस्था की चिंता से राहत मिलेगी.

जमालपुर नहीं आती है यह ट्रेन

गौरतलब है कि यह विशेष ट्रेन जमालपुर स्टेशन होकर नहीं गुजरती है. ट्रेन रतनपुर, मुंगेर और सबदलपुर मार्ग से कटिहार की ओर जाती है. इसके बावजूद इस रेलखंड के यात्रियों के लिए यह सेवा बेहद उपयोगी साबित हो रही है.

आगे भी बढ़ सकता है परिचालन

रेल यात्रियों के बीच इस विशेष ट्रेन की उपयोगिता को देखते हुए भविष्य में भी इसके परिचालन को बढ़ाए जाने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. फिलहाल रेलवे के इस फैसले का यात्रियों ने स्वागत किया है.

ये भी पढ़े : जमालपुर में सड़क, स्ट्रीट लाइट और पानी की समस्या पर फूटा लोगों का गुस्सा, EO का किया पुतला दहन

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन