रूस पर यूक्रेन का हवाई हमला, मॉस्को के वेयरहाउस में भड़की आग
यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद उठा धुएं का गुबार (फोटो : मॉस्को टाइम्स)
यूक्रेन ने रूस पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है, जिसमें सैकड़ों ड्रोन दागे गए. इस हमले में मॉस्को के वाइल्डबेरिज ई-कॉमर्स वेयरहाउस में भीषण आग लग गई और कई लोगों की जान चली गई.
Russia Ukraine war updates : रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध में रविवार को एक नया और बेहद भयानक मोड़ देखने को मिला. यूक्रेन ने रूस की राजधानी मॉस्को सहित कई प्रमुख इलाकों को निशाना बनाते हुए अब तक के सबसे बड़े ड्रोन हमलों में से एक को अंजाम दिया. यूक्रेन की तरफ से रूस पर एक ही रात में सैकड़ों विस्फोटक ड्रोन दागे गए, जिससे मॉस्को से लेकर रोस्तोव तक भारी तबाही मच गई. इन हमलों में कम से कम 6 लोगों की जान चली गई है, जबकि मॉस्को के पोडॉल्स्क में स्थित रूस की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनी 'वाइल्डबेरीज' के वेयरहाउस में भीषण आग लग गई.
आसमान में दिखा काले धुएं का गुबार
रूसी प्रशासन के अनुसार, पोडॉल्स्क में स्थित वाइल्डबेरीज के कोलिदिनो डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर पर यूक्रेनी ड्रोन गिरने से भारी तबाही हुई. ड्रोन गिरते ही वेयरहाउस में आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरे आसमान में काले धुएं का विशाल गुबार छा गया. रूस के 'अमेजन' कहे जाने वाले वाइल्डबेरीज के गोदामों पर यूक्रेनी सेना लगातार हमले कर रही है. जुलाई के मध्य से लेकर अब तक इस कंपनी के करीब 20 वेयरहाउस पर हमले हो चुके हैं, जिससे रूस की लॉजिस्टिक्स सप्लाई चेन पर गहरा असर पड़ा है.
822 ड्रोन नष्ट करने का रूसी रक्षा मंत्रालय का दावा
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उसने रात भर में 822 यूक्रेनी ड्रोन्स को नष्ट कर दिया. मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने बताया कि लगभग 600 ड्रोन राजधानी की तरफ बढ़ रहे थे, जिनमें से एक-तिहाई को मॉस्को क्षेत्र के ऊपर ही ढेर कर दिया गया. गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव के अनुसार, अकेले मॉस्को इलाके में 187 ड्रोन मार गिराए गए. हमलों के कारण दोमोदेदोवो में एक दवा गोदाम और वोस्क्रेसेन्स्क की एक औद्योगिक इकाई में भी आग लग गई. इसके अलावा एक घर पर ड्रोन गिरने से 83 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई.
रोस्तोव में 5 की मौत और रूस का पलटवार
यूक्रेनी हमलों का असर रूस के दक्षिण-पश्चिमी क्षेत्र रोस्तोव में भी दिखा, जहां 150 से अधिक ड्रोनों के हमले में 5 लोगों की मौत हो गई. वहीं दूसरी तरफ, रूस ने भी यूक्रेन के कीव, क्रेमेनचुक और क्रिवी रिह पर मिसाइलों और ड्रोनों से भीषण पलटवार किया. यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के अनुसार, रूसी मिसाइल हमलों में कई नागरिक मारे गए और घायल हुए हैं. रूस ने क्रेमेनचुक ऑयल रिफाइनरी और आर्सेलरमित्तल के स्टील प्लांट को निशाना बनाया, जिससे वहां उत्पादन ठप हो गया.
Also read : Indonesia earthquake death toll: 51 पहुंचा मौत का आंकड़ा, मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए