ट्रंप ने पाकिस्तान-सऊदी-तुर्किये के रक्षा समझौते को बताया ‘बड़ा कदम’, भारत के लिए क्या हैं इसके मायने?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फोटो पीटीआई)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते की सराहना की है. यह समझौता तीनों देशों की सामूहिक सुरक्षा को मजबूत करेगा. भारत इस क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरण के रणनीतिक प्रभावों पर बारीकी से नजर रख रहा है.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच हुए मक्का संयुक्त रक्षा समझौते को ‘बड़ा, साहसिक और महत्वपूर्ण कदम’ बताया है. बता दें कि तीनों देशों ने 7 अगस्त को मक्का में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए थे. इसके तहत तीनों में से किसी एक पर सशस्त्र हमला होने पर सभी पर हमला माना जाएगा.
ट्रंप के बयान से संकेत मिलता है कि अमेरिका इस नए क्षेत्रीय सुरक्षा समीकरण को फिलहाल सकारात्मक नजर से देख रहा है. ट्रंप ने कहा कि इससे तीनों देश अपनी रक्षा अधिक प्रभावी तरीके से कर सकेंगे.
भारत भी इस पर रख रहा है नजर
अब इस समझौते का असर सिर्फ पश्चिम एशिया तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि भारत भी इसके रणनीतिक प्रभावों पर नजर रख रहा है. विदेश मंत्रालय ने कहा है कि भारत समझौते के राष्ट्रीय सुरक्षा और क्षेत्रीय स्थिरता पर पड़ने वाले असर का आकलन कर रहा है.
ये भी पढ़ें: नेपाल दौरे पर पहुंचे सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ, सीमा सुरक्षा और रक्षा सहयोग पर होगी चर्चा
सिर्फ सैनिक नहीं, हथियार और टेक्नोलॉजी में भी सहयोग
तुर्किये के मुताबिक तीनों देश जमीन, समुद्र, हवा और साइबर क्षेत्र में संयुक्त सैन्य अभ्यास बढ़ाने के साथ ड्रोन, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर और AI जैसी तकनीकों में सहयोग कर सकते हैं. रक्षा क्षेत्र में संयुक्त उत्पादन और तकनीक साझा करने की भी योजना है.
भारत के लिए सबसे अहम क्यों है पाकिस्तान?
इस समझौते में पाकिस्तान की मौजूदगी भारत के लिए सबसे महत्वपूर्ण पहलू है. इस समझौते से पाकिस्तान के सऊदी अरब और तुर्किये के साथ रक्षा संबंधों को और संस्थागत रूप मिलने की संभावना है. भारत के लिए यह सवाल अहम होगा कि भविष्य में भारत-पाकिस्तान तनाव की स्थिति में इस समझौते की व्यावहारिक भूमिका क्या रहती है.
ये भी पढ़ें: ट्रंप की ईरान पॉलिसी से बेचैन हैं खाड़ी के देश, रणनीति पर उठे सवाल तो व्हाइट हाउस ने दिया जवाब
हालांकि, इसे अभी भारत के खिलाफ बना सैन्य गठबंधन कहना सही नहीं होगा. समझौते का आधिकारिक उद्देश्य तीनों देशों की सामूहिक सुरक्षा और किसी बाहरी हमले से निपटने की क्षमता बढ़ाना है. समझौते की व्यावहारिक सैन्य प्रतिबद्धताओं का पूरा विवरण भी अभी सामने नहीं आया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By दीपक कुमार गुप्ता
दीपक कुमार गुप्ता 'प्रभात खबर डिजिटल' में कंटेंट राइटर हैं. इससे पहले वे 'ईटीवी भारत' में करीब ढाई साल तक कार्यरत रहे. इन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है. 2021 से वे पत्रकारिता से जुड़े हैं और इस दौरान 'न्यूज प्लस', 'अंतर्कथा विजन न्यूज' और 'पब्लिक ऐप' के साथ भी काम कर चुके हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









