लीबिया में ड्रोन अटैक से तेल रिफाइनरी में भीषण आग, कार बम विस्फोट में सैन्य खुफिया प्रमुख की मौत
लीबिया में ड्रोन अटैक से तेल रिफाइनरी में भीषण आग. फोटो- सोशल मीडिया
लीबिया में एक बार फिर सुरक्षा संकट गहरा गया है. पश्चिमी लीबिया की जाविया तेल रिफाइनरी पर ड्रोन से हमला कर 45 लाख लीटर ईंधन वाले टैंक में आग लगा दी गई. वहीं, बेंगाजी में कार बम विस्फोट में सैन्य खुफिया प्रमुख की मौत हो गई.
लीबिया में एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़ा हो गया है. पश्चिमी लीबिया में राजधानी त्रिपोली के पास जाविया तेल रिफाइनरी पर ड्रोन हमला किया गया. हमले के बाद पेट्रोल भंडारण टैंक में भीषण आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए दमकलकर्मी मंगलवार (11 अगस्त ) को भी लगातार जुटे रहे. इसी बीच पूर्वी लीबिया के बेंगाजी शहर में कार बम विस्फोट में सैन्य खुफिया प्रमुख की मौत हो गई.
45 लाख लीटर ईंधन से भरे टैंक में लगी आग
सरकार द्वारा संचालित नेशनल ऑयल कॉरपोरेशन के मुताबिक, सोमवार को जाविया रिफाइनरी में एक पेट्रोल भंडारण टैंक को ड्रोन से निशाना बनाया गया. यह रिफाइनरी राजधानी त्रिपोली से करीब 47 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है. जिस टैंक पर हमला हुआ, उसमें करीब 45 लाख लीटर ईंधन भरा हुआ था. आग की गंभीरता को देखते हुए रिफाइनरी में आपातकाल घोषित कर दिया गया.
रिफाइनरी में लगी आग पर काबू पाने की कोशिश के दौरान एक अन्य ड्रोन पास के तेल टैंक के करीब गिरा. हालांकि, इससे किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ. स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि जाविया में हुए ड्रोन हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
बेंगाजी में कार बम से सैन्य अधिकारी की मौत
इसी बीच पूर्वी लीबिया के बेंगाजी शहर में भी हमला हुआ. खलीफा हफ्तर के नेतृत्व वाली लीबियाई नेशनल आर्मी के सैन्य खुफिया प्रमुख मेजर जनरल फौजी अल-मंसूरी की कार को एक विस्फोटक वाहन ने टक्कर मार दी. इसके बाद हुए जोरदार विस्फोट में उनकी मौत हो गई.
किसी संगठन ने नहीं ली हमलों की जिम्मेदारी
जाविया और बेंगाजी में हुए दोनों हमलों की जिम्मेदारी अभी तक किसी भी संगठन ने नहीं ली है। इन घटनाओं ने तेल से समृद्ध लीबिया में जारी अस्थिरता और कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को एक बार फिर उजागर कर दिया है.
2011 के बाद से गहराता रहा लीबिया का संकट
लीबिया साल 2011 में मुअम्मर कज्जाफी के पतन के बाद से राजनीतिक और सैन्य संघर्ष से जूझ रहा है. देश पूर्व और पश्चिम के प्रतिद्वंद्वी प्रशासन तथा अलग-अलग सशस्त्र गुटों में बंटा हुआ है. ताजा हमलों ने एक बार फिर लीबिया की नाजुक सुरक्षा स्थिति की ओर दुनिया का ध्यान खींचा है.
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के पास ओमान की खाड़ी में कंटेनर शिप पर मिसाइल अटैक! होर्मुज के करीब हमले से मचा हड़कंप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सत्येन्द्र गिरि
सत्येन्द्र गिरि प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. यहां वे मुख्य रूप से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय विषयों से जुड़ी खबरों का लेखन करते हैं. सरल, तथ्यात्मक और पाठक-केंद्रित लेखन उनकी प्रमुख पहचान है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से मास्टर ऑफ आर्ट्स इन मास कम्युनिकेशन (बैच 2023–25) की डिग्री प्राप्त की है.
पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान उन्होंने समाचार लेखन, डिजिटल मीडिया, रिपोर्टिंग और समसामयिक विषयों की गहन समझ विकसित की. पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके पास एक वर्ष का पेशेवर अनुभव है. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला के गोरखपुर एडिशन से की, जहां समाचार लेखन और रिपोर्टिंग की बारीकियों को नजदीक से सीखने और समझने का अवसर मिला. इसके बाद उन्होंने डिजिटल पत्रकारिता में कदम रखते हुए प्रभात खबर डिजिटल से जुड़कर देश-विदेश की महत्वपूर्ण खबरों को पाठकों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया.
सत्येन्द्र की विशेष रुचि इतिहास, अंतरराष्ट्रीय संबंध, राजनीति, कूटनीति और समसामयिक घटनाक्रम से जुड़े विषयों में है. वे जटिल और गंभीर मुद्दों को भी सरल, संतुलित और विश्वसनीय तरीके से प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं. राष्ट्रीय और वैश्विक घटनाओं पर उनकी गहरी नजर रहती है तथा वे तथ्यपरक और निष्पक्ष पत्रकारिता को अपनी कार्यशैली का आधार मानते हैं. वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के निवासी हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










