कराची में पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय पर आत्मघाती हमला, 4 जवानों की मौत; घंटों चली मुठभेड़

Updated:
विज्ञापन

कराची में हुए हमले की सांकेतिक तस्वीर. फोटो- एआई जेनरेटेड.

Karachi Attack Pakistan: पाकिस्तान के कराची में पाकिस्तान रेंजर्स मुख्यालय पर आत्मघाती हमला हुआ. हमले में 4 रेंजर्स जवानों की मौत हुई, जबकि 6 आतंकी भी मारे गए हैं. हमलावरों के साथ घंटों मुठभेड़ चली. इस हमले की जिम्मेदारी जमात-उल-अहरार ने ली है.

विज्ञापन

Karachi Attack Pakistan: पाकिस्तान के सबसे बड़े शहर कराची शनिवार को एक बड़े हमले से दहल उठा. यहां एक आत्मघाती हमलावर ने शनिवार रात करीब 8.30 बजे विस्फोटकों से भरे वाहन को पाकिस्तान रेंजर्स के प्रांतीय मुख्यालय के गेट से भिड़ा दिया. इसके बाद सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच लगभग 90 मिनट तक भीषण मुठभेड़ चली. पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, इस हमले में कम से कम 3 पाकिस्तान रेंजर्स कर्मियों की मौत हो गई. वहीं स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गोलीबारी में कम से कम 6 हमलावर भी मारे गए हैं, वहीं एक को हिरासत में लिया गया है. हालांकि, अधिकारियों की ओर से अभी तक अंतिम आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है.

यूनिवर्सिटी रोड के पास हुआ हमला

यह हमला कराची के गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में यूनिवर्सिटी रोड के पास हुआ. यह क्षेत्र कई विश्वविद्यालयों और पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय के करीब है. प्रत्यक्षदर्शियों और मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, शुरुआती धमाके के बाद इलाके में भारी गोलीबारी शुरू हो गई, जो कई घंटों तक जारी रही. सूचना मिलते ही पुलिस, रेंजर्स, बम निरोधक दस्ते और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया.

स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट (SSU) कमांडो, एंटी टेररिस्ट फोर्स (ATF) और रेंजर्स के जवानों ने मिलकर इलाके को सील कर दिया. सिंध पुलिस प्रमुख जावेद आलम ओधो के मुताबिक, हमले के बाद ‘मॉपिंग-अप ऑपरेशन’ यानी इलाके में बचे हुए आतंकियों की तलाश और सुरक्षा जांच अभियान चलाया गया. ओधो ने समाचार पत्र डॉन को बताया कि आतंकियों ने अपने वाहन को रेंजर्स मुख्यालय के मुख्य गेट से टकरा दिया. शुरुआती समय में यह स्पष्ट नहीं हो पाया था कि वाहन टकराने के बाद विस्फोट भी हुआ था या नहीं.

जमात-उल-अहरार से जुड़े गुट ने ली जिम्मेदारी

अल जजीरा की रिपोर्ट के अनुसार, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) यानी पाकिस्तानी तालिबान से अलग हुए संगठन जमात-उल-अहरार से जुड़े एक गुट ने शनिवार देर रात हमले की जिम्मेदारी ली. इस संगठन ने दावा किया कि हमले में उसके नौ आतंकियों ने हिस्सा लिया था. यह उग्रवादी गुट मुख्य रूप से पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में सक्रिय है, जो अफगानिस्तान की सीमा से लगता है. हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने अभी तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

सुरक्षा बलों ने संभाला मोर्चा

हमले के बाद पाकिस्तान रेंजर्स ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की. इसके अलावा पुलिस, स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट (SSU), एंटी टेररिस्ट फोर्स (ATF), बम निरोधक दस्ते और बचाव टीमें भी मौके पर पहुंचीं. इंटरनेशनल न्यूज एजेंसी के पत्रकारों ने घटनास्थल पर लगातार गोलीबारी की आवाजें सुनीं और मोसामियात चौक के आसपास भारी हथियारों से लैस सुरक्षा कर्मियों की तैनाती देखी. सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने तत्काल जांच के आदेश दिए और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

अस्पताल पहुंचाया गया घायल जवान

पुलिस सर्जन सुमैया सैयद ने डॉन को बताया कि एक घायल अर्धसैनिक जवान को अस्पताल लाया गया था. उसके पैर में गोली लगी थी. इससे पहले रेस्क्यू 1122 सिंध ने बताया था कि उसे गुलिस्तान-ए-जौहर ब्लॉक-5 के पास धमाके की सूचना मिली थी. इसके बाद केंद्रीय कमांड और कंट्रोल सेंटर से तुरंत बचाव दलों को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया.

ये भी पढ़ें:- ईरान के 10 ठिकानों पर अमेरिका की भीषण बमबारी, ट्रंप बोले- जरूरत पड़ी तो इस्लामिक रिपब्लिक खत्म कर देंगे

कराची में फिर बढ़ी सुरक्षा चिंता

कराची पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी है. पिछले एक दशक में यहां कई बड़े आतंकी हमले हो चुके हैं, हालांकि हाल के वर्षों में हिंसा में काफी कमी आई थी. यह अक्तूबर 2024 के बाद पहला बड़ा अटैक है, जब प्रतिबंधित बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी द्वारा किए गए आत्मघाती बम विस्फोट में कराची हवाई अड्डे के पास दो चीनी इंजीनियर मारे गए थे. इस हमले के बाद शहर में सुरक्षा को लेकर चिंता फिर बढ़ गई है. अधिकारी लंबे समय से कराची में सक्रिय आतंकी नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं.

पाकिस्तान में बढ़ रहे आतंकी हमले

यह हमला ऐसे समय हुआ है जब पाकिस्तान में पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों को निशाना बनाकर किए जाने वाले आतंकी हमलों में बढ़ोतरी देखी गई है. पाकिस्तानी अधिकारी इन हमलों के लिए अक्सर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और उससे जुड़े संगठनों को जिम्मेदार ठहराते रहे हैं. टीटीपी अफगानिस्तान के तालिबान से अलग संगठन है, हालांकि दोनों समूहों के बीच संबंध होने की बात कही जाती है.

विज्ञापन
Anant Narayan Shukla

लेखक के बारे में

By Anant Narayan Shukla

अनन्त नारायण शुक्ल प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट क्रिएटर के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब दो वर्षों का अनुभव है. वर्तमान में उनका मुख्य फोकस राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मामलों, वैश्विक भू-राजनीति (ग्लोबल जियोपॉलिटिक्स), रक्षा नीति, कूटनीति और विश्व राजनीति से जुड़े विषयों पर है. वे दुनिया भर में घट रही महत्वपूर्ण घटनाओं को गहरी रिसर्च और तथ्यात्मक विश्लेषण के साथ पाठकों तक पहुंचाने का काम करते हैं. अनन्त मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय संघर्ष, वैश्विक सुरक्षा, रक्षा रणनीतियों, विदेश नीति, भारत के पड़ोसी देशों से जुड़े घटनाक्रम और विश्व स्तर पर भारत की भूमिका जैसे विषयों को कवर करते हैं. इजरायल-ईरान संघर्ष, अमेरिका की विदेश नीति, परमाणु सुरक्षा, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के हालात, नेपाल-चीन सीमा से जुड़े मुद्दे और वैश्विक कूटनीतिक घटनाक्रम पर उनकी विशेष पकड़ है. इसके अलावा वे अंतरराष्ट्रीय आपदाओं, विदेशों में बसे भारतीयों और वैश्विक स्तर पर भारत के बढ़ते प्रभाव से जुड़ी खबरों पर भी नियमित रूप से लिखते हैं. इतिहास, राजनीति और विज्ञान में उनकी गहरी रुचि रही है, जिसने उन्हें वैश्विक मामलों और अंतरराष्ट्रीय पत्रकारिता की ओर प्रेरित किया. यही वजह है कि उनके लेखों में विषय की गहराई, एक्सपर्ट्स की राय के साथ उनके कमेंट्स, तथ्यों की सटीकता और व्यापक संदर्भ देखने को मिलता है. बदलते वैश्विक परिदृश्य पर उनकी पैनी नजर रहती है, जिससे वे पाठकों तक समय पर विश्वसनीय और विश्लेषणात्मक जानकारी पहुंचाते हैं. अनन्त को राष्ट्रीय राजनीति की भी समझ है. उन्होंने दिल्ली विधान सभा चुनाव 2025 और देश के अन्य चुनावों को कवर किया है. चुनाव के काउंटिंग डे को कवर करने का भी उनके पास काफी अनुभव है. इसके साथ ही वह कभी-कभी नेशनल डेस्क भी संभालते हैं, जिसमें देश भर में जनता से जुड़े जरूरी सामाजिक मुद्दे, न्यायिक खबरों और अपराध की खबरों को भी कवर करते हैं. इसके अलावा उन्हें रोचक जानकारियों को क्यूरेट करने का भी शौक है. इसमें लाइफस्टाइल, ऐतिहासिक और पुरातात्विक जानकारी के साथ ही दुनिया भर के साम्राज्यों के बारे में खबरें करते हैं. उत्तर प्रदेश की कालीन नगरी- भदोही जिले के रहने वाले अनन्त ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की है. उन्होंने 2024 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत प्रभात खबर में खेल पत्रकार के रूप में की थी, जहां उन्होंने करीब एक वर्ष तक क्रिकेट और अन्य खेलों से जुड़ी खबरों को कवर किया. बाद में अपनी रुचि और विशेषज्ञता के चलते उन्होंने अंतरराष्ट्रीय डेस्क का रुख किया और आज वैश्विक राजनीति व भू-राजनीति के प्रमुख विषयों पर लेखन कर रहे हैं. तथ्यों की पुष्टि और सटीक जानकारी को वे अपनी पत्रकारिता का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं. उनका प्रयास रहता है कि पाठकों को विश्व घटनाक्रम की भरोसेमंद, संतुलित और गहन जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध हो, ताकि वे वैश्विक मुद्दों को बेहतर ढंग से समझ सकें.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola