चर्च में प्रार्थना के दौरान नाइजीरिया में चरमपंथी हमला, 99 की मौत

Published at :28 Jan 2014 10:22 AM (IST)
विज्ञापन
चर्च में प्रार्थना के दौरान नाइजीरिया में चरमपंथी हमला, 99 की मौत

माइदुगुरी (नाइजीरिया) : नाइजीरिया के पूर्वोत्तर में एक चर्च में प्रार्थना के दौरान तथा एक गांव पर संदिग्ध इस्लामी चरमपंथियों के हमले में कम से कम 99 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोटकों और आग्नेयास्त्रों से किए गए इस हमले में सैकड़ों मकान नष्ट हो गए. बोरनो और एडामावा […]

विज्ञापन

माइदुगुरी (नाइजीरिया) : नाइजीरिया के पूर्वोत्तर में एक चर्च में प्रार्थना के दौरान तथा एक गांव पर संदिग्ध इस्लामी चरमपंथियों के हमले में कम से कम 99 लोगों की मौत हो गई. अधिकारियों और प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विस्फोटकों और आग्नेयास्त्रों से किए गए इस हमले में सैकड़ों मकान नष्ट हो गए.

बोरनो और एडामावा राज्यों में अब तक के इन हमलों में सर्वाधिक लोगों की मौत हुई है. नाइजीरिया के तीन राज्यों में चरमपंथ पर अंकुश लगाने के लिए बीते 8 माह से आपातकाल लागू है और उग्रवादी इसका लगातार उल्लंघन कर रहे हैं.

एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि उग्रवादियों ने रविवार की रात कावुरी गांव में भीड़ भरे साप्ताहिक बाजार के समीप पहला हमला किया और फिर गांव में कई जगह विस्फोटकों से हमले किए. इन हमलों में 52 लोग मारे गए और करीब 300 मकानों सहित पूरा गांव तबाह हो गया. उसने बताया कि दो विस्फोटक कल सुबह फटे. तब सुरक्षाकर्मी कावुरी में शव एकत्र कर रहे थे. विस्फोट में ये सुरक्षा कर्मी बाल बाल बच गए.

अधिकारी ने हमलों के लिए बोको हराम के उग्रवादियों पर संदेह जताया. घायलों को अस्पताल पहुंचा रहे एक पुलिस अधिकारी ने कम से कम 52 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की और बताया कि 16 लोग घायल हो गए हैं.बोरनो की राजधानी माइदुगुरी से 70 किमी दूर स्थित कावुरी गांव से अपना मकान छोड़ कर भागे एरी कोलोमी ने बताया कोई मकान नहीं बचा. उसने बताया कि हथियार, विस्फोटक और बंदूक लिए 50 से अधिक चरमपंथियों ने हमला किया था. कोलोमी अपने परिजन की तलाश कर रहा है.

राज्य के पुलिस आयुक्त लवान तानको ने हमले की पुष्टि की लेकिन कहा कि वह हताहतों के ब्योरे का इंतजार कर रहे हैं. बोरनो के दक्षिण में स्थित एडामावा राज्य में भी संदिग्ध उग्रवादियों ने रविवार को वाडा चकवा गांव में एक चर्च पर हमला किया. प्रार्थना के दौरान बंदूकों से किए गए इस हमले के बाद उन्होंने विस्फोटकों में विस्फोट भी किया और कई लोगों को बंधक बना लिया.

योला के कैथोलिक डायोसी के प्रवक्ता रेमंड डैनबॉय ने बताया कि हमले में मारे गए करीब दो दर्जन लोगों को कल दफनाया गया. स्थानीय प्रमुख माइना उलारामू ने बताया कि प्रशासन को 45 शव मिले हैं जिनमें दो शव पुलिस अधिकारियों के हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola