रासायनिक हथियारों के उपयोग के पीछे असद प्रशासन
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 16 Jul 2013 1:34 PM
वाशिंगटन : पिछले साल सीरिया में हुए जनविद्रोह के दौरान वहां के विपक्ष के द्वारा रासायनिक हथियारों का उपयोग किए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए व्हाईट हाउस ने कहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल असद प्रशासन द्वारा किए जाने की संभावना अधिक है. व्हाईट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्ने ने कल […]
वाशिंगटन : पिछले साल सीरिया में हुए जनविद्रोह के दौरान वहां के विपक्ष के द्वारा रासायनिक हथियारों का उपयोग किए जाने के आरोपों को खारिज करते हुए व्हाईट हाउस ने कहा है कि इन हथियारों का इस्तेमाल असद प्रशासन द्वारा किए जाने की संभावना अधिक है.
व्हाईट हाउस के प्रेस सचिव जे कार्ने ने कल कहा कि विपक्ष द्वारा रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल किए जाने के आरोपों पर अमेरिका को भरोसा नहीं है.
अपने दैनिक संवाददाता सम्मेलन में कार्ने ने कहा, ‘‘मैं पहले भी कई बार कह चुका हूं कि हमें इस बात पर भारी संशय है कि विपक्ष रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता था या उसने किया था. हमने पाया है कि सीरिया में जो भी रासायनिक हथियार इस्तेमाल किए गए, उनके पीछे असद प्रशासन का हाथ होने की संभावना अधिक थी. आज भी हम इस बात पर कायम हैं.’’ अमेरिका और उसके अंतरराष्ट्रीय सहयोगी सीरिया में रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की जांच कर रहे हैं.
कार्ने ने कहा, ‘‘यह जरुरी है कि रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के सबूत जुटाने के लिए हम अपने सहयोगियों और विपक्ष के साथ मिलकर काम जारी रखें.’’ उन्होंने कहा, ‘‘विपक्ष को मदद उपलब्ध कराने के लिए हम अपने सहयोगियों और विपक्ष के साथ काम कर रहे हैं.’’ उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका ने विपक्ष को दी जाने वाली मदद में पर्याप्त वृद्धि भी की है.
कार्ने ने कहा, ‘‘हम असद प्रशासन से अपील करते हैं कि वह किसी भी जांच की चुनौती वाली अपनी बात पर कायम रहे और जांच होने दे. लेकिन हम अकेले संयुक्त राष्ट्र के कदम की प्रतीक्षा नहीं कर रहे.’’ उन्होंने कहा ‘‘रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल के सबूतों को हम दूसरे माध्यमों से जुटाने की कोशिश कर रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि इन हथियारों का इस्तेमाल कब और किसके द्वारा हुआ था और इस इस्तेमाल के पूर्ण परिणाम क्या हैं. लेकिन इस काम में अभी थोड़ा समय लगेगा.’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे पास उपलब्ध खुफिया आकलन बहुत कीमती और महत्वपूर्ण हैं इसलिए हमने कुछ सीनेटरों को लिखे जवाबी पत्र में इस सूचना को सार्वजनिक कर दिया.’’ उन्होंने कहा कि रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध हैं और जब भी इन हथियारों का इस्तेमाल होता है तो अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन होता है.
इसी बीच विदेश मंत्रलय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा कि रासायनिक हथियारों का कथित इस्तेमाल विपक्ष द्वारा किए जाने की संभावना बहुत कम है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










